लखनऊ के महानगर स्थित राजकीय अभिलेखागार के 76वें स्थापना दिवस पर प्रदर्शनी लगाई गई है। इसमें अंग्रेजों द्वारा बेगम हजरत महल की 750 एकड़ जमीन जब्त करने के दस्तावेज दर्शाए गए हैं। अंग्रेज गवर्नर को टेलीग्राम से बेगम हजरत महल के नेपाल जाने की सूचना भी दी गई थी।
राजधानी लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश राजकीय अभिलेखागार में आज भी महफूज कई दस्तावेज 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान घटी घटनाओं की तस्दीक करते हैं। यहां ऐसा ही एक दस्तावेज 1858 का मौजूद है। इसमें बेगम हजरत महल की संपत्ति की जब्ती का विवरण दर्ज है। इसके अनुसार अंग्रेजों ने बेगम की 750 एकड़ जमीन और 1600 रुपये की जब्ती का आदेश दिया था।
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश राजकीय अभिलेखागार 76वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस अवसर पर महानगर स्थित अभिलेखागार में शुक्रवार से प्रदर्शनी भी शुरू हुई है। इसमें कई ऐतिहासिक दस्तावेज दर्शाए गए हैं। 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में अवध की बेगम हजरत महल ने अंग्रेजों को मुंहतोड़ जवाब दिया था।
अंग्रेज गवर्नर जनरल को कानपुर से टेलीग्राम भेजा गया था
25 फरवरी 1858 को कमांडर इन चीफ की ओर से अंग्रेज गवर्नर जनरल को कानपुर से टेलीग्राम भेजा गया था। इसमें आलमबाग में जनरल आउट्रम की सेना पर क्रांतिकारियों के आक्रमण की बात कही गई है। टेलीग्राम में लिखा है कि इस आक्रमण का नेतृत्व हाथी पर बैठकर खुद बेगम हजरत महल कर रहीं थीं।
अंग्रेजों के आक्रमण का भी जिक्र
अभिलेखागार में प्राविधिक सहायक इतिहास के पद पर कार्यरत अमिताभ पांडेय ने बताया कि प्रदर्शनी में प्रदर्शित एक और टेलीग्राम में बेगम के महल पर अंग्रेजों के आक्रमण का जिक्र है। 12 मार्च 1858 को भेजे गए टेलीग्राम में बताया गया कि अफसर आउट्रम के नेतृत्व में अंग्रेज सेना ने बेगम के महल पर जबरदस्त आक्रमण किया। यहां मौजूद एक और टेलीग्राम से इसकी भी पुष्टि होती है कि अवध की क्रांति को विफल कर दिया गया है। बेगम हजरत महल सहयोगियों के साथ नेपाल जा चुकी हैं।
जायदाद को जब्त करने का आदेश अंग्रेजों ने जारी किया था
यह टेलीग्राम उस समय लखनऊ के चीफ कमिश्नर की ओर से लेफ्टिनेंट गवर्नर पंजाब को भेजा गया था। अभिलेखागार में आर्काइव का काम देख रहे संतोष कुमार यादव ने बताया कि लखनऊ में क्रांतिकारियों की संपत्ति की जांच संबंधी रजिस्टर में उल्लेख है कि बेगम की मोहंदीनगर में स्थित जायदाद को जब्त करने का आदेश अंग्रेजों ने जारी किया था। संतोष ने बताया कि आज इस संपत्ति की कीमत कई हजार करोड़ में है।