भारतीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) ने प्रदेश के आठ जिलों में 11 पुलों के निर्माण के लिए वित्तीय मदद के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
ये पुल श्रावस्ती और सीतापुर के अलावा आजमगढ़, बस्ती, रामपुर, मुजफ्फरनगर, कानपुर देहात व जौनपुर में बनेंगे। इन पुलों के बनने से ग्रामीण क्षेत्रों की बड़ी आबादी को आवागमन में राहत मिल सकेगी।
सरकार ने कई ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन में बाधा बन रही गोमती, राप्ती, मनोरमा, वसुही, हिंडन, टोंस आदि नदियों पर 11 पुलों के निर्माण का प्रस्ताव नाबार्ड को भेजा था।
नाबार्ड ने अवस्थापना विकास निधि से इनके निर्माण के लिए ऋण की मंजूरी दे दी है। लगभग 98 करोड़ की लागत से बनने वाले पुलों के लिए 69.50 करोड़ रुपये नाबार्ड देगा जबकि 28.48 करोड़ रुपये प्रदेश सरकार लगाएगी।
इन सभी पुलों को 31 मार्च 2015 तक पूरा करने की योजना है। इनका निर्माण लोक निर्माण विभाग की देख रेख में होगा।
यहां बनेंगे पुल •आजमगढ़ : यहां टोंस नदी पर दो पुल बनेंगे। एक पुल चकबुरहान-निजामाबाद रोड पर जबकि •मुस्लिमपति-रेवराघाट व मिर्जापुर रोड पर बनाने को मंजूरी मिली है। 149.25 मीटर लंबे पहले पुल का निर्माण 7.26 करोड़ से होगा जबकि 106.20 मीटर लंबेदूसरे पुल पर 6.39 करोड़ लागत आएगी। •बस्ती में मनोरमा नदी पर कडसारी-गायघाट रोड पर 79.48 मीटर लंबे पुल के निर्माण पर 5.45 करोड़ रुपये खर्च होंगे। •रामपुर में भाकरा नदी पर खंडिया पिपलिया अर्रो रोड पर 89.93 मीटर लंबा पुल बनेगा। इस पर 4.42 करोड़ रुपये खर्च का अनुमान है। •मुजफ्फरनगर में ढिढवाली और सवतु गांव के बीच हिंडन नदी पर 118 मीटर लंबे पुल का निर्माण होगा। इस पर 6.13 करोड़ रुपये की लागत आएगी। •कानपुर देहात में दुर्वासा ऋषि आश्रम के पास सेंगुर नदी पर 106.28 मीटर लंबा पुल बनेगा। इस पर 9.52 करोड़ रुपये खर्च होंगे। •श्रावस्ती में मधवापुर घाट (भिनगा-भंगहा रोड) पर राप्ती नदी पर 269.48 मीटर लंबा पुल बनेगा। इसके लिए 34.10 करोड़ रुपये का बंदोबस्त किया गया है। •बस्ती में मनोरमा नदी पर मुर्दहवाघाट (संसारीपुर-उंभई रोड) व सोनियाघाट पर (पिपरागौतम-कुसौरा बाजार) 70.40-70.40 मीटर लंबे पुल बनेंगे। इन पर क्रमश: 4.27 व 4.17 करोड़ की लागत आएगी। •जौनपुर में रामचंदपुर गांव केपास वसुही नदी पर 70.48 मी. लंबा पुल बनेगा। इस पर 4.54 करोड़ रुपये खर्च का प्रस्ताव है। •सीतापुर में अटरिया-माल रोड पर सीतापुर गांव के पास गोमती नदी पर 179.30 मीटर लंबे पुल के लिए 11.69 करोड़ खर्च होंगे।