फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP Election News Live: योगी आदित्यनाथ बोले- जनवरी 2017 तक भूख से तड़प रहे थे लोग, आज उत्तर प्रदेश में भूख से कोई मौत नहीं होती

Fri, 04 Feb 2022 08:28 PM IST
जयदेव सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

 UP Vidhan Sabha Chunav 2022 Opinion Poll Live News Updates in Hindi: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के बीच जुबानी जंग तेज होती जा रही है। एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी है। पढ़िए सूबे की राजनीति से जुड़े पल-पल के अपडेट्स...
विज्ञापन
गोरखपुर में अमित शाह, धर्मेंद्र प्रधान और योगी आदित्यनाथ। - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:27 PM, 04-Feb-2022

अनुराग ठाकुर का नया नारा

लखनऊ में प्रचार करने पहुंचे केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने नया नारा दिया। उन्होंने कहा 'साइकिल रखो नुमाइश में, कमल ही खिलेगा 22 में'। उन्होंने कहा कि सपा से कोई भी टिकट नहीं लेना चाहता है। अखिलेश की हताशा अब साफ दिखने लगी है।  

05:10 PM, 04-Feb-2022

सपा की सूची पर अनुराग ठाकुर का हमला

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने लखनऊ में सपा के उम्मीदवारों की सूची पर निशाना साधा। ठाकुर ने कहा कि अखिलेश यादव ने शायद ही ऐसे किसी अपराधी, दंगाई और माफियां को छोड़ा होगा जिसका नाम उम्मीदवार की सूची में ना हो। जो जेल के पीछे हैं उन लोगों का समर्थन अगर ये लोग चोरी-छिपे करते हैं तो प्रदेश की जनता उसे कभी स्वीकार नहीं करेगी। 

04:40 AM, 04-Feb-2022

अखिलेश ने की ओवैसी पर हुए हमले की निंदा

उत्तर प्रदेश में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर हुए हमले की अखिलेश यादव ने निंदा की है। उन्होंने कहा कि इसकी मैं निंदा करता हूं। इसके पीछे दोषी कौन है? और कारण क्या है? ये लोग तो दावा करते थे कि प्रदेश से अपराधी भाग गए हैं। अगर अपराधी भाग गए थे तो यह हमला किसने किया। 
 

विज्ञापन
04:20 PM, 04-Feb-2022

योगी बोले- आज उत्तर प्रदेश में भूख से कोई मौत नहीं होती

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ये वहीं उत्तर प्रदेश है जहां 2017 से पहले भूख से मौतें होतीं थीं। 2003 से 2016 और यहां तक कि जनवरी 2017 तक कुशीनगर के अंदर भूख से मौतें हुईं थीं। उस समय सांसद के रूप में मुझे उन क्षेत्रों में जाने का अवसर प्राप्त हुआ था। मैंने खुद भूख से तड़प रहे लोगों को अपनी आंखों से देखा। उनकी पीड़ा को समझकर उसके खिलाफ आवाज भी उठाई थी। आज उत्तर प्रदेश में भूख से कोई मौत नहीं होती है। डबल इंजन की सरकार 15 करोड़ लोगों को डबल डोज राशन की उपलब्ध करा रही है।

04:13 PM, 04-Feb-2022

हम खाई पैदा करने वाली राजनीति को खत्म करना चाहते हैं: अखिलेश 

आगर में एक जनसभा में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि पहले बिस्कुल का भी पैकेट बड़ा आता था। जैसे-जैसे महंगाई बढ़ी पैकेट छोटा होता गया। पैसे कम नहीं हुए पैकेट में से बिस्कुट कम हो गए। हम नकारात्मक राजनीति को खत्म करना चाहते हैं। खाई पैदा करने वाली राजनीति को हम खत्म करना चाहते हैं। 

विज्ञापन
03:35 PM, 04-Feb-2022

बीमारू से उपयोगी हो गया उत्तर प्रदेश: नड्डा

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जालौन में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि एक समय था 1998-2000 में जब भारत के आंकड़े आते थे तो वे आशाजनक नहीं आते थे, तब बताया गया था कि कुछ बीमारू राज्य हैं, जिसमें बीमारू का U उत्तर प्रदेश था। आज UP हो गया उपयोगी, उत्तर प्रदेश नंबर-1 राज्य हो गया है। 

03:05 PM, 04-Feb-2022

गाजियाबाद में क्या बोलीं प्रियंका

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी गाजियाबाद में घर-घर जाकर प्रचार कर रही हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में हम पिछले 30 साल में पहली बार सभी 403 सीटों पर लड़ रहे हैं। लॉकडाउन, नोटबंदी आदि के चलते बहुत से छोटे और मध्यम उद्योग बंद होने की कगार पर हैं, उन्हें सहयोग नहीं मिल रहा। हम ये मुद्दे उठा रहे हैं।

02:18 PM, 04-Feb-2022

केंद्र की योजनाओं पर ब्रेक लगाकर रखती थी पिछली सरकार: मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 5 साल पहले तक ये माफियावादी केंद्र की योजनाओं का लाभ यूपी के गरीब, दलित, पिछड़े तक नहीं पहुंचने देते थे। केंद्र की योजनाओं में उनकी मनमानी नहीं चलती थी, भ्रष्टाचार नहीं चलता था इसलिए ये उन योजनाओं में ब्रेक लगाकर रखते थे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा अगर इन्हें मौका मिल गया तो किसानों के परिवारों को मिल रही हजारों करोड़ की मदद ये नकली समाजवादी बंद करवा देंगे।

आपको जो मुफ्त राशन मिल रहा है ये नकली समाजवादी आपको भूखा छोड़ देंगे। दलितों के, पिछड़ों के बच्चों को जो स्कॉलरशिप मिलती है उसे भी ये बंद करवा देंगे। चीनी मिलों की तरह ये ताला ही लगाने वाले हैं। ये मध्यमवर्ग की जेब पर डाका डालकर रियल स्टेट माफिया को दे देंगे। कहने को कागजी नकली समाजवादी और पूरी तरह परिवारवादी पूरी तरह से तैयार बैठे हैं।

02:13 PM, 04-Feb-2022

लोगों ने ये मन बना लिया है कि दंगाइयों को सत्ता हथियाने नहीं देंगे: मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जन चौपाल कार्यक्रम में कहा कि मुझे खुशी है कि उत्तर प्रदेश के लोगों ने ये मन बना लिया है कि दंगाइयों, माफियाओं को पर्दे के पीछे रहकर के प्रदेश की सत्ता हथियाने नहीं देंगे।

02:07 PM, 04-Feb-2022

ये चुनाव सुरक्षा, सम्मान की पहचान बनाए रखने का: मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आजादी के बाद यूपी ने अनेक चुनाव देखे हैं, अनेक सरकारें बनती-बिगड़ती देखी हैं। लेकिन ये चुनाव सबसे अलग है। ये चुनाव सुरक्षा, सम्मान और समृद्धि की पहचान को बनाए रखने के लिए है। ये चुनाव हिस्ट्री शीटर्स को बाहर रखने और नई हिस्ट्री बनाने के लिए है। 
 

02:04 PM, 04-Feb-2022

समाजवादी सिर्फ परिवारवादी: मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि ये सिद्ध हो चुका है कि समजावादी सिर्फ परिवारवादी थे। जिस गाजियाबाद को दिल्ली का गेट-वे माना जाता है,  उसकी कनेक्टिविटी पांच साल पहले क्या थी ये आप सभी जानते हैं। इस क्षेत्र की कनेक्टिविटी अब बेहतर हुई है। अलीगढ़ में जो डिफेंस कॉरिडोर का काम शुरू हुआ है, इससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर बनेंगे। वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट अभियान से अलीगढ़ के ताला उद्योग जैसे उद्योगों को मदद मिल रही है। 

02:01 PM, 04-Feb-2022

वैक्सीन लगवाकर लोगों ने दो टूक समझा दिया कि समाजवादी झूट टिक नहीं सकता: मोदी

प्रधानमंत्री  मोदी ने अपने वर्चुअल संवाद में कहा कि वैक्सीन के इतने डोज नहीं लगे होते तब ओमीक्रॉन जैसा वैरिएंट आता तो देश का क्या होता? गंदी राजनीति करने वाले लोग इसके लिए अफवाहें फैलाते रहे। आप लोगों ने ऐसे लोगों को दो टूक समझा दिया है कि समाजवादी झूठ टिक नहीं सकता। एक्सप्रेस वे हो, सड़के हों, हर घर जल पहुंचाने का अभियान हो, बीते सालों में हर काम में अभूतपूर्व तेजी आई है। 2017 से पहले की सरकार ने एक्सप्रेस वे के नाम पर कैसी लूट मचाई ये सब जानते हैं।  योगी जी की सरकार में पूर्वांचल और दिल्ली-मेरठ एक्स्प्रेसवे पूरे हो चुके हैं। इनका विकास कागजी था, ये सिद्ध हो चुका है कि ये समाजवादी भी सिर्फ और सिर्फ परिवारवादी हैं। 

