लखनऊ। राजधानी में दो दिन से रुक-रुक कर हो रही बारिश बिजली व्यवस्था पर भारी पड़ रही है। बीते 24 घंटों के दौरान 150 से ज्यादा जगहों पर फॉल्ट हुए जिससे अलग-अलग समय में तीन लाख से ज्यादा उपभोक्ताओं की बिजली गुल रही। प्रभावित उपभोक्ताओं में से करीब 6500 ने 1912 नंबर पर शिकायत दर्ज कराई। अफसरों का दावा है कि 75 फीसदी उपभोक्ताओं की बिजली फॉल्ट आने के 10 से 20 मिनट बाद ही वैकल्पिक स्रोत से चालू करा दी गई। करीब 25 फीसदी उपभोक्ताओं को तीन से 18 घंटे तक बिजली संकट झेलना पड़ा।
उपकेंद्रों से मिली जानकारी के अनुसार ज्यादातर जगह पुराने फॉल्ट वाली जगहों पर भूमिगत केबल के जॉइंट बॉक्स में धमाका होने से 33 केवी, 11 केवी व 440 वोल्ट केबल में फॉल्ट आया। कुछ जगह ट्रांसफार्मर में फॉल्ट से भी बिजली बाधित रही। इसके अलावा बारिश के दौरान ओवरहेड 33 केवी, 11 केवी व एबीसी लाइनों पर पेड़ या टहनियों के गिरने से आपूर्ति बाधित हुई। रविवार रात से सोमवार रात फॉल्ट वाले इलाकों में जेई, एसडीओ एवं उपकेंद्र के कर्मचारियों को दौड़भाग करनी पड़ी। तारों के टूटने की घटनाएं हरियाली वाले इलाके गोमतीनगर, छावनी, मोहनलालगंज, आशियाना, सीतापुर रोड में खूब हुईं।
एक से पांच घंटे तक यहां गुल रही बिजली
न्यू कैम्पस उपकेंद्र के मिर्जापुर, सुंदर विहार, शांती रेजिडेंट, पिंक सिटी, तिवारीपुर, इंद्रपुरी, सीतापुर रोड, भिटौली, न्याय विहार, अहलदपुर, कमलाबाद बधौली, फैजुल्लागंज के अन्ना मार्केट, नौबस्ता खुर्द, गायत्रीनगर, दाउदनगर, अहिबरनपुर के ब्रह्मनगर, पक्कापुल, खदरा, शिवनगर, निरालानगर, रेजीडेंसी के गोलागंज, हैदरमिर्जा रोड, मकबरा, तिकोना पार्क चिकमंडी, निशात हाॅस्पिटल, मशकगंज, मछली मोहाल, मुर्गखाना, नूरबाड़ी के हाता नूरबेग, पुराना चबूतरा, राजाजीपुरम के ई व एफ ब्लॉक मार्केट, बाथम चौराहा, हनुमान सेतु के हिंदी भवन, कबीरनगर उपकेंद्र के कांशीराम कॉलोनी क्षेत्र, मोहनलालगंज ओल्ड के उतरेटिया, धनुवासाड़, मेमोरा, सिसेंडी, फतेहाबाद, माल के पूरे क्षेत्र में, दुबग्गा के हरदोई रोड, बसंतगंज, आईआईएम रोड, कमता के आदर्श विहार, नवाब एन्क्लेव, गंगा विहार, एल्डिको कॉलोनी, गोमतीनगर विस्तार सेक्टर एक के पटेलपुरम, सुलभ आवास, कावेरी अपार्टमेंट, अलकनंदा, पार्क व्यू, राप्ती अपार्टमेंट, गोमतीनगर के विभूतिखंड, विशेषखंड, उच्च न्यायालय के पास, विशालखंड एक से चार, लोहिया पार्क, पासपोर्ट ऑफिस, ताज यूपी दर्शन के साथ ही इंदिरानगर, कल्याणपुर, जानकीपुरम, विकासनगर, महानगर, अलीगंज, राजाजीपुरम, चारबाग, आलमबाग, वृंदावन कॉलोनी, निलमथा, साउथ सिटी आदि इलाकों में एक से पांच घंटे तक बिजली गुल रही।
बिजली वहीं बंद रही, जहां डबल स्रोत नहीं
राजधानी के मुख्य अभियंता रजत जुनेजा, रवि कुमार अग्रवाल, वीपी सिंह व सुशील गर्ग ने संयुक्त रूप से बताया कि 33 केवी, 11 केवी, एलटी इन लाइन में फॉल्ट से आने से उपभोक्ताओं की बिजली वहीं बंद हुई, जहां पर डबल स्रोत नहीं था। ज्यादातर जगह फॉल्ट से बिजली गुल होते ही दूसरे स्रोत से आपूर्ति चालू कर दी गई।
बारिश से गिरे बिजली के खंभे।