प्रदेश में श्रावस्ती के बाद अब कासगंज और अलीगढ़ भी कोरोना मुक्त हो गया है। यहां सप्ताह भर तक कोई संक्रमित नहीं मिला तो मुख्यमंत्री पुरस्कृत करेंगे। इधर, बृहस्पतिवार को प्रदेश में कोरोना के 112 नए मरीज मिले हैं और 258 डिस्चार्ज किए गए हैं। जबकि 10 संक्रमितों की मौत हुई है।
पिछले 24 घंटे में दो लाख 59 हजार 174 कोविड सैंपल की जांच की गई है। इस तरह अब तक कुल पांच करोड़ 98 लाख 48 हजार 583 टेस्ट हो चुके हैं। वर्तमान में पॉजिटिविटी दर 0.04 और रिकवरी दर 98.6 फीसदी है। वहीं अब 1,789 एक्टिव केस हैं। इनमें से 1,334 होम आइसोलेशन में हैं। बृहस्पतिवार को 33 जिले में एक भी संक्रमित नहीं मिला है। नए मरीजों में वाराणसी में 11, लखनऊ में 09, कानपुर नगर में 08, प्रयागराज में 07, गोरखपुर में 04 और मेरठ व आगरा में 02-02 मरीज मिले हैं। जबकि एटा में 03, शाहजहांपुर व अमेठी में 02-02 और सिद्धार्थनगर, प्रतापगढ़ व मुरादाबाद में 01-01 मरीज की मौत हो गई।
विगत दिवस 33 जिलों में एक भी नया केस नहीं मिला, जबकि इकाई अंक में संक्रमित पाए गए। प्रदेश में कोरोना की रिकवरी दर और बेहतर होकर 98.6% हो गई है। अब तक 16 लाख 82 हजार से अधिक प्रदेशवासी कोरोना संक्रमण से मुक्त होकर स्वस्थ हो चुके हैं। ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टीम-9 के साथ बैठक में कही और अफसरों को निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि लगातार कोशिशों से उत्तर प्रदेश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर नियंत्रण में है। आज श्रावस्ती, कासगंज और अलीगढ़ जनपद में बीते 24 घंटे में एक भी संक्रमित मरीज नहीं है। अब तक यहां कोरोना संक्रमित हुए सभी मरीज उपचारित होकर स्वस्थ हो चुके हैं। यह बेहतर स्थिति टीम वर्क से संभव हुई है। इन जनपद के जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्यकर्मियों, फ्रंटलाइन वर्करों, निगरानी समितियों, स्थानीय प्रशासन सहित सभी जनपदवासियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। संयम और जागरूकता का यह क्रम सतत बना रहे।
उन्होंने कहा कि जनपद कासगंज, श्रावस्ती और अलीगढ़ में अगले एक सप्ताह तक संक्रमण का कोई नया केस नहीं मिलता है, तो जनपदों को पुरस्कृत किया जाएगा। जिले में एग्रेसिव टेस्टिंग जारी रखी जाए। टेस्ट में कोई कमी न हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश 6 करोड़ से अधिक कोविड टेस्ट करने वाला पहला राज्य होने जा रहा है। एग्रेसिव ट्रेसिंग और टेस्टिंग और त्वरित ट्रीटमेंट की यह नीति हमारे कोरोना प्रबंधन का मूल है। बीते 24 घंटे 2,59,174 कोविड सैम्पल की जांच की गई और पॉजिटिविटी दर 0.04% से कम रही। प्रदेश में अब तक 05 करोड़ 98 लाख 48 हजार 583 से अधिक टेस्ट हो चुके हैं। यह देश में किसी एक राज्य द्वारा की गई सर्वाधिक कोविड टेस्टिंग है। कोरोना संक्रमण की नियंत्रित स्थिति के बाद भी एग्रेसिव टेस्टिंग जारी रखी जाए।