01:45 PM, 04-Feb-2022

आगरा में जयंत का योगी पर हमला

सपा प्रमुख अखिलेश यादव और रालोद प्रमुख जयंत चौधरी ने आगरा में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान जयंत चौधरी ने कहा कि मैं योगी जी से कहता हूं कि आप हमारी गर्मी निकालने की बात कर रहे हो, हमारा तो कुछ कर नहीं सकते। लेकिन उन नौजवानों की गर्मी कैसे निकालोगे जो नौकरी मांग रहे हैं, किसानों की गर्मी कैसे निकालेंगे। 

01:22 PM, 04-Feb-2022

प्रियंका ने गाजियाबाद में घर-घर जाकर किया प्रचार

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने गाजियाबाद में घर-घर जाकर चुनाव प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमने अपने संगठन को मजबूत करने के लिए बहुत काम किया है। उत्तर प्रदेश में पिछले 2 सालों में जमीन पर सिर्फ कांग्रेस ही दिखी है, कांग्रेस ने हर तरह का मुद्दा उठाया है। जनता के साथ सिर्फ कांग्रेस ही खड़ी हुई है। 

12:47 PM, 04-Feb-2022

योगी ने गोरखपुर सीट से किया नामांकन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर सीट से नामांकन दाखिल कर दिया है। नामांकन के दौरान गृह मंत्री अमित शाह भी उनके साथ थे। 

12:14 PM, 04-Feb-2022

योगी की नामांकन सभा में क्या बोले अमित शाह

गृह मंत्री अमित शाह ने गोरखपुर में कहा कि उत्तर प्रदेश के इतिहास में फिर से नया इतिहास बनने जा रहा है। योगी जी के नामांकन के साथ ही भाजपा उत्तर प्रदेश में 300 के पार फिर से पहुंचेगी। 

12:04 PM, 04-Feb-2022

नामांकन से पहले क्या बोले योगी

योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में नामांकन से पहले कहा कि भाजपा अपने सहयोगी को साथ लेकर उत्तर प्रदेश में अपने वर्चस्व को दिखाएगी। उत्तर प्रदेश में पांच साल में जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में जन अपेक्षाओं पर खरा उतरने का काम किया है। उत्तर प्रदेश और देश के अंदर भाजपा सरकारों के बारे  में कोई भी नकारात्मक टिप्पणी नहीं कर सकता। गरीब को मकान मिल जाना, शौचालय मिल जाना, बिना भेदभाव सभी की आस्था का सम्मान और सुरक्षा मिलना एक बड़ी बात थी। इन पांच सालों में भाजपा संगठन और सरकार ने मिलकर ये परिणाम दिया है।   

11:47 AM, 04-Feb-2022

गोरखपुर पहुंचे अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गोरखपुर पहुंच गए हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गृह मंत्री का स्वागत किया। शाह यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नामांकन में शामिल होंगे। 

11:41 AM, 04-Feb-2022

पश्चिमी यूपी के रण में जाटों को साधने में जुटे दिग्गज

पश्चिम के रण में जाटों के ठाठ हैं। आगरा और अलीगढ़ की आठ और मेरठ एवं सहारनपुर मंडल की 18 सीटों पर जाटों का प्रभाव है। चुनाव में ऊंट किस करवट बैठेगा, जाटों का वोट भी तय करता है। दिग्गज जाटों को साधने में जुटे हुए हैं। भगवा खेमा किसान आंदोलन से हुए नुकसान की भरपाई में जुटा है तो दूसरी तरफ सपा-रालोद गठबंधन आंदोलन की नाराजगी को भुनाना चाहता है। पढ़ें पूरी खबर...

11:20 AM, 04-Feb-2022

अखिलेश जी आपको तो 2017 में ही ठंडा कर दिया गया: सिद्धार्थ नाथ सिंह

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री व भाजपा नेता सिद्धार्थ नाथ सिंह ने अखिलेश यादव के कंप्रेसर वाले बयान पर कहा कि अखिलेश जी आपको तो 2017 में ही ठंडा कर दिया गया था और इसके लिए मुख्यमंत्री की जरूरत भी नहीं पड़ी। आपको तो जनता ने ही ठंडा कर दिया। पहले जनता के बीच जाकर गर्म तो हो जाओ। विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव 2022 के बाद भी ठंडे ही रहेंगे। 

10:44 AM, 04-Feb-2022

 इन सीटों पर दिलचस्प मुकाबला, कहीं गुरु-शिष्य तो कहीं दोस्त बने दुश्मन

सियासत में कुछ भी स्थायी नहीं होता है। यही वजह है कि कहीं गुरु-शिष्य मैदान में हैं, तो कहीं गलबहियां करने वाले दोस्तों में दुश्मनी हो गई है। वे मतदाताओं के बीच एक-दूसरे की कारगुजारियां गिनाते हैं। घटनाओं का जिक्र कर ललकारते हैं। कहीं दोस्त पर धोखा देने का आरोप लगा रहे हैं, तो कहीं खुद के साथ हुई नाइंसाफी गिना रहे हैं। कई जगह चुनावी जंग में रास्ते अलग-अलग हो गए हैं। इन सीटों पर इसलिए भी मुकाबला रोचक है, क्योंकि दोनों एक-दूसरे की चाल को समझते हैं।  दोनों के बीच शह और मात का खेल भी जारी है। पढ़ें प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों की कुछ ऐसी ही कहानियां बयां करती चंद्रभान यादव की रिपोर्ट...
 

10:05 AM, 04-Feb-2022

गोरखपुर में मुख्यमंत्री के नामांकन के बहाने भाजपा करेगी शक्ति प्रदर्शन

गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नामांकन के बहाने शुक्रवार को भाजपा शक्ति प्रदर्शन करेगी। नामांकन से पहले महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज मैदान में कार्यकर्ता सम्मेलन होगा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, यूपी के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाएंगे। साथ ही गोरखपुर की जनता से जीत का आशीर्वाद मांगेंगे। पढ़ें पूरी खबर...

09:53 AM, 04-Feb-2022

ब्रज में प्रत्याशियों की भरमार, लेकिन करहल से सिर्फ तीन दावेदार

ब्रज में विधायक बनने के लिए चारों जिलों में प्रत्याशियों की भरमार है, लेकिन मैनपुरी की करहल विधानसभा सीट पर केवल तीन ही प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। पूरे प्रदेश की नजरें करहल विधानसभा सीट पर टिकी हैं। यहां से सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल चुनाव लड़ रहे हैं। प्रत्याशियों की संख्या कम होने से यहां मुकाबला सीधा और दिलचस्प हो गया है।  पढ़ें पूरी खबर...

09:22 AM, 04-Feb-2022

नामांकन से पहले योगी ने किया हवन पूजन

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अपना नामांकन करेंगे। इससे पहले उन्होंने गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में हवन पूजन किया।

 

09:16 AM, 04-Feb-2022

जन चौपाल में पांच जिलों को मतदाताओं को संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जन चौपाल के माध्यम से उत्तर प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद, अलीगढ़, हापुड़ और नोएडा के मतदाताओं को संबोधित करेंगे।
 

09:01 AM, 04-Feb-2022

UP Election News Live: योगी आदित्यनाथ बोले- जनवरी 2017 तक भूख से तड़प रहे थे लोग, आज उत्तर प्रदेश में भूख से कोई मौत नहीं होती

योगी गोरखपुर शहर सीट से आज करेंगे नामांकन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गोरखपुर शहर सीट से नामांकन करेंगे। उनके साथ गृह मंत्री अमित शाह और यूपी प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान भी रहेंगे। मुख्यमंत्री के नामांकन से पहले शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। नामांकन से पहले मुख्यमंत्री ने ट्वीट करके कहा कि मैं आज गोरखपुर से विधानसभा चुनाव-2022 में सहभागिता हेतु नामांकन करूंगा। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें