राजधानी लखनऊ सोमवार को एक अनूठे आयोजन की गवाह बनी। शहर के आशियाना स्थित कांशीराम स्मृति उपवन में अलग-अलग स्कूलों के करीब 23 हजार बच्चों ने लोकसभा चुनाव के अंतर्गत लखनऊ में 6 मई को होने वाले मतदान के लिए बड़ों को प्रेरित करने की शपथ ली, साथ ही खुद भी 18 साल का होने पर मतदान करने का संकल्प लिया।
'लखनऊ वोट 6 मई' कार्यक्रम का आयोजन 'अमर उजाला' ने अपने सामाजिक सरोकारों की मुहिम को आगे बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन के सहयोग से किया। इस मौके पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी वेंकटेश्वर लू, लखनऊ के जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी मनीष बंसल, डीआईओएस मुकेश कुमार सिंह व पर्वतारोही पद्मश्री अरुणिमा सिन्हा मौजूद रहीं। बच्चों ने कार्यक्रम को यादगार बनाते हुए अलग-अलग रंगों की टोपियां पहनकर तिरंगे झंडे का विहंगम दृश्य प्रस्तुत किया।
बच्चों ने शपथ लेते हुए मतदान के लिए अपनी जान पहचान के कम से कम पांच लोगों को मतदान केंद्र तक ले जाने की शपथ ली। उन्हें जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने शपथ दिलाई।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि हमारे महापुरुषों ने संविधान बनाकर हमें वोट करने का अधिकार दिया, जिससे कि हम इस देश को सही दिशा में ले जा सकें। इसलिए हमें समझना चाहिए हमारा वोट बेशकीमती है। उन्होंने कहा कि जिस तरह खेत में अच्छी फसल पैदा करने के लिए समझदार किसान खेतों से खरपतवार की सफाई करते हैं वैसे ही हम जागरूकता से अपने देश के लोकतंत्र को मजबूत कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि लोगों में अच्छाई भी होती है बुराई भी। जैसे कि एक खेत में बबूल भी उगते हैं और अच्छी फसलें भी। ये तो उन किसानों पर निर्भर है कि वह खेत की देखभाल कैसे करते हैं। इसी तरह हमें भी अच्छे नागरिक बनकर अपनी जिम्मेदारियों को समझना चाहिए। जिससे कि हमारा देश आगे बढ़े।
आपको बता दें कि अमर उजाला लंबे समय से #Votekro अभियान को चला रहा है, मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है, मतदाताओं से अपील है कि लोकतंत्र के इस महापर्व में ज्यादा से ज्यादा संख्या में हिस्सा लें और वोट करें। अमर उजाला के इस अभियान की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी प्रशंसा कर चुके हैं।