फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP MLC Election Result Live: भाजपा को विधान परिषद में पूर्ण बहुमत, सपा का सूपड़ा साफ, तीन निर्दलीय जीते

Tue, 12 Apr 2022 01:37 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, उत्तर प्रदेश

खास बातें

UP MLC Election, Vidhan Parishad Chunav Result 2022 Live: स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद की 36 सीटों के चुनाव में भाजपा ने जबरदस्त जीत दर्ज की है। भाजपा के खाते में 36 में से 33 सीटें आई हैं। भाजपा को विधान परिषद में पूर्ण बहुमत मिला है। समाजवादी पार्टी चुनाव में मुकाबले में ही नहीं दिखी। सपा को एक भी सीट पर जीत नहीं मिली है। तीन निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी जीत हासिल की है। यहां पढ़ें एमएलसी चुनाव से जुड़ा हर अपडेट
विज्ञापन
यूपी में एमएलसी चुनाव - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

01:37 PM, 12-Apr-2022

1745 वोटों से जीतकर एमएलसी बने भाजपा के अंगद

बाराबंकी जिले में संपन्न हुए एमएलसी के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी ने जीत परचम लहराया है। भाजपा प्रत्याशी अंगद कुमार सिंह ने सपा के राजेश यादव राजू को 1745 मतों से हरा दिया। अंगद कुमार सिंह को जहां 2272 मत प्राप्त हुए वहीं सपा प्रत्याशी राजेश यादव राजू को 527 मत मिले। निर्दलीय प्रत्याशी धीरज यादव को 7 वोटों से संतोष करना पड़ा। मतगणना के दौरान 21 मत अवैध घोषित किए गए। ऐसा पहली बार हुआ है कि आजादी के बाद भाजपा प्रत्याशी ने एमएलसी का चुनाव में जीत दर्ज की है। पिछली बार सपा प्रत्याशी राजेश यादव राजू एमएलसी निर्वाचित हुए थे।

01:26 PM, 12-Apr-2022

4401 मतों से भाजपा के अवधेश जीते

गोंडा-बलरामपुर सीट पर मतों की गणना पूरी हो गई है। भाजपा के अवधेश कुमार सिंह उर्फ मंजू सिंह ने सपा प्रत्याशी डा. भानु कुमार त्रिपाठी को 4401 मतों से पराजित किया है। गोंडा व बलरामपुर के 26 केंद्रों पर बीते नौ अप्रैल को हुए मतदान में 4824 मतदाताओं ने मतदान किया था। भाजपा प्रत्याशी अवधेश कुमार सिंह उर्फ मंजू सिंह को  4572, सपा प्रत्याशी डा. भानु कुमार त्रिपाठी को सिर्फ 171 मत हासिल हुए। निर्दल प्रत्याशी आनंद स्वरूप यादव उर्फ पप्पू यादव को 17 मत मिले है। मतदान में 21 मत अवैध रहे।

01:14 PM, 12-Apr-2022

एमएलसी चुनाव: भाजपा की रमा निरंजन ने दर्ज की जीत

विधान परिषद की झांसी- ललितपुर- जालौन सीट पर भाजपा प्रत्याशी रमा निरंजन ने जीत हासिल की। उन्होंने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी श्यामसुंदर सिंह यादव को हराया। रमा को 2287 और श्यामसुंदर को 1513 वोट हासिल हुए। विदित हो कि 2016 में रमा सपा के टिकट पर विधान परिषद में पहुंची थी। 2021 में सपा छोड़ भाजपा में शामिल हो गई थी।
 

विज्ञापन
01:07 PM, 12-Apr-2022

बरेली में बीजेपी प्रत्याशी महाराज सिंह चुनाव जीते।

बरेली सीट पर कमल खिला है। यहां भारतीय जनता पार्टी के महाराज सिंह ने जीत हासिल की है। उन्होंने सपा के प्रत्याशी को हराया। 
 

