महराजगंज तराई (बलरामपुर)। तुलसीपुर ब्लॉक के कंदैला गांव में संचालित गन्ना तौल केंद्र बंद होने पर किसानों ने गुरुवार को मिल प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया। दो दिनों से तौल ठप होने से केंद्र पर वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। तौल केंद्र तत्काल शुरू न होने पर गन्ना किसानों ने उग्र आंदोलन किए जाने की चेतावनी दी है। गन्ना किसानों ने मिल प्रबंधन पर डीएम के फरमान का मखौल उड़ाने का आरोप लगाया है।
तुलसीपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत कंदौला में संचालित गन्ना क्रय केंद्र पर गुरुवार को महमूद खान, बैतुल्ला, आजाद खान, राजाराम, अब्दुल रहीम, महावीर आदि ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि खेतों में गन्ना खड़ा है। डीएम ने सभी मिल प्रबंधनों को निर्देश दिया है कि जब तक किसानों का गन्ना पूरी तरह से खत्म न हो जाए तब तक मिल व तौल केंद्र बंद नहीं किए जाएंगे। मिल व तौल केंद्र बंद किए जाने से पहले प्रबंधन को व्यापक प्रचार-प्रसार कराना होगा। प्रचार-प्रसार के बाद तौल केंद्र पर गन्ना न आने की स्थिति में ही बंद किया जाएगा। डीएम के इस फरमान का शुगर कंपनी तुलसीपुर के गन्ना क्रय केंद्र कंदैला के कर्मचारी मखौल उड़ा रहे हैं। दो दिनों से तौल केंद्र बंद है। रात में मिल कर्मचारी आए और कांटा व मशीन लेेकर चंपत हो गए। सुबह होने पर किसानों को जानकारी हुई। तौल केंद्र पर 55 से 60 की संख्या में बैलगाड़ी वाहन गन्ना भरे खड़े हैं। गन्ना सीडीओ नीरज श्रीवास्तव ने बताया कि तौल केंद्र बंद होने की उन्हें कोई जानकारी नहीं है। सभी गन्ना क्रय केंद्रों पर तौल सुचारु रूप से किया जा रहा है। मामला संज्ञान में आने पर डीएम कृष्णा करुणेश ने नाराजगी जताई है तथा निर्देश दिया है कि यदि क्षेत्र से गन्ना खत्म हुए बिना मिल व तौल केंद्र बंद किया जाएगा तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।