नैमिषारण्य (सीतापुर)। धार्मिक एवं पौराणिक तीर्थ नैमिषारण्य में रविवार को हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रतिबंधित पॉलीथिन के प्रति लोगों को जागरूक किया। साथ ही उन्होंने पॉलीथिन के बजाए कपड़े के बैग को प्रयोग में लाने की अपील की।
धार्मिक नगर नैमिषारण्य तीर्थ को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त रखने के मद्देनजर हिंदू युवा वाहिनी जिला व मिश्रिख नैमिष कार्यकारिणी के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष उत्तम सिंह की अगुवाई में नैमिषारण्य तीर्थ में जागरूकता रैली निकाली। इसके जरिए कार्यकर्ताओं ने दुकानदारों व श्रद्धालुओं को पॉलीथिन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने स्वच्छ नैमिष-पॉलीथिन मुक्त नैमिष, पॉलीथिन हटाओ-नैमिष बचाओ जैसे जागरूकता संबंधी नारे लगाए। रैली में शामिल कार्यकर्ताओं ने दुकानदारों और श्रद्धालुओं को पॉलीथिन के विकल्प के रूप में कपड़े के थैले भी बांटे। साथ ही पॉलीथिन का प्रयोग न करने की अपील की। इस मौके पर संगठन के जिलाध्यक्ष उत्तम सिंह ने बताया कि नैमिष तीर्थ की तर्ज पर संगठन पूरे जनपद में लोगों को पॉलीथिन से होने वाली हानियों के प्रति जागरूक करते हुए जागरूकता रैली का सिलसिलेवार आयोजन करेगा। जिला उपाध्यक्ष विनीत सिंह ने कहा कि पॉलीथिन का प्रयोग काफी हानिकारक है। ये सेहत के लिए नुकसानदायक होने के साथ-साथ पर्यावरण के लिए भी काफी घातक होती है। इसलिए पॉलीथिन के बजाए कपड़े के बैग का इस्तेेमाल करें। रैली में महामंत्री देवेंद्र सिंह, जिला मीडिया प्रभारी सुशील शुक्ल, जिला मंत्री सुनीत पांडेय, मंडल अध्यक्ष शिवम दीक्षित, मंडल प्रभारी विवेक दीक्षित, रामनरेश दीक्षित, विशाल सिंह, कपिल सैनी आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।