01:02 PM, 12-Apr-2022

भाजपा प्रत्याशी डॉ. केपी श्रीवास्तव जीते

इलाहाबाद-कौशांबी स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी डॉ. केपी श्रीवास्तव ने सपा प्रत्याशी और निवर्तमान एमएलसी वासुदेव यादव को करीब 1600 मतों से पराजित किया।

विज्ञापन
12:54 PM, 12-Apr-2022

एमएलसी चुनाव : पहले राउंड में 1184 वोटों से भाजपा प्रत्याशी आगे 

शाहजहांपुर में विधान परिषद की पीलीभीत-शाहजहांपुर सीट पर पहले राउंड की वोटों की गिनती में भाजपा प्रत्याशी डॉ.सुधीर गुप्ता ने 1256 वोट हासिल किए हैं। जबकि सपा उम्मीदवार अमित यादव रिंकू को मात्र 72 वोट मिले। निर्दलीय उम्मीदवार को 17 वोट हासिल हुए हैं। 55 वोट निरस्त कर दिए गए। पहले ही राउंड में भाजपा ने बड़ी बढ़त बना ली है। सुबह 8 बजे से कांट रोड पर स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शुरू हुई थी। पोस्टल बैलट को सीधा करने के बाद पहले राउंड का रुझान सामने आया है जिसमें भाजपा प्रत्याशी डॉ. सुधीर गुप्ता 1184 वोटों से आगे हैं। कुल 4083 मतों की गणना होनी है।

12:41 PM, 12-Apr-2022

एमएलसी चुनाव: भाजपा की रमा निरंजन जीती

विधान परिषद की झांसी-ललितपुर-जालौन सीट पर भाजपा प्रत्याशी रमा निरंजन ने जीत दर्ज की है। जबकि, दूसरे स्थान पर सपा के श्यामसुंदर सिंह पारीछा रहे। 

12:32 PM, 12-Apr-2022

सपा के सुनील साजन की करारी हार

लखनऊ-उन्नाव एमएलसी सीट पर भाजपा के रामचंद्र प्रधान भारी मतों से जीते हैं। रामचंद्र प्रधान को 3487 वोट मिले, सपा के सुनील साजन बुरी तरह हार गए। 
 

12:30 PM, 12-Apr-2022

भाजपा प्रत्याशी विशाल सिंह चंचल ने जीत दर्ज कर कब्जा रखा बरकरार

गाजीपुर में एमएलसी चुनाव की मतगणना का कार्य पूरा हो गया है। मतगणना में भाजपा प्रत्याशी विशाल सिंह ने सपा के मदन सिंह यादव को हराकर जीत दर्ज की है। उनकी जीत से उनके समर्थकों में खुशी की लहर है। जनपद में एमएलसी चुनाव को लेकर लगाए जा रहे कयासों पर विराम लग गया। मंगलवार को विकास भवन के सभागार में सुबह आठ बजे मतगणना का कार्य शुरू हुआ। तीन घंटे में ही मतणना का कार्य पूरा कर लिया गया। मतगणना में भाजपा के विशाल सिंह चंचल ने सपा के मदन सिंह यादव को पटखनी देकर दूसरे बार भी सीट पर कब्जा बरकरार रखा। मतगणना में विशाल सिंह चंचल को 2422 मत प्राप्त हुए। जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी सपा के मदन सिंह यादव को 632 और 43 अवैध मत पड़े।

12:18 PM, 12-Apr-2022

अक्षय प्रताप सिंह पांचवी बार एमएलसी बने

प्रतापगढ़ में राजा भइया का जलवा कायम है। अक्षय प्रताप सिंह 5वीं बार एमएलसी बने हैं। अक्षय प्रताप सिंह 1106 मतों से विजयी हुए हैं। उन्हें कुल 1720 मत मिले। भाजपा के हरी प्रताप सिंह को 614 वोट प्राप्त हुए। सपा के विजय बहादुर यादव 380 मत पाकर तीसरे स्थान पर रहे। इनवैलिड मतों की संख्या 62 रही, वहीं जनसत्ता दल के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश नाथ ओझा 14 को वोट मिले। इनके अलावा अक्षय प्रताप सिंह की पत्नी मधुरिमा सिंह को 5 मत मिले।

