फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Israel Hamas War LIVE: ईरान ने इस्राइल को दी गंभीर नतीजों की चेतावनी, तेल अवीव में फिर सुनाई दी सायरन की आवाज

Sun, 15 Oct 2023 03:18 AM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, येरुशलम

खास बातें

Israel Hamas War LIVE News and Updates: इस्राइल और हमास के बीच संघर्ष को अब हफ्तेभर से ज्यादा का समय हो चुका है। इस बीच हमास के आतंकी हमले में जहां अब तक इस्राइल के 1300 से ज्यादा की मौत हो चुकी है, वहीं इसके पलटवार में गाजा पट्टी पर 2000 के करीब लोग मारे गए हैं। इन हालात के बीच कई देशों ने अपने नागरिकों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाए हैं। भारत के साथ-साथ ब्रिटेन और कुछ और पश्चिमी देशों ने विमानों के जरिए अपने लोगों को निकाला है। पढ़ें इस्राइल-हमास संघर्ष से जुड़े अपडेट्स...
विज्ञापन
इस्राइल और हमास के बीच जंग जारी। - फोटो : Social Media
विज्ञापन

लाइव अपडेट

03:17 AM, 15-Oct-2023

इस्राइली सेना ने की सीरियाई हमले की पुष्टि 
इस्राइली सुरक्षा बलों ने पुष्टि की कि शनिवार देर रात सीरिया ने उत्तरी इस्राइल के सीमावर्ती क्षेत्रों रॉकेट लॉन्च किए हैं। सीरियाई सीमा के पास इस्राइल के अल्मा, अवनेई इतान, गोलान हाइट्स शहरों में सायरन सुनाए दिए हैं। हालांकि, सीरीयाई हमले में जन हानि या संपत्ति हानि की सूचना नहीं मिली है। 


 

01:21 AM, 15-Oct-2023

गाजा सिटी पर बहुत जल्द बड़ा हमला करेगा इस्राइल

इस्राइल की सेना बहुत जल्द गाजा सिटी पर बड़े हमला करने के लिए तैयार है। इस्राइली सेना के प्रवक्ता ने बताया कि इस्राइल गाजा सिटी पर बहुत जल्द हमला करेगा।

12:51 AM, 15-Oct-2023

खाना ही नहीं, पेयजल तक का संकट

उत्तरी गाजा पट्टी से भागकर दक्षिणी क्षेत्र में पहुंचने वाले फलस्तीनियों के सामने सर छिपाने के लिए जगह से लेकर खाने-पीने के सामान का संकट पैदा हो गया है। गाजा पट्टी में शुद्ध पेयजल तेजी से खत्म हो रहा है। लोगों को पानी के लिए घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है। शरणार्थी शिविरों में भी जगह नहीं मिल रही है। अस्पतालों में भी भीड़ है। फलस्तीन में काम करने वाली संयुक्त राष्ट्र राहत एजेंसी के कमिश्नर जनरल फिलिप लाजारिनी ने कहा, गाजा पट्टी में 20 लाख से अधिक लोगों के सामने पानी खत्म होने का खतरा मंडरा रहा है। लोगों को कुओं का गंदा पानी पीना पड़ रहा है, जिससे जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। इस्राइल की तरफ से आपूर्ति रोके जाने के बाद गाजा में पानी को शुद्ध करने वाले तीन संयंत्र ईंधन की कमी से चलते बंद हो गए हैं। ये संयत्र प्रतिदिन 2.1 करोड़ लीटर पानी शुद्ध करते थे। 9 अक्तूबर से गाजा में पानी की आपूर्ती भी नहीं हो रही है।

विज्ञापन
12:49 AM, 15-Oct-2023

यूएई के शेख से मिलकर सऊदी अरब पहुंचे ब्लिंकन

अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन इस्राइल के बाद अरब देशों के दौरे पर हैं। ब्लिंकन शनिवार को सऊदी अरब पहुंचे। इससे पहले, उन्होंने अबू धाबी के शासक और संयुक्त अरब अमीरात के नेता शेख मोहम्मद बिन जायद से मुलाकात की थी। यूएई अरब के उन देशों में शामिल है जिन्होंने हाल के वर्षों में इस्राइल के साथ अपने संबंध बहाल करने पर सहमति जताई है। ब्लिंकन ने अबू धाबी में अब्राहमिक फेमिली हाउस का भी दौरा किया। यह इमारत मार्च में खुली और इसमें एक चर्च, एक मस्जिद और एक यहूदी मंदिर है। माना जा रहा है कि ब्लिंकन की इस यात्रा का उद्देश्य इस्राइल और हमास के बीच छिड़े युद्ध के समय धार्मिक एकता का संदेश देना था।

