लखनऊ। 2017 के विधानसभा चुनाव में मोहनलालगंज सीट से भाजपा का टिकट दिलाने के नाम पर आलमबाग के एक बुजुर्ग व्यक्ति से 15 लाख रुपये की ठगी का आरोप है। आरोप है कि भाजपा के गोसाईंगंज मंडल के तत्कालीन अध्यक्ष ने पार्टी फंड के नाम पर रकम ली थी। थाने पर सुनवाई न होने पर पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली तो कोर्ट के आदेश पर गोसाईंगंज पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
आलमबाग के भिलावा, चंदननगर निवासी हरिप्रकाश रावत वर्ष 2012 में सरकारी नौकरी से सेवानिवृत्त हुए थे। रिटायरमेंट के बाद वह रिश्तेदारों व परिचितों से मिलने अक्सर मोहनलालगंज जाते थे। हरिप्रकाश के मुताबिक, मोहनलालगंज में उनकी मुलाकात राजकुमार वर्मा निवासी रसूलपुर आशिकअली, गोसाईंगंज से हुई। राजकुमार उस समय भाजपा के गोसाईंगंज मंडल अध्यक्ष थे। हरिप्रकाश के मुताबिक, राजकुमार व उनके साथियों के कहने पर वर्ष 2016 में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की और पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता के तौर पर काम करने लगे। आरोप है कि राजकुमार वर्मा ने हरिप्रकाश से कहा कि मोहनलालगंज विधानसभा सुरक्षित सीट है, जहां से आपको टिकट दिला दूंगा। कहा कि पार्टी फंड में 15 लाख रुपये जमा करने होंगे।
हरिप्रकाश के मुताबिक, उन्होंने पांच लाख रुपये का चेक और दस लाख रुपये नकद राजकुमार वर्मा को दिए। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा से टिकट नहीं मिला तो हरिप्रकाश ने राजकुमार से पार्टी फंड में दी गई रकम की रसीद मांगी। इस पर वह टालमटोल करने लगे। आरोप है कि हरिप्रकाश ने पार्टी फोरम में राजकुमार की शिकायत कर दी तो वह उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने व जान से मारने की धमकी देने लगे। हरिप्रकाश ने गोसाईंगंज थाने में तहरीर दी मगर पुलिस ने रिपोर्ट नहीं दर्ज की। आईजीआरएस पोर्टल व पुलिस कमिश्नर से शिकायत पर भी सुनवाई नहीं हुई। इस पर हरिप्रकाश ने कोर्ट में प्रार्थनापत्र दिया। कोर्ट ने गोसाईंगंज पुुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना के आदेश दिए तब पुलिस ने राजकुमार वर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी, जान से मारने की धमकी देने समेत एससी/एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। इसकी विवेचना एसीपी गोसाईंगंज स्वाति चौधरी को सौंपी गई है।