12:16 PM, 12-Apr-2022

सपा-भाजपा को पटखनी देकर निर्दल विक्रांत सिंह रिशु ने मारी बाजी

आजमगढ़ जनपद में एमएलसी चुनाव की मतगणना का कार्य पूरा हो गया है। मतगणना में निर्दल प्रत्याशी विक्रांत सिंह रिशु ने भाजपा के अरूण कांत यादव को हराकर जीत दर्ज की है। उनकी जीत से उनके समर्थकों में खुशी की लहर है। जनपद में एमएलसी चुनाव को लेकर लगाए जा रहे कयासों पर विराम लग गया। मंगलवार को एफसीआई गोदाम में सुबह आठ बजे मतगणना का कार्य शुरू हुआ। तीन घंटे में ही मतणना का कार्य पूरा कर लिया गया। मतगणना में निर्दल प्रत्याशी विक्रांत सिंह रिशु ने भाजपा के अरुण कांत यादव को पटखनी देकर इस सीट पर कब्जा जमाया। मतगणना में विक्रांत सिंह रिशु 4075 मत प्राप्त हुए। जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के अरूण कांत यादव को 1262 और सपा के राकेश यादव को 356 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार विक्रांत सिंह रिशु 2813 मतों से विजयी घोषित किए गए।

12:09 PM, 12-Apr-2022

रविशंकर सिंह पप्पू को मिली बड़ी जीत, लगातार चौथी बार बने एमएलसी

बलिया में एमएलसी चुनाव की मतगणना खत्म हो गयी। यहां भाजपा प्रत्याशी रविशंकर सिंह 'पप्पू' ने 2259 मत प्राप्त कर लगातार चौथी बार जीत दर्ज की है। वहीं, सपा प्रत्याशी अरविन्द गिरी को 278 मत से संतोष करना पड़ा है। बता दे कि यहां 2577 वोट पड़े थे, जिसमें 40 मत प्रतिपेक्षित है।

12:01 PM, 12-Apr-2022

भाजपा प्रत्याशी पवन सिंह जीते

सीतापुर सीट पर 3754 मत पाकर भाजपा प्रत्याशी पवन सिंह एमएलसी पद का चुनाव जीते हैं। सपा प्रत्याशी को मात्र 61 मत मिले हैं। निर्दलीय प्रत्याशी को आठ मत, जबकि 42 मत अवैध पाए गए।
 

11:54 AM, 12-Apr-2022

4401 मतों से भाजपा के अवधेश जीते

गोंडा-बलरामपुर सीट पर मतों की गणना पूरी हो गई है। भाजपा के अवधेश कुमार सिंह उर्फ मंजू सिंह ने सपा प्रत्याशी डा. भानु कुमार त्रिपाठी को 4401 मतों से पराजित किया है। प्रेक्षक व जिलाधिकारी के देखरेख में सुबह आठ बजे शुरू हुई मतों की गणना 11 बजे तक पूरी हो गई। सपा को करारी हार मिली है। गोंडा व बलरामपुर के 26 केंद्रों पर बीते नौ अप्रैल को हुए मतदान में 4824 मतदाताओं ने मतदान किया था। मतों की गिनती मंगलवार को कलेक्ट्रेट के जनसुनवाई कक्ष में हुई। जिसमें भाजपा प्रत्याशी अवधेश कुमार सिंह उर्फ मंजू सिंह को  4572, सपा प्रत्याशी डा. भानु कुमार त्रिपाठी को सिर्फ 171 मत हासिल हुए। निर्दल प्रत्याशी आनंद स्वरूप यादव उर्फ पप्पू यादव को 17 मत मिले है। मतदान में 21 मत अवैध रहे।

