पूरे प्रदेश में दिनभर सर्द हवाएं चलने से शीतलहर का प्रकोप जारी है। बाराबंकी के मोहम्मदपुर खाला निवासी किसान रामकिशोर (58) की में ठंड से मौत होने की आशंका जताई गई है। बस्ती, महराजगंज, सिद्धार्थनगर में एक-एक लोगों की जान चली गई। वहीं मिर्जापुर में 2 जबकि वाराणसी और गाजीपुर में ठंड से एक-एक की मौत हो गई।
कानपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 4 डिग्री लुढ़ककर 12.6 व न्यूनतम 3 डिग्री लुढ़ककर 8.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह इस सीजन का सबसे कम तापमान है। शहर में इस सीजन में पहली बार चार घंटे के भीतर 7 मरीजों ने कार्डियोलॉजी अस्पताल पहुंचने के पहले ही दम तोड़ दिया। ठंड से सांस के 3 मरीजों की जान चली गई।
इसी तरह घाटमपुर क्षेत्र में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि कानपुर देहात में एक ने ठंड से जान गंवाई। बुंदेलखंड के बांदा जिले में 2 जबकि हमीरपुर जनपद में 3 लोगों की जान चली गई। महोबा, औरैया और कन्नौज में 1-1 की मौत ठंड से हुई। उन्नाव जिले के पाटन में एक बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया।