शासन ने झांसी जिले में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 600 से कम होने के बाद कोरोना कर्फ्यू से राहत दे दी है। इस सम्बन्ध में शासन की ओर से निर्देश जारी कर दिए गए हैं। निर्देश में 30 मई के आदेश का हवाला दिया गया है जिसमें 600 से कम सक्रिय मामले होने पर सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक शर्तों के साथ छूट दी जाएगी। इसी क्रम में ये आदेश जारी किया गया है। अब 10 जिलों में ही दिन में भी कर्फ्यू रहेगा। इसमें लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, बरेली, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फर नगर और बुलन्दशहर जिला शामिल है।
यूपी में कोरोना के हर रोज तीन लाख से ज्यादा टेस्ट के बावजूद संक्रमितों की संख्या में तेजी से कमी आ रही है। बीते 24 घंटे में प्रदेश में 3 लाख 40 हजार कोरोना टेस्ट किए गए। प्रदेश में कोरोना मरीजों की संख्या में लगातार गिरावट हो रही है। लखनऊ समेत नौ जिलों में ही 600 से अधिक एक्टिव केस हैं। बीते 24 घंटे में कोरोना के 1,264 नए मरीज मिले हैं। जबकि 108 संक्रमितों की मौत हो गई। वहीं, 4260 लोगों को स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज भी किया गया है।
प्रदेश में दैनिक मरीजों की संख्या में 24 अप्रैल को आये 38,055 मरीजों की पीक स्थिति के सापेक्ष 96.7 फीसदी की गिरावट आ चुकी है। बीते 24 घंटों में 4,260 लोग स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुए हैं। इस तरह अब तक कुल 16 लाख 41 हजार प्रदेशवासी कोरोना से मुक्त होकर स्वस्थ हो चुके हैं।
उत्तर प्रदेश पांच करोड़ कोरोना टेस्ट करने वाला देश का एकलौता राज्य है। यह प्रदेश सरकार की टेस्ट, ट्रैक और ट्रीट की नीति का ही परिणाम है कि 25 करोड़ की आबादी वाले उत्तर प्रदेश में सक्रिय मरीजों की संख्या अब 25500 ही रह गई है। इस दौरान प्रदेश में संपूर्ण लॉकडाउन नहीं लगा था और सावधानी के साथ आर्थिक सामाजिक गतिविधियां चल रही थी।
सरकार ने किसानों का रखा विशेष ध्यान
कोरोना कर्फ्यू के दौरान सरकार द्वारा पेराई सत्र 2019-20 में 35,898.85 करोड़ रुपये, 2018-19 में 33,048.06 करोड़ रुपये, 2017-18 में 35,442.14 करोड़ रुपये का भुगतान कराने के साथ-साथ पूर्व पेराई सत्रों का 10,661.09 करोड़ सहित अब तक कुल 1,36,098.79 करोड़ रुपये गन्ना मूल्य का रिकॉर्ड भुगतान कराया जा चुका है।
प्रदेश में 30 अप्रैल की पीक की स्थिति के अनुपात में बृहस्पतिवार को 91.8 फीसदी की गिरावट हुई है। अब कुल 25,546 एक्टिव केस हैं। जिलेवार स्थिति देखा जाए तो लखनऊ, वाराणसी, मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, गोरखपुर, गाजियाबाद, सहारनपुर, बुलंदशहर व बरेली में एक्टिव केस 600 से अधिक हैं। वहीं, रिकवरी दर 97.4 फीसदी हो गई है। बीते 24 घंटे में तीन लाख 40 हजार 411 लोगों की कोविड जांच की गई है। इस तरह अब तक पांच करोड़ चार लाख पांच हजार 30 लोगों की जांच की जा चुकी है। इसमें अब तक 16 लाख 95 हजार 212 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं।
27 जिलों में 10 से कम मिले कोरोना पॉजिटिव
बृहस्पतिवार को 27 जिले में 10 से कम संख्या में कोरोना संक्रमित मिले हैं। जबकि लखनऊ में 75, सहारनपुर में 66, मुजफ्फरनगर में 65, मेरठ में 55, बुलंदशहर में 44, गौतमबुद्ध नगर में 40, वाराणसी में 36, रायबरेली में 31, सुल्तानपुर में 28, अयोध्या में 27, प्रयागराज में 26, गाजियाबाद व आगरा में 25-25, गोंडा में 17, कानपुर नगर में 15, बरेली में 13, बस्ती व बहराइच में 12, सीतापुर में 9 और बलरामपुर व अंबेडकरनगर में 3-3 मरीज मिले हैं।
35 जिलों में नहीं हुई एक भी संक्रमित की मौत
प्रदेश के 35 जिलों में बृहस्पतिवार को कोरोना से एक भी मरीज की मौत नहीं हुई है। जबकि 20 जिलों में एक-एक संक्रमित की मौत हुई है। वहीं, कानपुर नगर में 10, गोरखपुर में 9, अमरोहा में 8, प्रयागराज में 7, लखनऊ, झांसी व मेरठ में 6-6, मुजफ्फरनगर व बुलंदशहर में 4-4 और गौतमबुद्ध नगर, उन्नाव व मुरादाबाद में 3-3 मरीजों की मौत हुई है।