लखनऊ। शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर जानकीपुरम की जानकी विहार कॉलोनी निवासी दिव्याकर सिंह से जालसाजों ने 16.25 लाख रुपये ठग लिए। इसके अलावा विभूतिखंड निवासी आरती प्रजापति से स्टॉक मार्केट में निवेश के नाम पर जालसाजों ने 5.73 लाख रुपये ऐंठ लिए। दोनों ही पीड़ितों ने तीन जनवरी को साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज कराया है।
दिव्याकर के अनुसार 11 सितंबर को उनको स्टाॅक स्ट्रैटजी एक्सचेंज ग्रुप ए- 15 नाम के ग्रुप से जोड़ा गया। स्टाॅक मार्केट में निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने की बात कही गई। कुछ रुपये निवेश करने पर मुनाफे के साथ रकम लौटाई गई। इसके बाद जालसाजों ने कई बारे में 16.25 लाख रुपये निवेश करवा लिए। जब रकम निकालने की कोशिश की तो उनसे और रुपयों की मांग की गई।
मूलरूप से प्रयागराज के आदमपुर निवासी आरती प्रजापति विभूतिखंड की कस्टम्स एंड सेंट्रल एक्साइज कॉलोनी में रहती हैं। कुछ वक्त पहले उनको बी-6 बुल स्टॉक स्टडी नाम के ग्रुप से जोड़ा गया और कई बार में 5.73 लाख रुपये निवेश कराकर ठग लिए गए।