जल जीवन मिशन की परियोजनाओं में घोटाले का आरोप लगाने पर खुद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए जाने से भड़के आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि सरकार उनका भले ही एनकाउंटर करा दे लेकिन जनता से जुड़े मुद्दे उठाने से वे पीछे नहीं हटेंगे। ट्विटर के माध्यम से सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि अधिकारियों द्वारा किए जा रहे घोटाले और जनता से जुड़े मुद्दे उठाने की वजह से सरकार ने मेरे खिलाफ यह 15वां मुकदमा दर्ज कराया है। लगता है सरकार मुझे गैंगेस्टर बनाना चाहती है।
उन्होंने कहा कि मेरा जुर्म सिर्फ इतना है कि मैंने राम मंदिर के नाम जमीन खरीद घोटाला, वेंटिलेटर व ऑक्सीमीटर खरीद घोटाला और जल जीवन मिशन में हुए घोटाले का खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन घोटाले में शामिल लोगों को जेल पहुंचाने तक उनका यह अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अयोध्या में जमीन खरीद घोटाला और वेंटिलेटर व ऑक्सीमीटर खरीद घोटाला करने वालों के खिलाफ मैंने प्रमाण के साथ तहरीर हजरतगंज थाने पर दी थी, पर आज तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। अलबत्ता मेरे खिलाफ लगातार मुकदमे दर्ज कराके मेरी आवाज को दबाने की कोशिश हो रही है।