12:38 AM, 15-Oct-2023

ईरान ने इस्राइल को दी गंभीर नतीजों की चेतावनी 

ईरान ने इस्राइल को गाजा पट्टी पर हमले नहीं रोकने पर गंभीर परिणाम की चेतावनी दी है। लेबनान में हमास के शीर्ष अधिकारी सालेह अरौरी और फलस्तीनी इस्लामिक जिहाद समूह के नेता जियाद नखलेह के साथ गाजा मामले पर चर्चा के बाद ईरान के विदेश मंत्री हुसैन अमीर बदोल्हाहियान ने कहा कि अगर इस्राइल हमले नहीं रोकता है तो युद्ध में हिज्बुल्ला शामिल होगा। अगर ऐसा होता है तो इस्राइल के लिए यह किसी बड़े भूचाल से कम नहीं होगा। हुसैन ने कहा कि हिज्बुल्ला युद्ध के सभी पहलुओं पर विचार कर रहा है। इस्राइल के लिए वह सबसे बड़ा खतरा है। हिज्बुल्ला के पास 1.5 लाख रॉकेट और मिसाइले हैं। इनमें से कुछ गाइडेड मिसाइलें भी हैं जो इस्राइल में जहां चाहे वहां मार कर सकती हैं।

विज्ञापन
12:25 AM, 15-Oct-2023

197 भारतीयों  का तीसरा जत्था इस्राइल से रवाना

इस्राइल-हमास संघर्ष के बीच शुरू किए गए 'ऑपरेशन अजय' के तहत 197 भारतीयों का तीसरा जत्था शनिवार को तेल अवीव से एक विशेष उड़ान से दिल्ली के लिए रवाना हुआ। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने एक्स पर पोस्ट में कहा, ऑपरेशन अजय आगे बढ़ रहा है। 197 और यात्री भारत वापस आ रहे हैं।

इससे पहले, तेल अवीव में भारतीय दूतावास ने घोषणा की है कि शनिवार को बेन गुरियन हवाई अड्डे से दो विशेष उड़ानें संचालित होंगी। पहली उड़ान स्थानीय समयानुसार शाम करीब 5:40 बजे रवाना हुई। दूसरी उड़ान स्थानीय समयानुसार रात 11:00 बजे निर्धारित है और इसमें 330 यात्री सवार हो सकते हैं।

12:09 AM, 15-Oct-2023

तेल अवीव में फिर सुनाई दी सायरन बजने की आवाज

इस्राइल-हमास संघर्ष के बीच तेल अवीव में एक बार फिर सायरन बजने की आवाज सुनाई दी। इस दौरान सड़कों पर सन्नाटा पसरा दिखाई दिया। हालांकि, यह  स्पष्ट नहीं हो सका कि हमास की ओर से फिर से हमला किया गया है।

11:21 PM, 14-Oct-2023

इस्राइल हमास युद्ध के बीच दवाओं की जरूरत

इस्राइल-हमास संघर्ष शुरू होने के बाद से तमर गुटमैन की बहन लापता है। डॉ एडवा गुटमैन तिरोश ने कहा, "मेरी बहन तमर, जब हमास ने हमला किया तो वह नोवा पार्टी में थी। वह 27 साल की है और अब लापता है। तमर क्रोहन से पीड़ित है। यह एक सूजन का रोग है। इस दीर्घकालिक रोग से उसे बहुत अधिक कष्ट हुआ है, और वह पिछले कुछ वर्षों में कई बार अस्पताल में भर्ती हुई है। यदि उसे अपना चिकित्सा उपचार नहीं मिलता है, तो वह फिस्टुला, सूजन, और फोड़ा से पीड़ित हो सकती है। । वह उसकी दवा के बिना और उसके चिकित्सीय उपचार के बिना मर सकती है। कई अन्य लोग भी हैं जिन्हें दवाओं की आवश्यकता है।

11:16 PM, 14-Oct-2023

मानव पीड़ा रोकने के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रयास करना होगा: रेड क्रॉस

