उत्तर प्रदेश अधीनस्थ कर्मचारी चयन आयोग
- फोटो : amar ujala
राजधानी लखनऊ में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षा में रविवार को 70 फीसदी परीक्षार्थियों ने उपस्थिति दर्ज कराई।
सुबह 11 बजे से 12 बजे के बीच हुई परीक्षा के लिए राजधानी में एक लाख 509 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनके लिए 165 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इनमें से करीब 70 हजार परीक्षार्थी ही उपस्थित हुए। परीक्षार्थियों ने पेपर सामान्य होने की बात कही। परीक्षा में 80 सवाल पूछे गए थे। इसमें से 40 हिंदी तथा सामान्य अध्ययन और तर्कशक्ति के 20-20 सवाल थे।
परीक्षार्थियों के अनुसार हिंदी का भाग आसान रहा। इसमें संधि, मुहावरे, अलंकार, पर्यायवाची शब्द पर आधारित सवाल पूछे गए। दूसरी ओर सामान्य अध्ययन और तर्कशक्ति के सवाल कठिन रहे। सामान्य अध्ययन में करंट अफेयर्स के सवालों की भरमार थी तो तर्कशक्ति में सवाल काफी घुमाकर पूछे गए। सवाल को समझने में ही परीक्षार्थियों को काफी समय लगा।