11:49 AM, 12-Apr-2022

पांचवीं बार एमएलसी निर्वाचित हुए शैलेंद्र प्रताप सिंह

सुल्तानपुर-अमेठी विधान परिषद सीट से भाजपा के शैलेंद्र प्रताप सिंह विजयी हुए हैं। उन्होंने सपा प्रत्याशी शिल्पा प्रजापति को बड़े अंतर से पराजित किया। भाजपा के शैलेन्द्र प्रताप सिंह को 2481 मत मिले हैं वहीं सपा की शिल्पा प्रजापति को 1119 मत मिले। शैलेंद्र प्रताप सिंह पांचवीं बार एमएलसी निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने अब तक छह बार चुनाव लड़ा, जिसमें पांच बार जीत हासिल की है।

11:44 AM, 12-Apr-2022

मुरादाबाद-बिजनौर विधान परिषद सीट पर भाजपा की जीत

मुरादाबाद-बिजनौर विधान परिषद सीट पर एमएलसी बीजेपी उम्मीदवार सतपाल सैनी ने जीत दर्ज की है। 
 

11:39 AM, 12-Apr-2022

वाराणसी में निर्दलीय की जीत

वाराणसी में एक बार फिर से बृजेश सिंह का दबदबा क़ायम रहा। एमएलसी चुनाव में उनकी पत्नी अन्नपूर्णा ने बड़े अंतर से जीत दर्ज की है। यहां भाजपा को तीसरा स्थान मिला। अंतिम चक्र की मतगणना में सपा के उमेश यादव को 345, भाजपा के डॉ सुदामा पटेल को 170 वोट मिले। वहीं, निर्दलीय अन्न पूर्णा सिंह ने 4234 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। इसमें 127 कुल निरस्त मतपत्र मिले।

बता दें कि 24 वर्ष से बनारस की इस सीट पर केंद्रीय जेल में बंद बृजेश सिंह या उनके परिवार का ही कब्जा रहा है। निवर्तमान एमएलसी बृजेश सिंह के बड़े भाई उदयभान सिंह उर्फ चुलबुल सिंह एमएलसी सीट पर 1998 में एमएलसी बने। दो बार एमएलसी चुने गए और पंचायत चुनाव में उनका दबदबा जगजाहिर ही है। इसके बाद 2010 में बृजेश सिंह की पत्नी अन्नपूर्णा सिंह बसपा के टिकट से इस सीट पर एमएलसी बनी। इसके बाद वर्ष 2016 में बृजेश सिंह मैदान में उतरे तो भाजपा ने उन्हें समर्थन दिया और उनके खिलाफ कोई प्रत्याशी नहीं उतारा।

11:34 AM, 12-Apr-2022

वंदना वर्मा सहारनपुर सीट पर एमएलसी बनी

मुजफ्फरनगर सहारनपुर प्राधिकारी स्थानीय निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव में भाजपा प्रत्याशी वंदना वर्मा विजय घोषित हुई है। इस सीट पर भाजपा ने पहली बार जीत हासिल की है। वंदना वर्मा को 3843 मत मिले। सपा प्रत्याशी आरिफ को 842, निर्दलीय सुशील को 11, प्रमोद आर्य को 18 और जाहिद को 6 वोट मिले हैं। 212 मत निरस्त हुए हैं। तीनों जनपद के में हुए चुनाव में कुल 4932 मत पड़े थे जिनमें से 4720 मत वैध पाए गए। चुनाव में भाजपा की वंदना वर्मा ने सपा प्रत्याशी आरिफ को 3001 वोट से पराजित किया है।
 

