राजधानी लखनऊ में बुधवार को डेंगू के 18 मरीज मिले। इसमें कई मरीज सरकारी अस्पतालों में भर्ती हैं। सीएमओ डॉ. मनोज ने बताया कि इंदिरानगर, अलीगंज, आलमबाग, टूड़ियागंज और सिल्वर जुबली क्षेत्र में 18 डेंगू मरीज मिले हैं। 3888 घरों के सर्वेक्षण में से 27 में मच्छरजनित स्थितियां पाए जाने पर नोटिस जारी किया गया।
इसी तरह सीतापुर जिले में वायरल बुखार के साथ अब डेंगू का भी प्रकोप बढ़ रहा है। डेंगू की चपेट में आकर एक किशोरी की मौत हो गई। सात बच्चे बुखार के चलते जिला अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड में भर्ती कराए गए है। शहर के सिविल लाइन निवासी आर्या चौधरी (14) को बुखार आने पर परिजनों ने प्राइवेट चिकित्सकों को दिखाया। उसके बाद प्राइवेट में जांच करवाई, जिसमें डेंगू की पुष्टि हुई। इलाज के बाद जब फायदा नहीं हुआ तो बुधवार को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां पर चिकित्सकों ने आर्या की गंभीर हालत बताई।
इस पर परिजन लखनऊ लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड में बुखार से परेशान सात बच्चे और भर्ती कराए गए है। इनमें एलिया के सोनू (1), रामकोट हरिहरपुर के आयुष (7), जितौरा महोली के रजनीश (5), लहरपुर के इमरान (3), शाह महोली गद्दीपुर के ऋषि (1), महमूदपुर कोतवाली देहात की शिखा (3), पिपरीकलां निवासी लक्ष्मी (2) को तेज बुखार के चलते भर्ती कराया गया है।