उत्तर प्रदेश में हर नए दिन के साथ कोविड महामारी पर नियंत्रण की स्थिति और बेहतर होती जा रही है। जनपद अलीगढ़, चित्रकूट, हाथरस, कासगंज, महोबा, श्रावस्ती में अब कोविड का एक भी मरीज शेष नहीं है। यह जनपद आज कोविड संक्रमण से मुक्त हैं। वर्तमान में 34 जिले ऐसे हैं, जहां कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या इकाई अंक में है, जबकि 33 जनपदों में दहाई अंक में एक्टिव केस शेष हैं।
यह स्थिति संतोषजनक है। विगत दिवस 40 जिलों में संक्रमण का एक भी नया केस नहीं पाया गया, जबकि 34 जनपदों में इकाई अंक में मरीज पाए गए। केवल लखनऊ जनपद में ही दहाई अंक में कोविड संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई। इस स्थिति को और बेहतर बनाने के लिए ट्रेस, टेस्ट और ट्रीट के मंत्र के अनुरूप सभी जरूरी प्रबंध किए जाएं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ टीम-9 के साथ कोरोना की स्थिति पर चर्चा कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि एग्रेसिव ट्रेसिंग, टेस्टिंग और त्वरित ट्रीटमेंट के मंत्र से अच्छे परिणाम मिल रहे हैं। विगत 24 घंटे में 02 लाख 63 हजार 450 कोविड सैम्पल की जांच की गई और 81 नए मरीजों की पुष्टि हुई, जबकि 106 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुए। इस अवधि में पॉजिटिविटी दर 0.04% रही। वर्तमान में 1,310 एक्टिव केस हैं। 1,114 लोग होम आइसोलेशन में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। प्रदेश में कोरोना की रिकवरी दर 98.6% है। अब तक 16 लाख 83 हजार 700 से अधिक प्रदेशवासी कोरोना संक्रमण से मुक्त होकर स्वस्थ हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण की नियंत्रित स्थिति के बीच सतर्कता बनाए रखने की जरूरत है। ऐसा देखा जा रहा है कि हाई पॉजिटिविटी रेट वाले कुछ राज्यों से ट्रेन, हवाई जहाज और बस आदि से समूह में उत्तर प्रदेश आ रहे लोग कोविड पॉजिटिव पाए जा रहे हैं। अधिक कोविड पॉजिटिविटी दर वाले राज्यों से उत्तर प्रदेश आने वाले लोगों की गहन कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग और टेस्टिंग की जाए। उनके लिए नेगेटिव आरटीपीसीआर रिपोर्ट की अनिवार्यता पर विचार हो। इस संबंध में व्यापक एसओपी जारी कर दिए जाएं।