लखनऊ। भारतीय सेना के जवानों की बहादुरी, समर्पण और सेवा को सम्मान देने के लिए मध्य कमान की ओर से उत्तर भारत क्षेत्र मुख्यालय बरेली में 16 फरवरी को सैन्य अलंकरण सम्मान समारोह होगा। इसके लिए 23 नामोंं का चयन किया गया है, जिसमें सैन्य अफसर समेत विभिन्न क्षेत्रों के जवान भी शामिल हैं।
मध्य कमान की ओर से प्रेस रिलीज जारी कर बताया गया कि सेंट्रल कमांड के मुखिया व पीवीएसएम, यूवाईएसएम, एवीएसएम, वाईएसएम लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेन गुप्ता कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इसके तहत लेफ्टिनेंट कर्नल नितिन कुमार सिंह एसएम को बार टू सेना मेडल, लेफ्टिनेंट कर्नल विवेक कुमार सिंह, मेजर तुफैल अहमद, मेजर गोविंद सिंह, मेजर पुष्पिंदर सिंह वर्मा, मेजर रामसागर पांडे, मेजर जयदीप सिंह रावत, कैप्टन विमान्यु त्यागी, सूबेदार हरवीर सिंह, हवलदार सुदेश कुमार, नायक लोकेंद्र शर्मा, कार्यवाहक लांस दफेदार राजेश कुमार उमरे, पैराट्रूपर सुशील को सेना पदक से नवाजा जाएगा। वहीं, प्रतिष्ठित पुरस्कार श्रेणी में एसएम व वीएसएम मेजर जनरल डीएस बिष्ट को बार टू विशिष्ट सेवा पदक और मेजर जनरल मनोज नटराजन एससी, मेजर जनरल एस मुरुगेसन, मेजर जनरल विकास भारद्वाज, ब्रिगेडियर एसएस कुशवाहा, कर्नल टीपीएस हुंदल को विशिष्ट सेवा पदक से नवाजा जाएगा। इसके अलावा एसएम, वीएसएम मेजर जनरल एसके शर्मा को बार टू सेना मेडल और मेजर जनरल आशीष शाह, कर्नल रोहित कुमार सिंह, लेफ्टिनेंट कर्नल योगेंद्र सिंह को सेना पदक से नवाजा जाएगा।