टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की समन्वय बैठक में विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
लखनऊ। शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की अनिवार्यता के विरोध में राजधानी से करीब 1000 शिक्षक चार अप्रैल को दिल्ली जाएंगे। इस संबंध में टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की समन्वय बैठक में विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष सुधांशु मोहन ने बताया कि दिल्ली में प्रस्तावित महारैली में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मंडल, जिला और ब्लॉक स्तर पर बसों की व्यवस्था की जाएगी। यदि रास्ते में पुलिस बसों को रोकती है तो शिक्षक वहीं धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे। टीईटी अनिवार्यता के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट में अब तक 38 रिव्यू पिटीशन दाखिल की जा चुकी हैं। कई पिटीशनों में त्रुटियां पाए जाने पर उन्हें 90 दिनों के लिए वापस भेज दिया जाता है, जिससे मुख्य मामले की सुनवाई प्रभावित हो रही है और कार्यवाही में लगातार बाधा आ रही है। संगठन जल्द ही एक संशोधित लिखित प्रार्थना पत्र दाखिल करेगा। साथ ही महारैली से पहले देशभर के शिक्षकों के सहयोग से एक्स (पूर्व ट्विटर) प्लेटफॉर्म पर एक व्यापक डिजिटल आंदोलन चलाने का भी निर्णय लिया गया है।