केजीएमयू में अब 50 मरीज बिना पंजीयन देखे जाएंगे।
- फोटो : ??? ?????
केजीएमयू की ओपीडी की व्यवस्था में सोमवार से बदलाव किया गया है। अब हर सुपर स्पेशियलिटी वाले विभागों में बिना पंजीयन 50 नए मरीज देखे जाएंगे।
इसी तरह फॉलोअप वाले मरीजों को पुराने पर्चे पर ही देखा जा सकेगा। इस नई व्यवस्था से केजीएमयू में करीब चार हजार से अधिक मरीज देखे गए।
केजीएमयू में अभी तक ओपीडी में सिर्फ ऑनलाइन पंजीयन वाले मरीजों को ही देखा जा रहा था। शासन से मिले निर्देश के बाद रविवार को इस व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
तय किया गया कि फॉलोअप वाले मरीजों के पर्चे संबंधित विभाग की ओपीडी में ही बनेंगे। यदि किसी मरीज ने ऑनलाइन पंजीयन नहीं कराया है तो ओपीडी में ऑफलाइन पंजीयन कर पर्चा बनाया जाएगा।
फॉलोअप वाले किसी भी मरीज को लौटाया नहीं जाएगा। इसी तरह नए मरीजों को भी ओपीडी में देखा जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से पर्चे बनाए जा सकेंगे।
लेकिन सुपर स्पेशियलिटी वाले विभागों में ऑफ लाइन पर्चे अभी 50 ही बनाए जाएंगे। कैंसर, डायलिसिस से संबंधित ओपीडी और क्वीन मेरी की ओपीडी पहले की तरह चलती रहेगी।
सीएमएस प्रो. एसएन शंखवार ने बताया कि सोमवार को आने वाले सभी मरीजों का इलाज किया गया। जो मास्क नहीं लगाए थे, उन्हें गेट पर रोक कर मास्क अनिवार्य रूप से लगाने का निर्देश दिया गया। उन्होंने अपील की है कि हर हाल में मास्क लगाएं। अस्पताल में संक्रमण अधिक रहता है।