बहराइच। जिला अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड में शुक्रवार बर्थ एक्स्पीसिया से पीड़ित दो नवजातों ने दम तोड़ दिया। वहीं बुखार व डायरिया से पीड़ित 22 और रोगी भर्ती हुए हैं। इनमें तीन रोगियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें पीआईसीयू में भर्ती किया गया है।
तराई में पड़ रही भीषण गर्मी से मासूम बीमारियों की चपेट में आने लगे हैं। जिला अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड में प्रतिदिन 300 से 400 मासूमों की ओपीडी चिकित्सकों द्वारा की जा रही है। रामगांव थाना अंतर्गत नौवनपुरवा गांव निवासी मोहम्मद अली की पत्नी ननकई ने शुक्रवार सुबह बेटी को जन्म दिया।
जन्म के कुछ देर बाद ही उसकी हालत बिगड़ गई। इस पर उसे चिल्ड्रेन वार्ड के पीआईसीयू में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। लेकिन इलाज शुरू होते ही नवजात ने दम तोड़ दिया। कैसरगंज के हरहामोड़ गांव निवासी सोनू की पत्नी शिल्पी के एक दिन के पुत्र की भी दोपहर में इलाज के दौरान मौत हो गई।