लखनऊ। गोमतीनगर के विशालखंड निवासी अमित गोयल ने मुंबई के अंधेरी निवासी श्रीजी प्रोसेसिंग इंजीनियरिंग वर्क्स लि. के मालिक सचिन अग्रवाल पर प्लांट निर्माण के नाम पर 11.06 करोड़ ऐंठने का आरोप लगाया है। मामले में आरोपी के साथ 10 और लोगों के भी शामिल होने का आरोप है। कोर्ट के आदेश पर महिगवां पुलिस ने 11 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
अमित के मुताबिक एक वर्ष पहले उन्हें महिगवां के बीबीपुर में बायो गैस और सीएनजी प्लांट लगाना था। इस संबंध में उन्होंने सचिन अग्रवाल से संपर्क किया और पूरा काम 12.04 करोड़ में होने की बात तय हुई। काम 30 नवंबर 2024 तक पूरा होना था। अमित ने सचिन की फर्म को 11.06 करोड़ का भुगतान भी कर दिया था। आरोप है सचिन व उसके सहयोगी सुदीप, सागर, डीसी अग्रवाल, अनिल व फर्म के वरिष्ठ कर्मचारी अरनि मुखोपाध्याय, किरन घंटा, शिवम वाघमारे, कोटेश्वर राव, अजीत भदौरिया व बालू पवार ने प्लांट साइट पर घटिया सामग्री का प्रयोग किया। यही नहीं आरोपियों ने उन्हें धोखे में रखने के लिए फर्जी निर्माण का सेट तैयार कर दिया। इसमें भी आरोपियों ने नकली मशीनरी व कबाड़ हो चुके कलपुर्जों को लगाया।
अमित का आरोप है जब उन्होंने सचिन से अपनी रकम वापस मांगी तो वह धमकाने लगा। यही नहीं उसने दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। विरोध पर आरोपी ने खुद के संबंध माफिया से होने बात कही और उनकी व परिवार की हत्या करने की धमकी दी। घबराए पीड़ित ने महिगवां थाने में शिकायत की। कोई कार्रवाई न होने पर उन्होंने 16 जून 2025 में कोर्ट की शरण ली। इंस्पेक्टर राम कुमार गुप्ता के मुताबिक मामले की विवेचना चल रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।