हर घर जल योजना में 38 हजार नए गांव जुड़ेंगे। इस योजना से वर्ष 2022 तक लोगों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। योजना के तहत नए गावों के लिए डीपीआर बनाने के काम में और तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
यह गांव बुंदेलखंड/विंध्य क्षेत्रों के हैं। नमामि गंगे के तहत आने वाली इस योजना में दो चरणों में बुंदेलखंड/विंध्य क्षेत्रों में घर-घर नल से पानी पहुंचाया जा रहा है।
प्रमुख सचिव नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति अनुराग श्रीवास्तव के अनुसार बुंदेलखंड क्षेत्र के झांसी, महोबा, ललितपुर, जालौन, हमीरपुर, बांदा व चित्रकूट के कुल 4,513 राजस्व ग्रामों में से 891 राजस्व ग्राम पाइप पेयजल योजनाओं से पहले से जुड़े हैं।
शेष 07 जिलों के 3,622 राजस्व ग्रामों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए 479 भूमिगत व सतही स्रोत पर आधारित योजनाएं हैं। इससे लगभग 67 लाख लोग लाभान्वित होंगे। इन योजनाओं पर 10,322.42 करोड़ रुपये के खर्च होने की संभावना है।