चुनाव से जुड़ी आज की खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें... UP Election News Live: करहल में योगी का तंज, बोले- मुलायम होशियार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि घोर परिवारवादियों की सोच परिवार से शुरू होकर परिवार पर ही खत्म हो जाती है। इस छोटी सी सोच से यूपी जैसा बड़ा प्रदेश नहीं चलाया जा सकता है। यही वजह है कि फिर एक बार यूपी कह रहा है- आएगी तो भाजपा ही, आएंगे तो योगी ही।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि परिवारवादियों की समस्या ये है कि अगर देश के गरीब, दलित, पिछड़े, आदिवासियों को साधन मिल गए, शक्ति मिल गई, तो वोटबैंक की राजनीति करने वालों की राजनीति धरी की धरी रह जाएगी। कट-कमीशन का माफिया आत्मनिर्भर अभियान से बर्बाद हो जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज कल ये लोग आत्मनिर्भर भारत अभियान का भी विरोध कर रहे हैं। ये भारत को अब भी दूसरों पर निर्भर रखना चाहते हैं। लेकिन ये देश अब आश्रित रहना नहीं चाहता। हमारे यहां जो चीजें बनती हैं, उसका हमें गौरवगान करना चाहिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जिन परिवारवादियों ने गरीबों को वोट बैंक बनाकर रखा था, उनकी अब नींद हराम हो गई है। इनको लग रहा है कि उनका वोटबैंक जा रहा है। ये वोटबैंक के चक्कर में ही आपने देश को तबाह करके रखा है। मेरे देशवासियों का भला कीजिए, देश के लोग उदार हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'जब लाल किले से मैंने कहा था कि देश की माताओं-बहनों की पीढ़ा को दूर करने के लिए शौचालय बनाए जाएंगे, तब ये कहते थे कि कैसा प्रधानमंत्री है जो लाल किले से शौचालय की बात कर रहा है। उन्होंने न गरीबी देखी है और न गरीबों की मुसीबत देखी है। जब शौचालय नहीं था तब महिलाएं अंधेरा होने का इंतजार करती थीं।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फतेहपुर में कहा कि टीके से दो लोग डरते हैं- एक कोरोना वायरस और दूसरा ये टीका विरोधी लोग। रिकॉर्ड वैक्सीन लगा ली है तो ये लोग बोलते हैं कि सरकार टीके के पीछे इतना पैसा क्यों खर्च कर रही है। लोगों की जिंदगी बचाने के लिए सरकार ने पैसे खर्च करने चाहिए या नहीं?
बांदा में बसपा प्रमुख मायावती ने एक रैली को संबोधित किया। यहां उन्होंने कहा कि दलितों,आदिवासियों और अन्य पिछड़े वर्गों के वोटों के लिए कांग्रेस तरह-तरह के नाटक करती है जबकि इस पार्टी की सच्चाई ये है कि जब ये सत्ता में होते हैं तब इन्हें इन वर्गों का विकास में उत्थान याद नहीं आता है और न ही इन्हें महिलाओं की भागीदारी याद आती है।
लखीमपुर खीरी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि अखिलेश जी अगर आएं तो उनसे पूछना कि आपको भी उत्तर प्रदेश में मौका दिया था, आपने क्या किया? वो जवाब देंगे कि उन्होंने दंगे कराए, महिलाओं का अपमान कराया, हत्या और बलात्कार कराए।
लखीमपुर खीरी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मैं आपसे आज पूछना चाहता हूं कि उत्तर प्रदेश में, लखीमपुर में, पूरे तराई क्षेत्र में कोई बाहुबली बचा है क्या? आजम खान, अतीक अहमद, मुख्तार अंसारी ये सारे जेल में हैं। अखिलेश की सरकार बनी तो ये जेल में नहीं रहेंगे।
गृह मंत्री अमित शाह ने लखीमपुर खीरी में अखिलेश यादव पर तंज कसा। उन्होंने कहा कोरोना वैक्सीन पर अखिलेश यादव कहते थे कि यह टीका मत लगाना, यह नरेंद्र मोदी टीका है। अखिलेश यादव ने भी एक महीने में टीका लगवाया। प्रधानमंत्री ने देश के लोगों को टीका लगवाकर भारत की जनता के आसपास सुरक्षा का सुदर्शन चक्र घुमाने का काम किया।
केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल पर हुए हमले पर अखिलेश यादव ने करहल की रैली में जवाब दिया। उन्होंने कहा, 'भारतीय जनता पार्टी से बड़ा झूठ कोई पार्टी नहीं बोलती। भारतीय जनता पार्टी को अपना नाम बदल लेना चाहिए। भारतीय जनता पार्टी नहीं इन्हें भारतीय झगड़ा पार्टी नाम कर लेना चाहिए। जनता उनका समर्थन नहीं कर रही है इसलिए सहानभूति लेने के लिए ये कुछ भी कर सकते हैं।'
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जालौन में कहा कि हमारी सरकार के कार्य के आंकलन के बाद आपको पता लगेगा कि वास्तव में पिछली सरकारें कितना अन्याय करतीं थीं। हमने इस जनपद के 58,600 से अधिक किसानों का कर्ज माफ किया है। हर साल 2.11 लाख किसानों को 6,000 हजार रुपये सालाना दिए जा रहे हैं।
करहल में अखिलेश यादव और मुलायम सिंह यादव ने एक रैली को संबोधित किया। अखिलेश ने यहां कहां कि नेता जी ने सपा को ऊंचाई तक पहुंचाया है। हमारी आपकी जिम्मेदारी बनती है कि जिस आंदोलन को वो यहां तक लेकर आए उसे आगे कैसे लेकर जाएं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने करहल में कहा कि मैं सपा के मित्रों को कहना चाहता हूं। एस. पी. सिंह बघेल भाजपा के नेता हैं, कुछ दिन पहले इन पर हमला किया गया। समाजवादी पार्टी वाले क्या समझते हैं? ऐसा करने से भाजपा के नेता डर जाएंगे? भाजपा के नेता और मजबूती के साथ प्रचार कर जीतकर आएंगे।
मुलायम सिंह यादव ने कहा कि किसान, नौजवान और व्यापारी तीनों मिलकर देश को मजबूत करेंगे। लोग भी बड़ी उम्मीद से यहां आए हैं। लोगों की संपन्नता, किसानों की पैदावार बढ़ाने के लिए सपा सरकार काम करेगी। यह सिर्फ सपा कर सकती है और कोई पार्टी नहीं।
सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव इस चुनाव में अपनी पहली चुनावी रैली में पहुंच गए हैं। थोड़ी देर में वो यहां लोगों को संबोधित करेंगे।
शिकोहाबाद से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश में 1.41 करोड़ गरीबों के घर में बिजली पहुंचाई है। अखिलेश बाबू कहते हैं कि अगर उनकी सरकार आएगी तो वह 200 यूनिट बिजली मुफ्त देंगे। अरे अखिलेश भाई आप तो बिजली ही नहीं दे पाते थे, 200 यूनिट की क्या बात करते हो।
शिकोहाबाद में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि सपा कहने के लिए ही समाजवादी पार्टी है। सपा के दो सूत्र हैं। S से संपत्ती इकट्ठा करना और P से परिवारवादों को सत्ता देना। जब सपा की सरकार थी तब अखिलेश के परिवार से 45 लोग अलग-अलग पद पर थे।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ झांसी में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। यहां उन्होंने कहा, 'आज कोई राह चलते किसी राहगीर, व्यापारी या किसी बेटी पर तमंचा तानने का दुसाहस कर पाएगा? लेकिन ये दुसाहस 2017 के पहले होता था। क्योंकि नाम समाजवादी, काम तमंचावादी और सोच परिवारवादी थी उनसे आप कोई उम्मीद नहीं कर सकते हैं।'
फिरोजाबाद में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी सरकार बनती है तो गरीबों को पौष्टिक खाना देगी। अखिलेश ने कहा कि हमारी सरकार गरीबों को पौष्टिक खाना देगी। हमें अगर घी और सरसों का तेल गरीबों को मुफ्त में देना पड़ा तो हम वह भी देंगे। शहरों में गरीब मजदूरों को भर पेट खाना नहीं मिल पा रहा है। हम उनके लिए कैंटीन बनाकर 10 रुपये में समाजवादी थाली देंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ झांसी में चुनाव प्रचार करने पहुंचे हैं। यहां उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में पानी की समस्या के कारण कई युवक शादी के बिना रह जाते थे क्योंकि कोई अपनी कन्या की शादी बुंदेलखंड में नहीं करना चाहता था, लेकिन अब यहां किसी नौजवान को कुंवारा नहीं रहना पड़ेगा। हर घर नल की योजना से पानी की समस्या का हल कर दिया गया है।
