एयरपोर्ट से जब्त सोने के बिस्कुट
- फोटो : अमर उजाला
अमौसी एयरपोर्ट पर शुक्रवार को इमिग्रेशन कार्यालय के शौचालय से सोने के 22 बिस्कुट बरामद किए गए। यह बिस्कुट काले पाउच में फ्लश टैंक में छिपाए गए थे। इन बिस्कुटों की कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। यह इस वर्ष का सबसे बड़ा मामला है।
आयुक्त सीमाशुल्क वीपी शुक्ल ने बताया कि शुक्रवार को मुखबिरों से मामले की सूचना मिली थी। इसके बाद असिस्टेंट कमिश्नर अजित कुमार किसपोटा सहित पीयूष पांडेय, ज्योतिर्भा सिंह, अतुल कुमार, नीलम सिन्हा व कुमार गौतम ने आगमन हाल में बने आव्रजन कार्यालय के शौचालय की छानबीन की।
उपायुक्त निहारिका लाखा ने बताया कि पुरुष शौचालय की जांच की गई तो फ्लश टैंक में एक काले पाउच में सोने के बिस्कुट मिले, जिन पर काला सेलो टेप लगा था। जब उसे खोला गया तो सुइस दस तोला फाइन गोल्ड लिखा था। सोने के कुल 22 बिस्कुट बरामद किए गए, जिनका वजन 2,560 ग्राम है। इनकी कुल कीमत 1,01,36,016 रुपये है।