रेड क्रॉस के मेडिसिन प्रमुख प्रो. हागई लेविन ने कहा, "हमें जीवन बचाने के लिए, मानव पीड़ा को रोकने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करना होगा। हमें अंतरराष्ट्रीय समुदाय से, चिकित्सा संगठनों से, व्यक्तियों से, दुनिया भर की सरकारों से जबरदस्त समर्थन मिला। उन्हें समझें कि मानव इतिहास में ऐसा नहीं हुआ। यह मानवता के खिलाफ अपराध है। इसलिए मेरा मानना है कि भले ही हमास क्रूर हैं और मानव नहीं हैं, उनके सहयोगी और जिन लोगों के साथ उनका व्यवहार है, वे उन पर दबाव डालेंगे।
 

11:09 PM, 14-Oct-2023

इस्राइल ने कहा- गाजा के लोग हमारे दुश्मन नहीं

इस्राइली विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लियोर हयात ने कहा, हमारा लक्ष्य गाजा पट्टी पर हमास का नियंत्रण खत्म करना है। यह इस युद्ध का अंतिम लक्ष्य है। हम एक ऐसी व्यवस्था चाहते हैं। जहां इस्राइल में लोग गाजा के लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर रहें। गाजा में नागरिक हमारे दुश्मन नहीं हैं।
 

11:02 PM, 14-Oct-2023

केवल आतंकी ठिकानों पर निशाना, गाजा पट्टी के मासूमों को ढाल बना रहे हमास के आतंकी: इस्राइली विदेश मंत्रालय

इस्राइली विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लियोर हयात ने कहा, नागरिकों की मौत को रोकने के लिए इस्राइल ने अतीत में भी लगातार प्रयास किए हैं। इस ऑपरेशन में भी जो प्रयास किए गए हैं, वैसा प्रयास दुनिया में कोई दूसरा देश नहीं करता। हम जो कुछ भी कर सकते हैं वो कर रहे हैं। गाजा पट्टी में केवल हमास आतंकवादी संगठन के ठिकानों पर हमला करने के लिए उच्चतम तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। 

मासूमों को ढाल बना रहे हमास के आतंकी
दुर्भाग्य से हमास गाजा पट्टी की आबादी को ढाल के रूप में उपयोग कर रहा है। इसमें कोई संदेह नहीं है कि हमास गाजा के लोगों की स्थिति के लिए जिम्मेदार है। हमास उन्हें शहर छोड़ने नहीं दे रहा है। वे उनके पीछे छिपे हुए हैं। आबादी वाले इलाकों से गोलीबारी की जा रही है। पिछले सप्ताह गाजा की ओर से 5,000 से अधिक रॉकेट इस्राइल पर दागे गए।
 

10:24 PM, 14-Oct-2023

इस्राइली सेना की घोषणा- हम गाजा में आक्रमण के लिए तैयार
इस्राइली सेना ने घोषणा की है कि वह गाजा पट्टी में वायु, जमीनी और नौसैनिक आक्रमण के लिए तैयार है।

10:19 PM, 14-Oct-2023

गंभीर मानवीय संकट के मुहाने पर गाजा पट्टी
फलस्तीन में काम करने वाली संयुक्त राष्ट्र की राहत और कार्य एजेंसी ने गाजा पट्टी से बड़े स्तर पर पलायन पर चिंता जताई है। इस्राइली सेना की चेतावनी के बाद दहशत में हजारों फलस्तीनी बीते 12 घंटे में ही पलायन कर गए हैं। युद्ध शुरू होने के बाद से गाजा पट्टी की कुल लगभग 20 लाख में से आधी आबादी विस्थापित हो गई है। विस्थापितों के सामने सर छिपाने के लिए जगह से लेकर खाने-पीने के सामान का संकट पैदा हो गया है। एजेंसी ने कहा कि गाजा पट्टी में शुद्ध पेयजल तेजी से खत्म हो रहा है और पूरा क्षेत्र एक गंभीर मानवीय त्रासदी की तरफ बढ़ रहा है।

एजेंसी के कमिश्नर जनरल फिलिप लाजारिनी ने कहा, गाजा पट्टी में 20 लाख से अधिक लोगों के सामने पानी खत्म होने का खतरा मंडरा रहा है। लोगों को कुओं का गंदा पानी पीना पड़ रहा है, जिससे जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। इस्राइल की तरफ से आपूर्ति रोके जाने के बाद गाजा में पानी को शुद्ध करने वाले तीन संयंत्र ईंधन की कमी से चलते बंद हो गए हैं। ये संयत्र प्रतिदिन 2.1 करोड़ लीटर पानी शुद्ध करते थे। 9 अक्तूबर से गाजा में पानी की आपूर्ती भी नहीं हो रही है।

