गोंडा। शहर के सरकुलर रोड पर एक मैरिज हाल के सामने स्थित ट्रैक्टर एजेंसी में बुधवार देर रात आतिशबाजी से आग लग गई। आग की लपटों से एजेंसी में खड़े तीन ट्रैक्टर समेत करीब पांच सौ एसेसरीज जलकर नष्ट हो गई। आग से 50 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना पर अग्निशमन दल समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और आग बुझाई गई। जिससे आसपास के लोग आग की चपेट में आने से बच गए।
शहर के फैजाबाद रोड स्थित नबीगंज के रहने वाले डॉ. लायक अली ने बताया कि वह सरकुलर रोड पर ट्रैक्टर एजेंसी चलाते हैं। डॉ. लायक अली के मुुताबिक बुधवार देर शाम वह ट्रैक्टर एजेंसी बंद कराने के बाद अपने घर चले गए थे। ट्रैक्टर एजेंसी के सामने स्थित एक मैरिज हाल में रात में बारात आ रही थी। बारात में शामिल लोग आतिशबाजी कर रहे थे। इसी दौरान आतिशबाजी से निकली चिंगारी से उनकी ट्रैक्टर एजेंसी में आग लग गई। आसपास के लोगों ने एजेंसी में धुआं उठता देखा तो उन्हें फोन पर इसकी सूचना दी। इसके बाद जब तक वह एजेंसी पर पहुंचे, तब तक आग की लपटें विकराल रूप ले चुकी थीं। आग लगने की सूचना पर अग्निशमन दल के साथ ही अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई गई। ट्रैक्टर एजेंसी मालिक डॉ. लायक अली ने बताया कि आग से 50 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। ट्रैक्टर एजेंसी में रात में अचानक आग लगने से लोगों में हड़कंप मचा रहा।