नए साल में परिवहन निगम के बेड़े में 3350 नई बसें शामिल होंगी। इनमें साधारण एवं एसी बसें भी हैं। प्रबंध निदेशक डॉ. राजशेखर ने बताया कि जनता को कम किराए में आरामदायक सफर मुहैया कराने के लिए ये सभी बसें महज 15 माह में निगम के बेड़े में शामिल होकर सेवाएं मुहैया कराएंगी। इनमें 350 जनता एसी जनरथ, 1850 साधारण सेवा, 1000 अनुबंधित साधारण एवं एसी और 150 सुपर लग्जरी वॉल्वो व स्कैनिया बसें शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इन बसों के शामिल होने का सिलसिला नए साल जनवरी से शुरू होगा और 31 मार्च 2021 तक चलता रहेगा। यानी 15 माह में ये 3350 बसें सड़कों दौड़ने लगेंगी। प्रबंध निदेशक के मुताबिक प्राविधिक इकाई ने 1431 साधारण सेवा की एसी बसों को सूचीबद्ध किया है जिनका संचालन किमी और उम्र पूरी हो चुकी। ये बसें सुरक्षा की दृष्टि से संचालन के लिए योग्य नहीं है, इनकी नीलामी की जाएगी।
शहर से जुड़ेंगे गांव
परिवहन निगम ने जो नई बसें खरीदने एवं अनुबंध पर लेने की कार्य योजना बनाई है उससे सुदीरवर्ती गांव सीधे जिला मुख्यालयों से जुड़ेंगे। लखनऊ, गाजियाबाद, वाराणसी, प्रयागराज, मेरठ से पड़ोसी राज्यों का भी सीधा कनेक्शन आसान होगा। इन बसों के चलने से यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी।