परिवहन निगम ने कैसरबाग, चारबाग और उपनगरीय डिपो में डीजल चोरी करने वाले 34 संविदाकर्मियों पर कार्रवाई के आदेश दिए हैं। इनमें 19 संविदा ड्राइवर कैसरबाग, 12 संविदा ड्राइवर चारबाग व दो संविदा ड्राइवर, एक संविदा कंडक्टर उपनगरीय डिपो का है।
बुधवार को चारबाग डिपो के 12 संविदा ड्राइवरों को बर्खास्त करते हुए उनकी जमानत राशि जब्त कर ली गई। वहीं, कैसरबाग के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) गौरव वर्मा को डीजल चोरी के मामले में सात माह तक कार्रवाई न करने पर नोटिस थमाया गया है।
कैसरबाग, चारबाग व उपनगरीय डिपो में चल रहे डीजल चोरी के खेल का खुलासा ‘अमर उजाला’ ने अगस्त से सितंबर तक सिलसिलेवार तरीके से किया था। 21 सितंबर को ‘अफसर लगे फंसने तो जांच लगी दबने’ शीर्षक से खबर प्रकाशित होने के बाद परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक धीरज साहू ने डीजल चोरी के दोषियों पर 24 घंटे में कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
इसके लिए मुख्य प्रधान प्रबंधक प्रशासन एसके दुबे को लखनऊ परिक्षेत्र कार्यालय भी भेजा था। चारबाग डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अमरनाथ सहाय ने बताया ड्राइवर सुरेंद्र कुमार, महेश कुमार, दिलीप कुमार सेकंड, सुमिरन, रामकुमार सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह, राकेश प्रसाद अवस्थी, सुरेश चंद यादव सेकंड, श्रीनाथ वर्मा, प्रेम शंकर पाल, उमाशंकर, सुनील कुमार शर्मा की सेवा समाप्त की गई है। सीनियर स्टेशन इंचार्ज एमके शुक्ला सभी ड्राइवरों के खिलाफ एफआईआर कराएंगे।
12-12 हजार रुपये की होगी रिकवरी
कैसरबाग डिपो के 11 ड्राइवरों ने बस की लोकेशन बताने वाली डिवाइस व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम को क्षतिग्रस्त कर डीजल चोरी की थी। इसकी कीमत 12 हजार रुपये है। अब भारत, संजीव कुमार, कृष्ण मुरारी बाजपेई, अनिल सेकंड, रामानंद, करुणेश बहादुर, अमित कुमार सेकंड, रति पाल, मुजीफ़, विनोद यादव, श्रवण कुमार से 12-12 हजार रुपये की रिकवरी होगी।
उपनगरीय डिपो में रात तक सुनवाई
उपनगरीय डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक काशी प्रसाद ने बताया कि दिल्ली जा रही बस से तिलहर में डीजल चोरी के मामले में संविदा ड्राइवर सरोज कुमार, राजेश कुमार और संविदा कंडक्टर मनोज कुमार की रात तक सुनवाई चलती रही। उन्होंने बताया कि तीनों दोषी हैं और इन्हें बर्खास्त किया जाएगा।
एआरएम देंगे जवाब
कैसरबाग के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) गौरव वर्मा लखनऊ परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक पल्लव कुमार बोस के नोटिस का जवाब देंगे। उन्हें सात दिन में क्रमवार जवाब देना पड़ेगा कि डीजल चोरी करने वालों पर कार्रवाई क्यों नहीं की। यह अलग बात है कि गौरव वर्मा अवकाश पर चले गए हैं। कैसरबाग डिपो की कमान यातायात निरीक्षक प्रशांत दीक्षित को दी जाएगी।
कैसरबाग एआरएम को कार्रवाई के आदेश
कैसरबाग डिपो में डीजल का घपला करने वाले ड्राइवरों पर कार्रवाई के लिए एआरएम को आदेश दे दिए गए हैं। ड्राइवरों की बर्खास्तगी और डीजल चोरी मद में रिकवरी भी की जाएगी। गौरव वर्मा अवकाश से वापस नहीं आते तो यह कार्रवाई दूसरे एआरएम से कराई जाएगी। - पल्लव कुमार बोस, क्षेत्रीय प्रबंधक, लखनऊ परिक्षेत्र