अमेठी जिले में बृहस्पतिवार की सुबह बाजार शुकुल थाना क्षेत्र के पूरे पासिन मजरे हुसेनपुर निवासी दो युवकों पर पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के सर्विस रोड के फुटपाथ पर सोते समय ग्रेडर मशीन चढ़ने से मौत हो गई जबकि एक युवक बुरी तरह घायल हो गया।
लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर चोटिल युवक को इलाज के लिए भेज दिया है। बाजार शुकुल थाना क्षेत्र के पूरे पासिन मजरे हुसेनपुर गांव निवासी कुलदीप (16) व रामचंद्र (35) की बृहस्पतिवार को सुबह लगभग 3:30 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के सर्विस रोड फुटपाथ पर सोते समय ग्रेडर मशीन के कुचलने से मौत हो गई। जबकि साथ में सो रहे एक साथी संजीत (उम्र लगभग 12 वर्ष) को भी काफी चोटें आई हैं।
लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने चोटिल संजीत को इलाज के लिए जगदीशपुर के प्राइवेट हॉस्पिटल भेज दिया है जहां से स्थिति नाजुक देख चिकित्सकों ने लखनऊ के लिए रेफर कर दिया है। दोनों मृतकों की लाश को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कुलदीप के बड़े भाई चश्मदीद प्रदीप ने बताया कि हम अपने गांव के संजीत (12) व संगम (14) दोनों सगे भाई तथा धीरज (12) व रामचंद्र (35) मृतक कुलदीप (16) सहित 6 लोग नाले से मछली पकड़ कर गांव-गांव बेचकर अपना खर्चा चलाते थे। रात में हम 6 लोग फुटपाथ पर तीन लोग एक तरफ और 3 लोग दूसरी तरफ सोते थे। सुबह जब संजीत के चिल्लाने की आवाज आई तो हम लोग उठे तो देखा कि मेरा भाई कुलदीप व रामचंद्र की मौत हो चुकी थी।
जब तक हम लोग कुछ समझ पाते तब तक ग्रेडर मशीन वाला मशीन लेकर भाग गया था। उसका कहना था कि लगभग दो माह से हम लोग यही काम प्रतिदिन करते आ रहे थे। घटना की सूचना पाते ही क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना मनोज कुमार यादव भी जगदीशपुर ,कमरौली व शिवरतनगंज थाने की फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गए। लोगों को समझा-बुझाकर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।