फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP Election 2022 Live: भाजपा ने जारी की तीन उम्मीदवारों की सूची, शिवपाल यादव के खिलाफ विवेक शाक्य होंगे प्रत्याशी

Mon, 31 Jan 2022 04:54 PM IST
हिमांशु मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

UP Assembly Election Date 2022 List, Election Commission Live News:  उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की आपसी जुबानी जंग तेज होती जा रही है। एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है। पढ़िए सूबे की राजनीति से जुड़े पल-पल के अपडेट्स...
विज्ञापन
सीएम योगी आदित्यनाथ। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:51 PM, 31-Jan-2022

शिवपाल यादव के खिलाफ विवेक शाक्य होंगे भाजपा प्रत्याशी

भाजपा ने उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए तीन उम्मीदवारों की नई सूची जारी की है। पार्टी ने जसवंतनगर सीट से विवेक शाक्य को उम्मीदवार बनाया है। यहां अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल यादव विधायक हैं। सूची में अखिलेश के खिलाफ नामांकन करने वाले  केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल का भी नाम है। हमीरपुर से मनोज प्रजापति भाजपा उम्मीदवार होंगे। 

04:36 PM, 31-Jan-2022

सपा, बसपा और कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची पर योगी का निशाना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा, बसपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों की सूची पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि इन्होंने ऐसे प्रत्याशियों को उतारा है जिससे प्रदेश फिर से दंगे की आग में जल जाए। 

 

02:28 PM, 31-Jan-2022

आधी-अधूरी परियोजनाएं बनाने में माहिर थी 2017 से पहले की सरकार 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 2017 से पहले जो सरकार थी वो कागजों पर आधी-अधूरी परियोजनाएं बनाने और उनके शिलान्यास में माहिर थी। ये सालों तक परियोजनाओं को खींचते जिससे कमाई चलती रहे। वो सिर्फ सपने दिखाने में माहिर थे। जो सोता है उसे ही सपने आते हैं। आप सब जानते हैं किसे सपने आते हैं। योगी जी जागने वाले और जगा कर रखने वाले नेता है। यही फर्क है जो लोग देख रहे हैं। कुछ दिन पहले ही गंगा एक्सप्रेस वे पर काम शुरू हो चुका है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पश्चिमी यूपी को इंटरनेशनल कनेक्टिविटी देने वाला है। ये सारे प्रोजेक्ट नए रोजगार की नई संभावनाएं लेकर आ रहे हैं। इस बार आपका एक-एक वोट इसी नींव को सशक्त करने के लिए होगा। यूपी के गांव हो या शहर, पश्चिमी यूपी हो या पूर्वी सभी के लिए आगे बढ़ने का समय है।  

विज्ञापन
02:20 PM, 31-Jan-2022

गन्ना किसानों के बकाया भुगतान पर क्या बोले मोदी

गन्ना किसानों के बकाया भुगतान पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि योगी सरकार ने बकाया भी चुकाया और नए सीजन का भुगतान भी तेज किया। पिछले सत्र का 98% से ज्यादा भुगतान हो चुका है। मौजूदा सत्र में भी 70% भुगतान हो चुका है। योगी सरकार ने गन्ना किसनों का जितना भुगतान किया है, उतना पिछली सरकारों ने दस साल में भी नहीं किया था। पश्चिम उत्तर प्रदेश की ये वो धरती है जिसने 1857 की क्रांति में देश को एकजुता का संदेश दिया था, कमल के फूल और रोटी ने हमेशा देश को बांटने वालों को मुंह तोड़ जवाब दिया। हम एकजुट रहेंगे तो कोई हमें कभी परास्त नहीं कर पाएगा।

02:17 PM, 31-Jan-2022

तीन तलाक कानून से लाखों बहू-बेटियों को फायदा हुआ: मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि तीन तलाक के खिलाफ जो कानून हमारी सरकार ने बनाया उसका लाभ हमारी लाखों मुस्लिम बहन-बेटियों को हुआ है। हमारी सरकार अब बेटियों की शादी की उम्र को 21 साल करने का प्रयास कर रही है। गरीबों की सरकार की प्रथमिकता क्या है, 100 साल में आए दुनिया की सबसे बड़े संकट में देश ने देखा कि गरीबों की सरकार कैसे काम करती है। उत्तर प्रदेश के 15 करोड़ नागरिकों को डबल इंजन सरकार मुफ्त राशन उपलब्ध करा रही है।  पांच साल पहले इसी उत्तर प्रदेश से गरीबों का राशन चोरी हो जाता है। आज एक-एक दाना गरीबों के घर तक पहुंच  रहा है। 