09:38 PM, 14-Oct-2023

तेल अवीव से नई दिल्ली के तीसरी उड़ान रवाना: भारतीय दूतावास
तेल अवीव में भारतीय दूतावास ने जानकारी दी कि 'ऑपरेशन अजय' की तीसरी उड़ान दिल्ली के लिए रवाना हो गई है। 
 

09:35 PM, 14-Oct-2023

मोर्चे पर तैनात सैनिकों से मिले नेतन्याहू
इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने मोर्चे पर इस्राइली सैनिकों के साथ बातचीत की। 
 

08:34 PM, 14-Oct-2023

हमास के दो शीर्ष कमांडर ढेर, खाली हो रहा उत्तरी गाजा

इस्राइल ने हमास के दो शीर्ष कमांडरों को मार गिराया है। इनमें से एक हमास की वायु सेना का प्रमुख मुराद अबू मुराद और दूसरा हमास के कमांडो फोर्स का कमांडर अली कादी है। 7 अक्तूबर को दक्षिणी इस्राइल की बस्तियों में हुए नरसंहार के दौरान मुराद आतंकियों को निर्देशित कर रहा था, जबकि अली कादी उनका नेतृत्व कर रहा था। इस्राइली सेना ने कहा कि हमास के सभी आतंकियों का ऐसा ही हश्र होगा। दूसरी ओर, इस्राइली सेनी की चेतावनी के बाद गाजा शहर समेत उत्तरी गाजा पट्टी से पलायन तेज हो गया है। इस्राइली सेना ने शनिवार शाम चार बजे तक का समय दिया था और दो मुख्य रास्ते भी चिह्नित किए थे। 

07:49 PM, 14-Oct-2023

बाइडन बोले गाजा के पीड़ितों की करेंगे मदद
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने शुक्रवार को कहा कि वे संयुक्त राष्ट्र, इस्राइल, मिस्र, जॉर्डन व अन्य अरब देशों के साथ काम करते हुए गाजा में मानवीय संकट को हल करने को प्राथमिकता दे रहे हैं। इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि हमास के सफाये के लिए इस्राइल को वह सब कुछ मिले, जो उसे चाहिए। 7 अक्तूबर को हमास के आतंकियों के हमले में करीब 27 अमेरिकी लोग भी मारे गए हैं।

07:23 PM, 14-Oct-2023

 इस्राइल की चेतावनी के बाद उत्तरी गाजा से भागे फलस्तीनी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शनिवार को हजारों फलस्तीनियों ने इस्राइली हमले से बचने के लिए उत्तरी गाजा पट्टी को खाली कर दिया है। इससे पहले, इस्राइल ने इस क्षेत्र पर हवाई हमले जारी रखे थे। साथ ही घोषणा की थी कि वह भागने के लिए दो राजमार्गों को खुला रखेगा। 

05:33 PM, 14-Oct-2023

गाजा सीमा के पास इजरायली सैनिकों द्वारा गश्त के साथ-साथ हवाई गश्त की जा रही है। सीमा पर सुरक्षा चौकियां स्थापित की गईं हैं।

04:02 PM, 14-Oct-2023

बंधक बनाए गए विदेशियों को निकालने पर सहमति
हमास द्वारा बंधन बनाए गए विदेशियों को गाजा से निकालने पर सहमति बनी है। इन बंधकों को राफा क्रासिंग से निकाला जाएगा। वहीं, हमास को लेकर इस्राइली सेना ने बयान जारी किया है। इस्राइल रक्षा बल (IDF) ने कहा कि अली कादी ने सात अक्तूबर को इज़राइल में नागरिकों के अमानवीय, बर्बर नरसंहार का नेतृत्व किया। हमने उसे मार डाला। हमास के सभी आतंकवादियों का भी यही हश्र होगा। 

03:10 PM, 14-Oct-2023

एयर इंडिया की तेल अवीव तक जाने वाली उड़ानें 18 अक्तूबर तक रद्द

एयर इंडिया ने इस्राइल में जारी संकट के मद्देनजर तेल अवीव तक फ्लाइट 18 अक्तूबर तक के लिए रद्द कर दी हैं। इससे पहले एयरलाइन ने 14 अक्तूबर तक के लिए पहले ही अपनी उड़ानों को रद्द कर दिया था। हालांकि, हमास के बढ़ते हमलों और इस्राइल के पलटवार के बीच एयर इंडिया ने फ्लाइट्स को 18 अक्तूबर तक के लिए स्थगित कर दिया है।

02:48 PM, 14-Oct-2023

गाजा बॉर्डर पर पहुंची इस्राइली सेना

गाजा बॉर्डर पर सैनिकों-टैंकों के साथ भारी मात्रा में पहुंचे हथियार।
 

02:32 PM, 14-Oct-2023

इजराइल-हमास संघर्ष से भारत-पश्चिम एशिया-यूरोप आर्थिक गलियारे में हो सकती है देरी: GTRI

इस्राइल-हमास संघर्ष के कारण भारत - पश्चिम एशिया - यूरोप आर्थिक गलियारा परियोजना में देरी और जटिलताएं पैदा हो सकती हैं। थिंक टैंक ग्लोबल ट्रेड रिसर्च इनिशिएटिव (जीटीआरआई) ने यह बात कही। जीटीआरआई ने कहा कि हालांकि संघर्ष के तात्कालिक परिणाम इजराइल और गाजा तक ही सीमित हैं, लेकिन पूरे पश्चिम एशिया में इसके प्रभाव को कम करके नहीं आंका जा सकता है। थिंक टैंक ने कहा कि संघर्ष इजरायल और सऊदी अरब के बीच ऐतिहासिक शांति समझौते की संभावना को पटरी से उतार सकता है, जो भारत - पश्चिम एशिया - यूरोप आर्थिक गलियारा (आईएमईईसी) ढांचे में एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। हालांकि, सऊदी अरब और इजराइल के बीच ऐतिहासिक रूप से कोई औपचारिक राजनयिक संबंध नहीं हैं, लेकिन हाल के वर्षों के दौरान संबंधों में नरमी के संकेत देखे गए हैं। जीटीआरआई के सह-संस्थापक अजय श्रीवास्तव ने कहा कि युद्ध की स्थिति में दोनों देशों के बीच बातचीत पटरी से उतर सकती है।

02:12 PM, 14-Oct-2023

फलस्तीन से लड़ाई के बीच वतन की रक्षा को स्वदेश लौटे 600 इस्राइली पर्यटक

फलस्तीन से लड़ाई के बीच वतन की रक्षा के लिए करीब 600 इस्राइली पर्यटक हिमाचल प्रदेश से स्वदेश लौट गए। कुल्लू जिले के मनाली, पार्वती घाटी और धर्मशाला में सैर-सपाटे के लिए पहुंचे ये पर्यटक इस्राइल पर हमास के हमले के बाद अपने देश और अपने परिवार वालों के प्रति चिंतित थे। पढ़ें पूरी खबर...

01:42 PM, 14-Oct-2023

इस्राइल पर हमले में हमास का साथ देगा ये आतंकी संगठन

लेबनान के ईरान समर्थित आतंकी संगठन हिज्बुल्ला ने शुक्रवार को कहा है कि वह इस्राइल के खिलाफ जंग में हमास के समर्थन में उतर सकता है। हिज्बुल्ला के उप-प्रमुख नसीम कासेम ने कहा है कि जब सही समय होगा, तब उनका संगठन हमास के इस्राइल के खिलाफ छेड़े गए युद्ध का हिस्सा बनेगा। गौरतलब है कि इस्राइल और हमास के बीच संघर्ष अब आठवें दिन में पहुंच चुका है। इसमें 3200 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। 

01:15 PM, 14-Oct-2023

इस्राइल के हवाई हमले में ढेर हुआ हमास की वायुसेना का प्रमुख

इस्राइली वायु सेना ने कहा है कि उसके हमले में हमास की वायु सेना का चीफ मुराद अबु मुराद मारा गया है। इस्राइल ने शुक्रवार को हमास की वायु सेना के मुख्यालय पर हवाई हमला किया, जिसमें मुराद अबु मुराद के मारे जाने की खबरें हैं। इस्राइली वायु सेना ने बयान में कहा कि बीते शनिवार को हमास के आतंकियों को निर्देश मुराद अबु मुराद की तरफ से ही दिए गए थे। पढ़ें पूरी खबर...

12:44 PM, 14-Oct-2023

आखिर युद्ध के भी नियम होते हैं!', इस्राइल के अल्टीमेटम पर बरसे यूएन चीफ

इस्राइल हमास के बीच जारी युद्ध से पूरी दुनिया चिंतित है। अब इस्राइल द्वारा उत्तरी गाजा में रहने वाले करीब दस लाख लोगों को अगले 24 घंटे में इलाका खाली करने के अल्टीमेटम से तनाव और बढ़ गया है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने इस्राइल के इस अल्टीमेटम पर गहरी नाराजगी जाहिर की है। गुटेरेस ने कहा है कि यह संभव ही नहीं है कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों को इतनी जल्दी निकाला जा सके। गुटेरेस ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि आखिर युद्ध के भी कुछ नियम होते हैं! पढ़ें पूरी खबर...

12:17 PM, 14-Oct-2023

लेबनान में मिसाइल के हमले में पत्रकार की मौत, छह अन्य घायल

दक्षिणी लेबनान में शुक्रवार को एक मिसाइल हमले में न्यूज एजेंसी रायटर्स के एक वीडियो पत्रकार की मौत की खबर है। इस हमले में छह अन्य पत्रकार भी घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि इस्राइल की तरफ से फायर की गई मिसाइल से यह हादसा हुआ। मारे गए पत्रकार की पहचान इसाम अब्दल्लाह के रूप में हुई है। वहीं घायलों में अल जजीरा और न्यूज एजेंसी एएफपी के पत्रकार शामिल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पढ़ें पूरी खबर...

12:00 PM, 14-Oct-2023

हमास के सामने अल-कायदा भी अच्छा है, ये तो राक्षस हैं: जो बाइडन

फलस्तीनी आतंकी संगठन हमास ने बीते हफ्ते इस्राइल पर हमला कर 1300 लोगों की जान ले ली। हमास के हमले की बर्बरता की खबरें दुनियाभर में सुर्खियां बन रही हैं। अब अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने हमास को अल-कायदा से भी खूंखार और बर्बर बताया है। फिलाडेल्फिया में एक कार्यक्रम के दौरान जो बाइडन ने कहा कि 'जितना हमें हमास के हमले के बारे में पता चल रहा है, यह उतना ही डरावना होता जा रहा है। हजार से ज्यादा मासूम लोगों की जान चली गई, जिनमें 27 अमेरिकी भी शामिल हैं।' पढ़ें पूरी खबर...

11:43 AM, 14-Oct-2023

हमास के हमले का पश्चिम एशिया में बड़ा असर, ईरान के करीब आया सऊदी

फलस्तीन के आतंकी संगठन हमास के इस्राइल पर किए गए हमले और इस्राइल की जवाबी कार्रवाई का मध्य पूर्व की राजनीति पर बड़ा असर पड़ा है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि इस्राइल और सऊदी अरब के बीच होने वाली ऐतिहासिक बातचीत फिलहाल ठंडे बस्ते में चली गई है। सऊदी अरब अपनी विदेश नीति पर फिर से विचार कर रहा है। इस्राइल-हमास के हमले का ही असर है कि सऊदी अरब और ईरान के बीच शीर्ष स्तर पर बातचीत हो रही है। सऊदी के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी से गाजा पट्टी के हालात पर फोन पर चर्चा की। पढ़ें पूरी खबर...

11:17 AM, 14-Oct-2023

Israel Hamas War LIVE: ईरान ने इस्राइल को दी गंभीर नतीजों की चेतावनी, तेल अवीव में फिर सुनाई दी सायरन की आवाज

Israel Hamas War LIVE News and Updates: इस्राइल और हमास के बीच संघर्ष को अब हफ्तेभर से ज्यादा का समय हो चुका है। इस बीच हमास के आतंकी हमले में जहां अब तक इस्राइल के 1300 से ज्यादा की मौत हो चुकी है, वहीं इसके पलटवार में गाजा पट्टी पर 2000 के करीब लोग मारे गए हैं। इन हालात के बीच कई देशों ने अपने नागरिकों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाए हैं। भारत के साथ-साथ ब्रिटेन और कुछ और पश्चिमी देशों ने विमानों के जरिए अपने लोगों को निकाला है। पढ़ें इस्राइल-हमास संघर्ष से जुड़े अपडेट्स...

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें