यूपी में कोरोना संक्रमण अब खत्म होने की ओर बढ़ रहा है। प्रदेश में बीते 24 घंटे में सिर्फ 90 संक्रमित ही मिले हैं। प्रदेश में अब सिर्फ 1428 कोरोना के सक्रिय मामले हैं। इस तरह आबादी के हिसाब से देश का सबसे बड़ा राज्य होने के बावजूद कुल सक्रिय मामलों में उत्तर प्रदेश देश में 19वें नंबर पर है।
यूपी के अलावा, महाराष्ट्र में 1,11,622, केरल में 1,11,578, कर्नाटक में 34,881 तमिलनाडु में 31,819, आंध प्रदेश में 27,195, उड़ीसा में 21,683, असम में 20,941, पश्चिम बंगाल में 14,531, तेलंगाना में 10,148, मणिपुर में 7,520, मिजोरम में 4,787, छत्तीसगढ़ में 4,517, त्रिपुरा में 4,245, मेघालय में 4,110, अरुणाचल प्रदेश में 3,918, जम्मू कश्मीर में 2,709, सिक्किम में 2,225 और गोवा में 1,770 कुल सक्रिय मामले हैं।
बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश है दिया कि टीबी के सक्रिय मरीज, डेंगू, फाइलेरिया, मलेरिया और इंसेफेलाइटिस आदि से ग्रसित मरीजों की पहचान और उपचार के लिए "घर-घर पर दस्तक अभियान" प्रारम्भ हो चुका है। 25 जुलाई तक आयोजित इस अभियान के दौरान लोगों को स्वच्छता, सैनीटाइजेशन, पोषण युक्त भोजन आदि की महत्ता के प्रति जागरूक किया जाए। नियमित टीकाकरण सत्रों में दो साल तक के बच्चों को जेई का टीका लगाया जाए। अभियान के संपन्न होने के उपरांत 26 जुलाई से "आयुष्मान भारत" योजनांतर्गत गोल्डन कार्ड बनाये जाने के लिए विशेष अभियान संचालित किया जाए।