11:27 AM, 12-Apr-2022

एमएलसी चुनाव: कानपुर-फतेहपुर सीट पर खिला कमल

कानपुर-फतेहपुर सीट पर भी कमल खिला है। यहां भाजपा के अविनाश सिंह को 4600 से अधिक वोट मिले हैं, जबकि सपा के दिलीप सिंह कल्लू यादव को मात्र 250 वोट प्राप्त हुए हैं। 

11:24 AM, 12-Apr-2022

कानपुर-फतेहपुर सीट पर भाजपा की जीत

गोरखपुर महराजगंज सीट पर भी भारतीय जनता पार्टी की जीत हुई है। यहां भाजपा प्रत्याशी सीपी चंद विजयी घोषित हुए हैं।

11:20 AM, 12-Apr-2022

बस्ती-सिद्धार्थनगर सीट पर भाजपा के सुभाष को मिली जीत

बस्ती-सिद्धार्थनगर विधान परिषद चुनाव में भाजपा को जीत मिली है। भाजपा के सुभाष यदुवंश को 5267 वोट मिले हैं। वहीं, सपा के संतोष यादव सन्नी को 887 मत प्राप्त हुए। सुभाष यदुवंश ने 4280 वोटों से जीत दर्ज की है। भाजपाइयों में खुशी की लहर है।

11:17 AM, 12-Apr-2022

सीतापुर में सपा की करारी हार

सीतापुर में भी कमल खिला है। यहां समाजवादी पार्टी को बुरी तरह हार मिली है। भाजपा के पवन सिंह ने जीत दर्ज की है। 3762 मत पाकर भाजपा प्रत्याशी पवन सिंह एमएलसी पद का चुनाव जीत गए हैं। सपा प्रत्याशी को मात्र 61 मत मिले हैं, जबकि 42 मत अवैध पाए गए।

 

11:15 AM, 12-Apr-2022

फैजाबाद सीट पर भाजपा के हरिओम जीते

फैज़ाबाद सीट पर भारतीय जनता पार्टी को जीत मिली है। यहां भाजपा के हरिओम पांडेय ने 2724 वोट प्राप्त किए और सपा के हीरालाल को 
1044 मत मिले हैं।


11:12 AM, 12-Apr-2022

देवरिया-कुशीनगर एमएलसी सीट से कफील खान हारे

भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डॉक्टर रतनपाल सिंह को 4255 वोट मिले। समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार डॉ कफील खान को 1031वोट मिले। 
भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डॉ रतन पाल सिंह 3224 मतों से विजयी घोषित।

11:06 AM, 12-Apr-2022

भाजपा प्रत्याशी प्रांशुदत्त द्विवेदी आगे

फर्रुखाबाद एमएलसी सीट पर वोटों की गिनती जारी है। एमएलसी चुनाव के दूसरा राउंड में भाजपा प्रत्याशी को 1428 वोट मिले हैं, जबकि सपा के प्रत्याशी को 238 मत प्राप्त हुए। इसके अलावा निर्दलीय प्रत्याशी नरेंद्र को 07 वोट मिले। भाजपा प्रत्याशी प्रांशुदत्त द्विवेदी 1190 से आगे चल रहे हैं।
 

11:03 AM, 12-Apr-2022

आजमगढ़ में भाजपा प्रत्याशी ने लगाए गंभीर आरोप

आजमगढ़ में एमएलसी चुनाव की मतगणना जारी है। भाजपा प्रत्याशी अरूण कांत यादव ने पार्टी का समर्थन न मिलने का आरोप लगाया है। आपको बता दें कि अरुण सपा विधायक रमाकान्त यादव के पुत्र हैं।
 

11:01 AM, 12-Apr-2022

जौनपुर में भाजपा की जीत

जौनपुर में लगातार दूसरी बार बृजेश सिंह प्रिंसू एमएलसी बने हैं। उन्हें 3130 मत मिले हैं। पूर्व सांसद धनंजय सिंह के करीबी बृजेश को इस बार भाजपा ने प्रत्याशी बनाया था। वहीं, सपा के डॉ मनोज कुमार यादव को कुल 772 मत मिले हैं।
 

