यूपी में रविवार को 117 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं जबकि 191 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। वर्तमान में प्रदेश में 1,647 कोरोना के एक्टिव मरीज बचे हैं। एक संक्रमित मरीज की मौत के साथ बीमारी से दम तोड़ने वालों का आंकड़ा 8737 हो गया है।
अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में अब तक 604279 लोग संक्रमण की चपेट में आए हैं। इनमें से 593895 अब तक संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। शनिवार को कुल 1,08,486 सैम्पल की जांच की गई। लखनऊ में 13, नोएडा में 10, गाजियाबाद 9, वाराणसी, शाहजहांपुर में 7-7, कानपुर में नगर 6, अमेठी, प्रयागराज, बरेली और अलीगढ़ में 5-5 मरीज मिले हैं। 37 जिलों में एक भी मरीज नहीं मिला है।
अपर मुख्य सचिव ने बताया कि प्रदेश में 60 वर्ष से अधिक आयु वाले लोगों का वैक्सीनेशन चल रहा है। 45 से 59 वर्ष की आयु वाले लोग जो पहले से चिह्नित बीमारियों से ग्रसित है उनका भी वैक्सीनेशन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य कर्मियों, फ्रंटलाइन कर्मियों और 60 वर्ष से अधिक आयु वाले लोगों को मिलाकर 20,15,144 लोगों को वैक्सीन की डोज दी जा चुकी है।