फिरोजाबाद में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने दावा किया कि पहले दो चरण में उनके गठबंधन ने शतक मार लिया है। उन्होंने कहा कि हमारे समर्थकों ने जान लिया है कि सपा गठबंधन के लोगों ने पहले और दूसरे चरण के मतदानों में शतक मार लिया है। तीसरे-चौथे चरण में सपा की सरकार बनेगी। सातवें चरण तक भाजपा के बूथों पर सन्नाटा होगा और भूत नाचेंगे। बूथ पर कोई मक्खी मारने वाला भी नहीं होगा।
अखिलेश ने कहा कि ये लोग गुंडा, अपराधी, माफिया कह रहे हैं। समाजवादी लोग इस तरह का काम नहीं करते हैं। माफिया लोग वो हैं जो माफिया को क्रिकेट खेलने का मौका देते हैं। मैं कहता हूं कि जिन्हें कानून तोड़ना है वो समाजवादी पार्टी को वोट नहीं दें।
अखिलेश यादव ने फिरोजाबाद के नसीरपुर में जनसभा को संबोधित किया। यहां उन्होंने कहा कि ये लोग जाति जनगणना नहीं कराना चाहते हैं। ये चुनाव लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है। पिछड़े, दलितों और अल्पसंख्यकों का सम्मान बचाने का चुनाव है। सपा सरकार बनने पर जाति जनगणना कराकर हर जाति के लोगों को स्थान और सम्मान देने का काम करेंगे।
छीन लूंगा मैं ये रोटी किसी परचम की तरह, दिन के घमासान में उतरा हूं मैं फाका लेकर।।
शायर अहमद सलमान की इन पंक्तियों जैसे ही तेवर हैं चुनावी समर में ताल ठोक रहे बागियों के। टिकट क्या कटा, बागी हो गए। हर मंच पर अपने जख्म दिखा रहे हैं। कुर्बानियों का बखान कर रहे हैं। शोले उगल रहे हैं। सियासी इंतकाम लेने की कसमें खा रहे हैं। अपना खेल बने या न बने, खेल बिगाड़ेंगे जरूर। हालांकि, यह कोई नई बात नहीं। हर चुनाव में होता है। अतीत के आईने में झांकें तो प्रदेश में हर चुनाव में कई सीटें मिल जाएंगी जहां बागियों ने खेल बिगाड़ा। पढ़ें पूरी खबर...उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ब्रजेश पाठक ने दावा किया है कि जनता सपा को फिर से नकार देगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कहना सही है। राष्ट्रवाद और यूपी को विकास की मुख्य धुरी बनाए रखने के लिए, कानून का राज बनाए रखने के लिए सभी को भाजपा को वोट करना है। समाजवादी पार्टी बुरी तरह से परिवारवाद में और गुंडागर्दी में उलझी हुई है, जनता इन्हें फिर नकार देगी।
सपा संरक्षक और मैनपुरी से सांसद मुलायम सिंह यादव इस चुनाव में पहली बार चुनावी रैली में नजर आएंगे। मुलायम आज सपा प्रमुख अखिलेश यादव के चुनाव क्षेत्र करहल में जनसभा को संबोधित करेंगे। इस रैली में अखिलेश यादव भी मौजूद रहेंगे।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव आज फिरोजाबाद और मैनपुरी में अलग-अलग जगह आठ रैलियां करेंगे। दोपहर बाद वो अपने चुनाव क्षेत्र करहल में भी जनसभा को संबोधित करेंगे।
गृह मंत्री अमित शाह आज करहल में चुनावी रैली करेंगे। इस सीट से भाजपा ने केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल को सपा प्रमुख अखिलेश यादव के खिलाफ उतारा है। इसके साथ ही शाह की फिरोजाबाद के शिकोहाबाद और लखीमपुर खीरी के मोहम्मदी में भी रैलियां हैं।
फतेहपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज फतेहपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे। ढकोली के मोदी ग्राउंड में होने वाली इस रैली में उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद रहेंगे।