11:00 AM, 12-Apr-2022

मेरठ में भी भाजपा की जीत

मेरठ में भाजपा के धर्मेंद्र भारद्वाज ने एमएलसी के चुनाव में जीत हासिल की है। धर्मेंद्र भारद्वाज को 3708 वोट मिले वहीं कैंसिल वोटों की संख्या 119 रही। जिले में कुल 4040 वोट पड़े थे। गठबंधन से सुनील रोहटा को 227 वोटों के साथ संतोष करना पड़ा।

10:52 AM, 12-Apr-2022

आगरा फिरोजाबाद एमएलसी सीट पर बीजेपी के विजय शिवहरे की बड़ी जीत

भाजपा के विजय शिवहरे 3266 वोट से सपा के दिलीप सिंह को हराकर आगरा फिरोजबाद एलएलसी चुनाव जीत गए हैं। सपा के डॉ दिलीप सिंह को 205 वोट प्राप्त हुए हैं। प्रथम वरीयता के 1871 मत जीत के लिए विजयी प्रत्याशी को चाहिए थे। डीएम प्रभु एन सिंह के मुताबिक भाजपा को कुल 3471 मिले हैं। निर्दलीय हसनूराम अंबेडकरी को 12, प्रवीण कुमार को 30 और विमल कुमार को 22 वोट मिले हैं।
 

10:47 AM, 12-Apr-2022

भाजपा प्रत्याशी एवं राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिनेश प्रताप सिंह जीते

रायबरेली में भाजपा प्रत्याशी एवं राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिनेश प्रताप सिंह एमएलसी चुनाव में दो हजार से ज्यादा मतों से जीत गए हैं। प्रतिद्वंदी एवं सपा के जिला अध्यक्ष वीरेंद्र यादव को करारी शिकस्त मिली है। भाजपा उम्मीदवार दिनेश प्रताप सिंह के विजयी होने की घोषणा होना बाकी है।
 

10:41 AM, 12-Apr-2022

सीतापुर में एमएलसी चुनाव के मतगणना जारी

सीतापुर में एमएलसी चुनाव के लिए
पड़े 3865 मतों की गणना तहसील सदर सभागार में सुबह 8:15 बजे से जारी है। इससे पहले 7:30 बजे  सील्ड/ पोल्ड बैलट बॉक्स निकाले गए। मतगणना डीएम, जिला निर्वाचन अफसर विशाल भारद्वाज व एसपी आरपी सिंह की मौजूदगी में सुचारू रूप से चल रही है।

10:36 AM, 12-Apr-2022

भाजपा प्रत्याशी विजय शिवहरे आगे

आगरा में मंडी समिति में जारी मतगणना में 105 मत छंटनी के दौरान निरस्त मिले हैं। कुल 3845 वोट पड़े थे। मतगणना में भाजपा प्रत्याशी विजय शिवहरे आगे चल रहे हैं। 

10:29 AM, 12-Apr-2022

बहराइच में भाजपा की प्रज्ञा त्रिपाठी ने जीत दर्ज की

बहराइच में एमएलसी चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी प्रज्ञा त्रिपाठी ने जीत दर्ज की है। सपा प्रत्याशी अमर यादव को भाजपा प्रत्याशी प्रज्ञा त्रिपाठी ने हरा दिया है। प्रज्ञा त्रिपाठी ने 3188 मतों से जीत हासिल की है। 
 

10:20 AM, 12-Apr-2022

छंटनी में एमएलसी के 105 मत निरस्त

आगरा में मंडी समिति में जारी मतगणना में 105 मत छंटनी के दौरान निरस्त मिले हैं। कुल 3845 वोट पड़े थे। निरस्त मतों के बाद 3740 वैध मतों की गिनती शुरू हो गई है। डीएम प्रभु एन सिंह के मुताबिक प्रथम वरीयता के न्यूनतम 1871 मतों का कोटा निर्धारित हुआ है। यह कुल वैध मतों के 50 फीसदी से एक अधिक है। पहले चरण में सात टेबलों पर वोटों की गिनती की जा रही है।
 

