लखनऊ। भारतेंदु नाट्य अकादमी में कई वर्षों बाद कर्मचारियों की पदोन्नतियों के बाद अब रंगमंडल में खाली सीटों के लिए कलाकारों से आवेदन मांगे गए हैं। तीन श्रेणियों में आवेदन करने की अंतिम तिथि 14 अगस्त है। साक्षात्कार 22 अगस्त को होगा।
बीएनए में वर्ष 2016 के बाद पांच कर्मचारियों की प्रोन्नति हुई है। इनमें से एक को तो 33 वर्ष बाद पहली बार प्रमोशन मिला है। प्रोन्नति का यह आदेश तीन जुलाई को जारी किया गया था। इसके बाद से बीएनए में लंबे समय से रिक्त पदों के लिए भर्तियों का रास्ता भी साफ हो गया। इसी क्रम में अब रंगमंडल के लिए भर्तियां निकाली गई हैं।
भारतेंदु नाट्य अकादमी के निदेशक बिपिन कुमार ने बताया कि अ श्रेणी के दो कलाकारों की नियुक्ति होनी है। इसके लिए आयु सीमा 25 से 45 वर्ष है। चयनितों को 39 हजार रुपये महीना मानदेय मिलेगा। स श्रेणी के लिए एक पद रिक्त है। चयनित को 25 हजार रुपये मानदेय मिलेगा। अप्रेंटिस का एक पद अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है। चयनित को 13,500 रुपये मानदेय मिलेगा। आवेदन पत्र कार्यालय या डाक से ले सकते हैं। इसके अलावा वेबसाइड www.bnalko.in से भी आवेदन पत्र डाउनलोड किया जा सकता है।
आवेदन के लिए मानक
अ व स श्रेणी के लिए आवेदन करने वालों के लिए मान्यता प्राप्त विवि से नाट्यकला में स्नातक डिग्री या रंगमंच के क्षेत्र में डिप्लोमा या डिग्री के बाद कम से कम दो वर्ष का अनुभव होना जरूरी है। अप्रेंटिस के लिए नाट्यकला में स्नातक डिग्री या डिप्लोमा के बाद एक वर्ष का अनुभव होना चाहिए।