मंदिर से चांदी के सिक्कों से जड़े कपाट उखाड़ ले गए चोर
बाराबंकी। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के प्राचीन हेतमापुर मंदिर में छत से रस्सी के सहारे अंदर उतर कर बेखौफ चोरों ने समाधि स्थल के चांदी के कपाट और करीब पांच सौ चांदी के सिक्के उखाड़ ले गए।
घाघरा के तट पर हेतमापुर गांव में स्थित करीब तीन सौ वर्ष पुराने बाबा नरायणदास के प्राचीन मंदिर (समाधि स्थल) में चोरों ने सोमवार की बीती रात धावा बोल दिया। मंदिर के महंत उदित नरायण के मुताबिक सोमवार शाम करीब आठ बजे वह पूजा करने के बाद मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए थे।
रात में चोर मंदिर के पीछे की ओर से छत पर चढ़ गए। इसके बाद रस्सी के सहारे मंदिर के अंदर उतर गए। वहां बाबा नरायणदास की समाधि पर लगे चांदी की परत जड़े के दरवाजे और चौखट पर लगे लगे करीब पांच सौ चांदी के सिक्के उखाड़ ले गए। मंगलवार सुबह साढ़े चार बजे जब महंत के सहयोगी केदारनाथ मंदिर खोलने पहुंचे तो चांदी के कपाट गायब थे। इसकी जानकारी सहयोगी ने महंत उदित नरायण को दी।
उन्होंने घटना की सूचना लालपुर चौकी इंचार्ज वेदप्रकाश शर्मा को दी। मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज ने जांच की। आस-पास के लोगों ने जब तलाश शुरू की तो गांव के बाहर खेत में कपाट का एक हिस्सा बगैर चांदी की परत के पड़ा मिला। मंदिर के महंत उदित नरायण ने बताया कि बाबा की समाधि के कपाट के ऊपर करीब चार किलो चांदी और एक किलो चांदी की जंजीर मय कुंडी लगी थी। जिसकी कीमत करीब तीन लाख रुपये के आस पास होगी।
मोहम्मदपुर खाला के प्रभारी थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि हेतमापुर मंदिर में चोरी की सूचना पर लालपुर पुलिस चौकी इंचार्ज को भेजा है। पुजारी की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।