फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एलयूः एलएलबी पेपर लीक मामले में नहीं की कार्रवाई, परीक्षा निरस्त होने से छात्रों में आक्रोश

Sat, 04 Jan 2020 03:45 PM IST
ishwar ashish न्यूज डेस्क/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
विज्ञापन
लखनऊ विश्वविद्यालय प्रशासन ने शुचिता का हवाला देते हुए एलएलबी थ्री ईयर के तृतीय सेमेस्टर की पूरी परीक्षा निरस्त कर दी है। मगर विवि प्रशासन के इस फैसले से और भी कई सवाल उठ रहे हैं। इससे छात्रों में खासा आक्रोश है।
विज्ञापन


उनका कहना है कि विवि प्रशासन ने अगर पेपर लीक मानते हुए परीक्षा निरस्त की है तो फिर इसके दोषियों पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई। विवि प्रशासन के इस फैसले से सिर्फ विद्यार्थी ही परेशान होेंगे। जबकि वास्तव में इसके लिए जो दोषी हैं, उन पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

लविवि में 11 दिसंबर को वाट्सएप पर ऑडियो वायरल हुआ था। इस ऑडियो में एक महिला परीक्षार्थी ऋचा मिश्रा को मोबाइल पर एलएलबी थ्री ईयर के तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा में आने वाले सवाल बताए जा रहे थे। ऑडियो में विवि के विधि संकाय के शिक्षकों के साथ ही पूर्व कार्यवाहक कुलपति शैलेश कुमार शुक्ला की आवाज होने की बात कही जा रही है।
विज्ञापन


इस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एसटीएफ की जांच बैठाई थी। एसटीएफ ने अपनी जांच पूरी करके रिपोर्ट शासन को सौंप दी है। लविवि ने भी आंतरिक जांच समिति बनाकर मामले की जांच कराई है। समिति ने भी अपनी रिपोर्ट सौंप दी।

समिति का सुझाव- बाहर से भी तैयार कराएं प्रश्नपत्र

इसके बाद विवि प्रशासन ने पूर्व में हो चुकी परीक्षा निरस्त कर दी है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर यह मान लिया गया है कि ऑडियो लीक होने के बाद परीक्षा की शुचिता प्रभावित हुई है तो फिर इसका खामियाजा सिर्फ परीक्षार्थी ही क्यों भुगत रहे हैं। अभी तक विवि प्रशासन ने इस मामले के एक भी आरोपी से सवाल-जवाब तक नहीं किया है। पेपर लीक की सूचना आने पर शिक्षकों के निलंबन का दावा भी किया गया था, यह दावा भी अभी हवा में ही है।

आंतरिक जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट के साथ ही लविवि प्रशासन को परीक्षा के कामकाज के लिए कई सुझाव भी दिए हैं। इनमें प्रश्नपत्र सेटिंग में लविवि के साथ ही अन्य विश्वविद्यालयों को शामिल करने के लिए कहा गया है।

इसके अलावा पेपर की सेटिंग और मॉडरेशन समिति की जानकारी सिर्फ परीक्षा नियंत्रक  को ही होने की व्यवस्था की बात कही गई है। आंतरिक जांच समिति के सुझाव के अनुसार उत्तर पुस्तिकाएं जांचने के लिए भी बाहरी शिक्षकों की व्यवस्था होनी चाहिए।

देखें- नया परीक्षा कार्यक्रम

विज्ञापन

एलएलबी थ्री इयर्स- तृतीय सेमेस्टर का कार्यक्रम



परीक्षा समिति ने लगाई मुहर
आंतरिक जांच समिति ने पेपर लीक होने की बात पूरी तरह से नहीं मानी है, लेकिन परीक्षा की शुचिता को ध्यान में रखते हुए नये सिरे से पेपर कराने के लिए कहा है। परीक्षा समिति ने इस पर अपनी मुहर लगा दी है। परीक्षा का नया कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।
-डॉ. अंजनी कुमार मिश्रा, परीक्षा नियंत्रक, लविवि
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें