गोंडा। 51 किलोमीटर लंबी जिले की 14 सड़कों के गड्ढे भरने के लिए शासन ने सड़क निर्माण की कुल लागत 41 करोड़ के सापेक्ष पहली किस्त के तौर पर पीडब्ल्यूडी को पांच करोड़ रुपये दिए हैं। इन रुपयों से सभी 14 सड़कों का निर्माण कार्य प्रारंभिक तौर पर शुरू कराने का निर्देश शासन से दिया जा चुका है। वहीं, इस बारे में लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता डीके कुरील का कहना है कि टेंडरिंग प्रक्रिया जल्द पूरी करके सड़कों का निर्माण कार्य वह चालू करा देंगे।
वित्तीय वर्ष 2017-18 के आखिरी मार्च में शासन ने जिले की जिन 14 सड़कों का काम सेंक्शन किया है, उसमें अधिकतर सड़कें ग्रामीण क्षेत्र के अंतर्गत आती हैं। जिनका प्रस्ताव कई महीने पहले मुख्य अभियंता स्तर से स्वीकृत कराकर कार्यालय प्रमुख अभियंता पीडब्ल्यूडी को भेजा गया था। जबकि कुछ सड़कों के लिए मुख्य विकास अधिकारी ने शासन को पत्र लिखकर उनका निर्माण कराए जाने की डिमांड की थी। जिसके मद्देनजर शासन ने लैबुड़वा से बौनापुर डेढ़ किलोमीटर, कमलापुर विशुनपुर मोड़ से कुंवरपुर अमरही होते हुए गौरवाखुद संपर्क मार्ग ढाई किलोमीटर, हडिय़ागाड़ा पुलिया से अड़घरवा होते हुए हरसिंहपुर मार्ग दो तक दो किलोमीटर, परसपुर बेलसर मार्ग पक्के कुआं से सुखराम तिवारीपुरवा होते हुए जरौली पूरबपट्टी, कोरियनटोला होते हुए बेलसर संपर्क मार्ग चार किलोमीटर, पसका संपर्क मार्ग से मुगही गांव होते हुए चरसड़ी बंधा रैंप तक सवा चार किलोमीटर संपर्क मार्ग का निर्माण कराए कराए जाने की अनुमति प्रदान की है। जबकि इसके अलावा पतिसा से भटनईया, भरसड़ा, पाठकपुरवा, सोनहरा होते हुए सवा 4 किलोमीटर पक्की सड़क, मैजापुर रेलवे स्टेशन से मैजापुर चीनीमिल तक तीन किलोमीटर संपर्क मार्ग, मछली गांव मनकापुर मार्ग रामजानकी मंदिर से भाले सुल्तापुर, बारीपुरवा, अशरफपुर, दूबेपुरवा होते हुए चार किलोमीटर संपर्क मार्ग, छपिया गौरा मार्ग से तांबेपुरवा होते हुए टीकर तक साढ़े चार किलोमीटर संपर्क मार्ग, ग्राम पंचायत भैरमपुर से बालपुर कटरा रोड, कलहंसपुरवा, महेशपुरवा, जगतीपुरवा वाया गोंदहा गांव से बरुई प्राथमिक विद्यालय तक सवा चार किलोमीटर सडक़, गुरसड़ा मार्ग से बाछिलपुरवा, वैशनपुरवा होते हुए चार किलमीटर गुरसड़ी मार्ग, गोडा-कटरा मार्ग से अहिरनपुरवा, भैंसहा होते हुए साढ़े पांच किलोमीटर चयपुरवा सम्पर्क मार्ग, गोंडा-उतरौला मार्ग के दाएं तरफ नहर पट्टी से होते हुए जलालपुर, बरवामाफी, गड़वलिया, मूड़ाडीह चार किलोमीटर संपर्क मार्ग व खैरा में मालगोदाम से बनीनगर खैरा खास विभोर होते हुए हरिनारायनपुरवा, इमरतीविसेन, पाठपुरवा होते हुए पांच किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग का काम कराने की स्वीकृति दी गई है।
मनकापुर में 132 लाख से बनकर तैयार होंगे आवासीय भवन
तहसील मनकापुर में वर्ष 2016-17 से निर्माणाधीन आवासीय भवनों का बचा हुआ काम जल्द से जल्द पूरा कराए जाने के लिए शासन ने इसकी बची हुई आखिरी किस्त 132 लाख रुपये रिलीज कर दी है, जिससे आवासीय भवनों का काम पूरा कराया जाएगा। तहसील परिसर में बन रहे आवासीय भवन की कुल लागत 264 लाख रुपये थी, जिसकी पहली किस्त 132 लाख रुपये वर्ष 2016-17 में ही मिल गई थी। जबकि बचे हुए 132 लाख रुपये हाल में शासन से मिले हैं। जिनसे मनकापुर में बन रहे आवासीय भवनों का काम पूरा कराया जाएगा। जबकि राजस्व परिषद की ओर से तहसील करनैलगंज में स्वीकृत टाइप टू के आवास व बाउंड्रीवाल के लिए शासन ने 11 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है, जिसका काम पीडब्ल्यूडी कराएगा।