विकास प्राधिकरणों में सदस्यों को नामित करने के एक दिन बाद ही सरकार ने मंगलवार को प्रदेश के 16 नगर निगमों में 160 लोगों को पार्षद नामित किया है। इनमें तकनीकी कारणों से नव गठित शाहजहांपुर नगर निगम के लिए पार्षदों को नामित नहीं किया गया है। नगर विकास विभाग ने इससे संबंधित आदेश मंगलवार को जारी कर दिया है।
नगर विकास विभाग की ओर जारी आदेश के मुताबिक लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज, कानपुर, झांसी, अलीगढ़, फिरोजाबाद, बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर, मेरठ, गाजियाबाद, मथुरा और आगरा नगर निगमों में 10-10 लोगों को बतौर पार्षद नामित किया गया है।
नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने बताया कि लखनऊ नगर निगम में अनुराग मिश्रा अन्नू, पद्मिनी चौधरी, कैलाश गुप्ता, राकेश मिश्रा, संतोष तेवतिया, शिव कुमार यादव, सुभाष शुक्ला, सर्वजीत सिंह, केके जायसवाल व प्रियंक आर्य को पार्षद नामित किया गया है।
उन्होंने कहा कि पार्षदों को नामित किए जाने से नगर निगमों में प्रजातांत्रिक व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। इसी तरह अन्य नगर निगमों में पार्षद नामित किए गए हैं।