ऊषा सिंह बनी रहेंगी जिला पंचायत अध्यक्ष
सुल्तानपुर। जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ आए अविश्वास प्रस्ताव को हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया है। 23 अप्रैल को अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए बुलाई गई बैठक का कोरम पूरा नहीं होने की रिपोर्ट पर हाईकोर्ट ने ये फैसला दिया है। प्रस्ताव खारिज होने से ऊषा सिंह जिला पंचायत अध्यक्ष बनी रहेंगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा सिंह के खिलाफ जिला पंचायत सदस्य यशभद्र सिंह ने 24 मार्च को अविश्वास प्रस्ताव का पत्र डीएम को दिया था। इस पर दोनों पक्ष हाईकोर्ट गए थे। हाईकोर्ट ने इस पर चर्चा कराने व रिपोर्ट अदालत में प्रस्तुत करने का आदेश दिया था।
23 अप्रैल को चर्चा के लिए बुलाई गई बैठक में जिला पंचायत का कोरम पूरा नहीं हो सका था। इसके चलते अपर जिला जज उत्कर्ष चतुर्वेदी ने बैठक स्थगित कर दी थी। उन्होंने इसकी रिपोर्ट हाईकोर्ट को भेज दी थी। बुधवार को सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने अविश्वास प्रस्ताव खारिज कर दिया।
हाईकोर्ट के इस फैसले से ऊषा सिंह जिला पंचायत अध्यक्ष बनी रहेंगी। अपर मुख्य अधिकारी राम निहोर ने बताया कि, हाईकोर्ट ने अविश्वास प्रस्ताव खारिज कर दिया है। आदेश अभी पहुंचा नहीं है।