विज्ञापन
02:09 PM, 31-Jan-2022

मोदी ने गिनाए योगी सरकार के काम

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पहले वाली सरकार ने अपने पांच साल में गौतम बुद्ध नगर में सिर्फ 73 घर बनाए थे। योगी सरकार ने इन पांच साल में इसी जिले में करीब 23 हजार घर बनाकर शहरी गरीबों को दिए हैं। सहारनपुर शहर में भी पहले वाली सरकार ने 221 घर बनवाए थे। योगी सरकार ने 18 हजार से ज्यादा घर बनाकर सहारनपुर के गरीबों को दिए। इसी तरह शामली, मुजफ्फरपुर और बागपत में योगी सरकार ने 33 हजार से ज्यादा घर बनाकर दिए हैं। 

02:04 PM, 31-Jan-2022

हमारा काम और उनके कारनामे देखकर यूपी की जनता भाजपा को भरपूर आशीर्वाद देगी: मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारा काम और उनके कारनामे देखकर इस बार भी यूपी की जनता भाजपा को भरपूर आशीर्वाद देने आ रही है। जो पहली बार मतदान करने जा रहे हैं, वो भाजपा की सरकार बनाने के लिए खुलकर भाजपा के साथ हैं। जो लोग सत्ता खोने के अंधविश्वास से नोएडा जैसे युवा आकांक्षाओं के क्षेत्र में आने से भी कतराते हैं, क्या वो युवाओं के सपनों का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं? जो देश के अपने टीके पर विश्वास नहीं करते, जो अफवाहों को हवा देते हैं, क्या वो UP के युवाओं के टैलेंट का सम्मान कर सकते हैं?

02:01 PM, 31-Jan-2022

अपनी पहली वर्चुअल रैली में प्रधानमंत्री ने कहा कि यूपी के विकास के लिए इन पांच वर्षों में यूपी सरकार ने पूरी ईमानदारी से आपकी सेवा करने का, यूपी के विकास का प्रयास किया है। पांच साल पहले दबंग और दंगाई ही कानून थे, उनका कहा ही शासन का आदेश था। पांच साल पहले व्यापारी लूटता था। बेटी घर से बाहर निकलने में घबराती थी। माफिया खुलेआम घूमते थे। पश्चिमी यूपी के लोग कभी नहीं भूल सकते कि जब ये क्षेत्र दंगे की आग में जल रहा था तो पहले वाली सरकार उत्सव मना रही थी। 
पांच साल पहले अवैध कब्जा समाजवाद का प्रतीक था। लोगों के पलायन की आए दिन खबर आती थी। अपहरण फिरौती ने मध्यम वर्ग को तबाह करके रख दिया। पांच साल में योगी सरकार इन हालातों से निकाल करके बाहर लाई है। 

01:53 PM, 31-Jan-2022

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली वर्चुअल रैली

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फेंसिंग के जरिए जन चौपाल कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं। पीएम कार्यक्रम के माध्यम से यूपी के शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, सहारनपुर और गौतमबुद्ध नगर के मतदाताओं को थोड़ी देर में संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद हैं।

01:44 PM, 31-Jan-2022

सपा प्रवक्ता का दावा- आज सपा में शामिल हो सकते हैं रीता बहुगुणा के बेटे

सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने दावा किया है कि भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी के बेटे मयंक आज शाम समाजवादी पार्टी में शामिल हो सकते हैं। 

01:22 PM, 31-Jan-2022

करहल से अखिलेश यादव ने नामांकन किया

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मैनपुरी जिले की करहल सीट से नामांकन दाखिल कर दिया है। 