09:55 AM, 12-Apr-2022

आगरा-फिरोजाबाद एमएलसी सीट पर गिनती जारी

आगरा-फिरोजाबाद एमएलसी सीट के लिए मतगणना का कार्य जारी है। नवीन मंडी परिसर में मतपत्रों के बंडल बनाने का काम पूरा हो गया है। इसके बाद वैध मतों की गिनती साढ़े नौ बजे से शुरू हो गई।

09:34 AM, 12-Apr-2022

एमएलसी चुनाव के लिए कलक्ट्रेट में मतगणना जारी

इटावा-फर्रुखाबाद विधान परिषद क्षेत्र के लिए हुए चुनाव की मतगणना आज कलक्ट्रेट में शुरू हो गई है। इस दौरान कलक्ट्रेट के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इस चुनाव में भाजपा से भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष प्रांशु दत्त दिद्वेदी, सपा से मोहम्मदाबाद नगर पंचायत अध्यक्ष हरीश यादव के अलावा निर्दलीय प्रत्याशी नरेंद्र सिंह मैदान में हैं। भाजपा प्रत्याशी प्रांशु दत्त द्विवेदी का लगभग जीतना तय माना जा रहा है।

09:21 AM, 12-Apr-2022

लखनऊ में मतगणना केंद्र पर कड़ी सुरक्षा

लखनऊ में कलेक्ट्रेट में एमएलसी चुनाव की मतगणना जारी है। मतगणना केंद्र पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है। 

09:14 AM, 12-Apr-2022

सबसे पहले निरस्त मत पत्रों की छंटनी

आगरा में एमएलसी चुनाव के लिए मंडी समिति में मतगणना हो रही है। सबसे पहले निरस्त मत पत्र छांटे जा रहे हैं। फिर 25-25 मतपत्रों के बंडल बनेंगे। सुबह साढ़े सात बजे डीएम की मौजूदगी में स्ट्रांग रूम खोले गए। इसके बाद मतगणना शुरू हुई। मतगणना को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

09:02 AM, 12-Apr-2022

डीएम पीएन सिंह ने निरीक्षण किया

आगरा के शाहदरा स्थित नवीन गल्ला मंडी परिसर में मतगणना से पहले डीएम पीएन सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। 

08:50 AM, 12-Apr-2022

वाराणसी और आज़मगढ़ सीट पर सबकी नजरें

वाराणसी, बलिया, जौनपुर, गाजीपुर और आज़मगढ़ में मतगणना जारी है। सबसे पहले मतपत्र के प्रथम वरीयता के आधार पर वैधता की जांच की जा रही है। इसके बाद ही मतगणना पर्यवेक्षक मतपत्रों की छंटनी श्रेणी के अनुसार करेंगे। वाराणसी और आज़मगढ़ सीट पर लोगों की नज़र है। इन दोनों सीटों पर भाजपा की प्रतिष्ठा की लड़ाई है। 

08:25 AM, 12-Apr-2022

विधान परिषद चुनाव की मतगणना शुरू

गोरखपुर में टाउन हॉल कचहरी क्लब में विधान परिषद चुनाव की मतगणना शुरू हो गई है। दोपहर तक नतीजे आने की संभावना है।
 

08:13 AM, 12-Apr-2022

नवीन गल्ला मंडी परिसर में शुरू हुई मतगणना

आगरा फिरोजाबाद एमएलसी (स्थानीय प्राधिकारी) चुनाव की मतगणना मंगलवार सुबह आठ बजे से शाहदरा स्थित नवीन गल्ला मंडी परिसर में शुरू हो गई। मतगणना से 30 मिनट पहले स्ट्रांग रूम खोले गए। करीब तीन घंटे में परिणाम आ जाएंगे। मतगणना रिपोर्ट आयोग को भेजी जाएगी। आयोग से संस्तुति के बाद विजयी प्रत्याशी को प्रमाणपत्र दिया जाएगा।

