कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण में तेजी लाने के लिए स्वास्थ्य विभाग अब 24 वैक्सीन वैन चलाएगा। केयर संस्था के सहयोग से ये वैन शहरी और ग्रामीण इलाकों में दौड़ेंगी। वैन जहां पहुंचेंगी, वहां मौके पर पंजीकरण कर टीका लगाया जाएगा। इसके लिए आधार कार्ड लेकर आना होगा।
राजधानी में टीकाकरण का लक्ष्य जल्द पूरा करने के लिए सरकारी अस्पतालों के साथ सरकारी व निजी संस्थानों में कैंप लगाए जा रहे हैं। स्टेडियम, गुरुद्वारों व मंदिरों में भी टीकाकरण हो रहा है। हालांकि, ग्रामीण इलाकों में टीकाकरण का प्रतिशत अब भी अधिक नहीं है।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एमके सिंह ने बताया कि गांवों में टीकाकरण का प्रतिशत बढ़ाने के लिए वैक्सीन वैन चलाई जाएंगी। इसमें लोगों को घर के पास ही टीका लगवाने की सुविधा मिलेगी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक वैन का रूटचार्ट तैयार करेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों का टीकाकरण हो सके। वैन रोजाना अलग स्थान पर पहुंचेगी।