कार्यक्रम में पुस्तक का विमोचन भी किया गया।
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के समाज कार्य विभाग में स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय शोधपीठ ने मंगलववार को समर्पण दिवस मनाया। इसमें विश्वविद्यालय के 13 शिक्षकों ने क्षय (टीबी) रोगियों को पोषण किट वितरण कर उन्हें गोद लिया। मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय ने कहा कि सभी को पं. दीनदयाल के ध्येय वाक्य अंत्योदय से सीख लेते हुए जनसाधारण की मदद करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि टीबी को समाप्त करने के लिए हमें न केवल चिकित्सा सहायता, बल्कि मानसिक और भावनात्मक समर्थन भी मरीजों को देना होगा। विभागाध्यक्ष प्रो. राकेश द्विवेदी ने क्षय रोग उन्मूलन की जानकारी दी। प्रवक्ता प्रो. दुर्गेश श्रीवास्तव ने बताया कि जिन शिक्षकों ने क्षय रोगियों को गोद लिया है, उसमें प्रो. डीके सिंह, प्रो. ओपी शुक्ल, डॉ. रणविजय सिंह, प्रो. एसपी सिंह, डॉ. राहुल पांडे, डॉ. प्रवीश प्रकाश, डॉ. अमरेन्द्र कुमार, डॉ. कमर इकबाल, डॉ. राजेश्वर यादव, डॉ. रमेश कुमार त्रिपाठी, डॉ. अंविता वर्मा, प्रो. रूपेश कुमार और डॉ. फाजिल हाशमी शामिल हैं। सभी ने भारत को टीबी मुक्त बनाने में योगदान देने की शपथ भी ली।