रायबरेली। रायबरेली डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (आरडीसीए) की ओर से सोमवार को मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित अंडर-16 आयु वर्ग के जिला स्तरीय क्रिकेट ट्रायल में 231 खिलाड़ियों ने पसीना बहाया। पूरे दिन चली ट्रायल प्रक्रिया के बाद प्रतिभावान 60 खिलाड़ियों को चयनित किया गया। इन सभी को चार टीमों में बांटा जाएगा और इन टीमों के बीच मुकाबला कराया जाएगा।
ट्रायल के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए बतौर चयनकर्ता पूर्व रणजी ट्राफी खिलाड़ी उबैद कमाल, अमित पांडेय, जावेद खान, सीके वोहरा, गिरीश डोबरीयाल ने युवा खिलाड़ियों की बैटिंग, बॉलिंग, विकेट कीपिंग व फील्डिंग को परखा। चयनकर्ताओं ने दिनभर कड़ी मेहनत कर खिलाड़ियों की खेल क्षमता, खेल प्रदर्शन एवं उनकी प्रतिभा के आधार पर अति प्रतिभाशाली 60 खिलाड़ियों का चयन किया। चयनित खिलाड़ियों की वरीयता सूची बनाई गई और फिर अंडर-16 की चार टीमें बनाई गई।
चयन समिति ने निर्णय लिया कि खिलाड़ियों की अधिक संख्या होने के कारण उनकी प्रतिभा को और निखारने के लिऐ अंडर-16 की जिला क्रिकेट लीग कराई जाएगी। यह लीग 4 अप्रैल से मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में होगी। लीग मैचों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को चयनित कर उनकी अंडर-16 की जिला टीम का गठन किया जाएगा। ट्रायल में अखिलेश मिश्रा, सईद अहमद, सिविल रावत, नदीम, अभिषेक शुक्ला ने सहयोग किया। आरडीसीए के सचिव मोहम्मद फहीम ने बताया कि जिले के अंडर-19 आयु वर्ग का क्रिकेट ट्रायल 3 अप्रैल को प्रात: 8 बजे से मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में होगा।