5 प्रत्याशियों ने एमएलसी चुनाव लड़ा है। इनमें भाजपा से विजय शिवहरे, सपा प्रत्याशी दिलीप यादव, निर्दलीय आंबेडकरी हसनुराम, विमल और प्रवीन कुमार शामिल हैं। हालांकि टक्कर भाजपा और सपा के बीच है।

08:03 AM, 12-Apr-2022

मतणना शुरू हुई

विधान परिषद चुनाव के तहत झांसी-ललितपुर और जालौन सीट के वोटों की गिनती आज मंगलवार को बुंदेलखंड डिग्री कॉलेज के कोठारी हॉल में शुरू हो गई है। सोमवार को हॉल के बाहर बैरिकेडिंग लगाकर मतगणना की  तैयारियां की गईं। मतगणना के लिए 14 टेबल बनाई गई हैं। कंट्रोल रूम और सीसीटीवी कैमरों के जरिए कड़ी निगरानी की जाएगी। 
 

07:31 AM, 12-Apr-2022

इन जिलों में होगी मतगणना

मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, लखनऊ, रायबरेली, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, बाराबंकी, बहराइच, गोंडा, अयोध्या, बस्ती, गोरखपुर, देवरिया, आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी, प्रयागराज, झांसी, फतेहपुर, फर्रुखाबाद, आगरा, मेरठ और सहारनपुर।

07:14 AM, 12-Apr-2022

इन सीटों पर हुआ था मतदान

 

वहीं, मुरादाबाद-बिजनौर, रामपुर-बरेली, पीलीभीत-शाहजहांपुर, सीतापुर, लखनऊ-उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, बाराबंकी, बहराइच, आजमगढ़-मऊ, गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी, इलाहाबाद, झांसी-जालौन-ललितपुर, कानपुर-फतेहपुर, इटावा-फर्रुखाबाद, आगरा-फिरोजाबाद, मेरठ-गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर-सहारनपुर, गोंडा, फैजाबाद, बस्ती-सिद्धार्थनगर, गोरखपुर-महाराजगंज, देवरिया और बलिया सीट के लिए नौ अप्रैल को मतदान हुआ था।

07:01 AM, 12-Apr-2022

सभी मतगणना केंद्रों पर आब्जर्वर की तैनाती

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) मुख्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि मतदान के लिए जो केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल यूपी को उपलब्ध कराया गया था वह मतगणना पूरी होने तक तैनात रहेगा। सभी मतगणना केंद्रों पर आब्जर्वर (पर्यवेक्षकों) की तैनाती भी की गई है। स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र की 35 निकाय सीटों पर 36 सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया चार फरवरी को शुरू हुई थी। लेकिन विधानसभा चुनाव के चलते इस प्रक्रिया को आगे बढ़ा दिया गया था। 25 मार्च तक इस चुनाव के लिए नामांकन जमा कराए गए। 36 सीटों में से 9 पर भाजपा के सदस्य निर्विरोध निर्वाचित घोषित हुए हैं।

05:51 AM, 12-Apr-2022

UP MLC Election Result Live: भाजपा को विधान परिषद में पूर्ण बहुमत, सपा का सूपड़ा साफ, तीन निर्दलीय जीते

उत्तर प्रदेश में स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र की 27 विधान परिषद सीटों पर मतगणना आज सुबह 8 बजे से शुरू होगी। इन सीटों पर 9 अप्रैल को चुनाव हुआ था। मतगणना 27 जिलों के मुख्यालय पर कलेक्ट्रेट में होगी। इसके लिए आयोग और पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें