नेशनल हाईवे पर रविवार को एक तेज रफ्तार पिकअप बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में पिकअप सवार छह मजदूर जख्मी हो गए। दिल्ली से 26 मजदूरों को लेकर पिकअप बस्ती जा रही थी। अन्य मजदूरों को भी हल्की चोटें आई हैं।
एक पिकअप दिल्ली से 26 मजदूरों को लेकर बस्ती जा रही थी। अटरिया थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर सीतापुर लखनऊ बार्डर कुंवरपुर चेक पोस्ट पर अचानक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई।
चेक पोस्ट पर तैनात उपनिरीक्षक केपी सिंह ने आनन-फानन सभी घायलों को बाहर निकाला, जिसमें दिनेश (27), गौतम (25), कन्हैया लाल (30), राकेश कुमार (31) निवासी बेझरिया थाना सोहरत गंज जिला सिद्वार्थनगर व मोनू (25), धर्मेंद्र (28) निवासी गौरा भारी थाना पचपेड़वा जिला बलरामपुर, जगजीवन (26) निवासी बलरामपुर आदि दस मजदूर घायल हो गए। छह घायलों को बक्शी का तालाब के साढ़ामऊ अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना प्रभारी कृष्ण मोहन सिंह ने बताया कि सभी घायलों का इलाज चल रहा है। कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं। जिसमें चार बच्चे भी शामिल हैं। उधर, पिकअप भी सही करवाई गई है। सभी मजदूरों को सकुशल गृह जनपदों को भेजा जाएगा।