01:02 PM, 31-Jan-2022

नोएडा में घर-घर जाकर प्रचार करेंगी प्रियंका गांधी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज नोएडा में घर-घर जाकर प्रत्याशियों के लिए वोट मांगेंगी। इससे पहले उन्होंने नोएडा सेक्टर-26 स्थित काली माता मंदिर में पूजा अर्चना की। उनके साथ नोएडा से कांग्रेस उम्मीदवार पंखुुड़ी पाठक भी थीं। 

12:18 PM, 31-Jan-2022

नकारात्मक राजनीति को हराएं भी, हटाएं भी: अखिलेश

अखिलेश यादव थोड़ी देर में करहल सीट से नामांकन करेंगे। नामांकन के लिए निकलते वक्त उन्होंने एक ट्वीट किया। उन्होंने लिखा ये ‘नॉमिनेशन’ एक ‘मिशन’ है क्योंकि यूपी का ये चुनाव प्रदेश और देश की अगली सदी का इतिहास लिखेगा। आइए प्रोग्रेसिव सोच के साथ सकारात्मक राजनीति के इस आंदोलन में हिस्सा लें। नकारात्मक राजनीति को हराएं भी, हटाएं भी। 



 

11:40 AM, 31-Jan-2022

ब्रजेश पाठक बोले- ब्राह्मणों को बसपा ने ठगा, सपा ने सताया, लेकिन आगे भाजपा ने बढ़ाया

उत्तर प्रदेश के विधि एवं न्याय मंत्री और भाजपा के ब्राह्मण चेहरे ब्रजेश पाठक का मानना है कि बहुजन समाज पार्टी ने 2007 में ब्राह्मणों के समर्थन से सरकार तो बनाई, लेकिन उसके बाद ब्राह्मण समाज को ठगा गया। वहीं, 2012 से लेकर 2017 तक समाजवादी पार्टी के शासनकाल में ब्राह्मणों को जितना सताया गया, उतना अत्याचार उनपर पहले कभी नहीं हुआ। भाजपा की प्रदेश चुनाव समिति के सदस्य ब्रजेश पाठक ने सचिन मुद्गल से बातचीत में सरकार और समाज से जुड़े मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखी। पढ़ें प्रमुख अंश...

11:21 AM, 31-Jan-2022

करहल क्षेत्र घर के पास का घर: अखिलेश

नामांकन से पहले अखिलेश यादव ने कहा कि करहल क्षेत्र घर के पास का घर है, नेताजी और समाजवादी पार्टी का करहल से पुराना रिश्ता रहा है। यहां के लोगों ने हमेशा एक सकारात्मक राजनीति को आगे बढ़ाया है और मुझे उम्मीद है कि यहां के लोग नकारात्मक राजनीति करने वालों को हराएंगे।

11:11 AM, 31-Jan-2022

नामांकन के लिए निकले अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मैनपुरी जनपद में करहल विधानसभा सीट से आज नामांकन दाखिल कर रहे हैं। सैफई से सोमवार की सुबह नामांकन दाखिल करने के लिए अखिलेश निकले तब जगह-जगह उनका कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। पढ़ें पूरी खबर...

10:08 AM, 31-Jan-2022

UP Election News : अखिलेश यादव आज करहल से करेंगे नामांकन
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव आज मैनपुरी के करहल विधानसभा सीट से नामांकन करेंगे। यह पहली बार होगा जब अखिलेश यादव विधानसभा चुनाव लड़ने जा रहे हैं।  

10:08 AM, 31-Jan-2022

UP Chunav: पीएम मोदी की वर्चुअल रैली आज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर आज पहली वर्चुअल रैली है। इसके जरिए पीएम मोदी 21 विधानसभा सीटों की जनता से जुड़ेंगे। पीएम के भाषण का प्रसारण गौतमबुद्ध नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत में होगा। डिजिटल रथ के जरिए गांव-गांव तक पीएम के भाषण को प्रसारित करने की व्यवस्था की गई है।
 

09:59 AM, 31-Jan-2022

Election 2022: चुनावी रैलियों पर आज होगा फैसला
चुनाव आयोग आज एक अहम बैठक करने जा रहा है। इसमें चुनावी वाले पांचों राज्यों में रैली, रोड शो को लेकर फैसला होगा। मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा कोरोना के मामलों को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव से मुलाकात भी करेंगे। इसके अलावा चुनाव वाले पांच राज्यों के मुख्य सचिव और स्वास्थ्य सचिवों के साथ बैठक भी करेंगे। 

09:16 AM, 31-Jan-2022

UP Chunav: राहुल गांधी फेक गांधी हैं- गिरिराज सिंह
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी को फेक गांधी बताया। कहा कि केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार महात्मा गांधी के सपनों को पूरा कर रही है। राहुल गांधी तो फेक गांधी हैं। 
 

08:35 AM, 31-Jan-2022

UP Election : केशव मौर्य का सपा पर हमला
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोला है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'अपराधी+दंगावादी+गुंडागर्दी+जातिवादी+ अवैध कब्जावादी+आतंकवादी+जिन्नावादी= अखिलेश यादव की पार्टी यही है समाजवादी।' 

08:29 AM, 31-Jan-2022

UP Chunav : ओपी राजभर के बेटे के बिगड़े बोल
सुहेलदेव राजभर भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर के बेटे अरुण राजभर का विवादित सोशल मीडिया पोस्ट सामने आया है। इसमें अरुण ने दूरदर्शन के वरिष्ठ पत्रकार और एंकर अशोक श्रीवास्तव को पीटने की धमकी दिया है। दरअसल अशोक ने सपा मुखिया अखिलेश यादव के गार्ड द्वारा पत्रकार की पिटाई का विरोध किया था। इसी पर अरुण ने अशोक को भी धमकी दे डाली। अशोक ने मामले की शिकायत चुनाव आयोग और यूपी पुलिस से की है। 
 

08:21 AM, 31-Jan-2022

UP Election 2022 Live: भाजपा ने जारी की तीन उम्मीदवारों की सूची, शिवपाल यादव के खिलाफ विवेक शाक्य होंगे प्रत्याशी

UP Election : योगी ने आगरा के लिए कहीं ये बातें
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार की सुबह आगरा के विकास को लेकर ट्वीट किया। एक के बाद एक पांच ट्वीट के जरिए उन्होंने आगरा की उपलब्धियों को लेकर जानकारी दी। योगी ने कहा-

1. बाबा बटेश्वरनाथ की कृपा और यमुना मइया की जलधार से अभिसिंचित जनपद आगरा आज विकास के नवीन सोपान चढ़ रहा है। नए उत्तर प्रदेश का नया आगरा अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर चमक रहा है। यहां मेट्रो चलने वाली है। रोज़गार के बहुआयामी अवसर तैयार हुए हैं। हमारा आगरा स्मार्ट हो रहा है।

2. डबल इंजन की भाजपा सरकार ने बिना भेदभाव हर तबके की जरूरतों का ध्यान रखा है। प्रधानमंत्री आवास योजना से आगरा में 47 हजार गरीबों के 'अपना घर' का सपना साकार हुआ है। यह 'घर' अंत्योदय के लक्ष्य की सफलता के जीवंत प्रमाण हैं।

3. पीड़ित मानवता की सेवा नारायण की सेवा है। इसी भावना के साथ भाजपा सरकार ने विगत 05 वर्ष में हर वृद्धजन, निराश्रित महिला और दिव्यंगजन की पेंशन राशि को बढ़ाया है। आज वृद्धों, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजनों को सालाना ₹12000 पेंशन की सुविधा मिल रही है। भाजपा है तो भरोसा है...

4. जनपद आगरा के पारंपरिक चर्म शिल्पकारी के कद्रदान पूरी दुनिया में हैं। भाजपा सरकार की अनोखी  ओडीओपी योजना से मिले प्रोत्साहन ने यहां के शिल्पकारों-उद्यमियों को नवीन ऊर्जा प्रदान की है। यहां के उत्पाद को वैश्विक बाजार मिला है तो उद्यमियों के हौसले भी बुलंद हुए हैं।

5. बीते 05 वर्षों में जनपद आगरा में ढाई लाख से ज्यादा लोगों के राशन कार्ड बनाए गए हैं। बिना भेदभाव हर पात्र का कार्ड बना। यह भाजपा सरकार ही है जिसने कोरोना की चुनौतियों के बीच 15 करोड़ प्रदेशवासियों के मुफ्त राशन-भोजन का समुचित प्रबंध किया और डबल इंजन की सरकार तो राशन भी डबल।
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें