जेहटा पुलिस चौकी के पास सराफ की दुकान में चोरी
लखनऊ। दुबग्गा के जेहटा चौराहे के पास सोमवार देर रात दो बजे लक्ष्मी नारायण ज्वैलर्स की दुकान का शटर तोड़कर चार नकाबपोश चोर जेवरात चोरी कर ले गए। पुलिस दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद चोरों की तलाश में लगी है।
घटना से स्थानीय दुकानदारों में आक्रोश है। आरोप है कि दुकान से 50 मीटर दूर चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों को घटना की भनक तक नहीं लगी। दुकान में काम करने वाले युवक ने बताया कि चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी को कॉल की गई, पर पुलिस वालों ने फोन नहीं उठाया। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी गई। दस मिनट में डायल-100 तो पहुंच गई, पर एक घंटे बाद इंस्पेक्टर और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
मलिहाबाद के मिर्जागंज निवासी युवराज वर्मा ने छह माह पहले माल रोड जेहटा चौराहे पर दुकान खोली थी। उनके मुताबिक सोमवार रात वह दुकान बंद कर घर चले गए। मंगलवार सुबह टहलने निकले एक परिचित ने दुकान का शटर टूटा देखकर उनको सूचना दी थी। एसीपी शकील अहमद ने बताया कि फुटेज कब्जे में लेकर पुलिस की टीम चोरों की तलाश कर रही है।
30 मिनट तक खंगाली दुकान, फुटेज में कैद चार चोर
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो चार चोरों की करतूत कैमरे में दिखी। तीन चोर दुकान के अंदर घुसे थे और एक चोर बाहर निगरानी कर रहा था। चोर आधे घंटे तक दुकान में थे।