फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP Election 2022 Live : घर-घर जाकर नड्डा और राजनाथ सिंह ने भाजपा के लिए मांगा वोट, आजम के बेटे ने फिर जान का खतरा बताया

Sun, 30 Jan 2022 09:44 PM IST
हिमांशु मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

UP Assembly Election Schedule 2022, Exit Poll Live News Updates: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की आपसी जुबानी जंग तेज होती जा रही है। एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है। पढ़िए सूबे की राजनीति से जुड़े पल-पल के अपडेट्स...
 
विज्ञापन
जेपी नड्डा ने जनसंपर्क किया। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:43 PM, 30-Jan-2022

शिवसेना के प्रत्याशियों के पर्चे अवैध तरीके से रद्द किए गए: राउत शिवसेना नेता संजय राउत ने आरोप लगाया है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी के छह से सात उम्मीदवारों के नामांकन गैरकानूनी तरीके से रद्द किए गए हैं। राउत ने मीडियाकर्मियों को बताया कि वह इस संबंध में निर्वाचन आयोग से बात करेंगे। राउत का कहना है कि नोएडा, बिजनौर और मेरठ के डीएम ने दबाव में अपनी शक्तियों का दुरुपयोग करते हुए शिवसेना के उम्मीदवारों के नामांकन रद्द किए, ताकि पार्टी यूपी में अपने पैर न जमा सके।

राउत का दावा है कि उम्मीदवारों के दस्तावेज दुरुस्त थे और उन्होंने समय पर नामांकन पत्र दाखिल किए थे। उन्होंने कहा कि बिजनौर के उम्मीदवार और गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत की उम्मीदवारी को नामंजूर करने के समान कारण थे, लेकिन अधिकारियों ने सावंत के पक्ष में फैसला दिया और उनका मसला हल हो गया। जबकि, यूपी में हमारे प्रत्याशियों को आपत्तियों के जवाब देने का मौका तक नहीं दिया गया। यह लोकतंत्र नहीं है, चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष रूप से कराए जाने चाहिए।

05:28 PM, 30-Jan-2022

सपा के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष भाजपा में शामिल
विधानसभा चुनाव से ठीक पहले समाजवादी पार्टी को जिले में एक बड़ा झटका लगा है। समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेताओं में शुमार और जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुके राकेश पाल ने रविवार को लखनऊ में भाजपा का दामन थाम लिया। राकेश पाल की पत्नी दयावती पाल भी जिला पंचायत की अध्यक्ष रह चुकी हैं।

05:27 PM, 30-Jan-2022

सदर से राहुल रिछारिया और बबीना से चंद्रशेखर तिवारी कांग्रेस प्रत्याशी घोषित
कांग्रेस ने झांसी सदर सीट से राहुल रिछारिया और बबीना से चंद शेखर तिवारी को प्रत्याशी घोषित किया है। ललितपुर से बलवंत लोधी और महरौनी से ब्रजलाल खबरी को टिकट मिला है।

विज्ञापन
04:39 PM, 30-Jan-2022

UP Election : रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने किया डोर टू डोर कैंपेन
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने फर्रुखाबाद में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के समर्थन में डोर टू डोर कैंपेन किया। इस दौरान उन्होंने योगी और मोदी सरकार की उपलब्धियों के बारे में भी बताया। 
 

04:37 PM, 30-Jan-2022

UP Election News : आजम के बेटे ने कहा- फर्जी मुकदमों में फंसाना चाहती है सरकार
समाजवादी पार्टी के नेता और रामपुर से सांसद आजम खान के बेटे और पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम खान ने एक बार फिर से अपनी जान को खतरा बताया है। अब्दुल्ला ने कहा कि मुझे पर फर्जी मुकदमे लगाकर जेल भी भेजा सकता है। कहा, 'मेरा पीछा किया जा रहा है, मुझे फर्जी मुकदमों में जेल भेजने की साजिश की जा रही है। मेरे साथ किसी तरीके की हिंसा या सड़क दुर्घटना करवाकर मुझे मारने की भी साजिश की जा रही है।' 

विज्ञापन
04:33 PM, 30-Jan-2022

UP Chunav: नड्डा ने किया डोर टू डोर कैंपेन
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हाथरस में भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में डोर टू डोर कैंपेन किया। इस दौरान उन्होंने योगी सरकार की उपलब्धियों के बारे में लोगों को बताया। 

03:34 PM, 30-Jan-2022

UP Chunav : अखिलेश का शाह पर पलटवार
उत्तर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज होती जा रही है। गृहमंत्री अमित शाह के बयान पर अब समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने पलटवार किया है। उन्होंने शाह का चैलेंज स्वीकार करने का भी एलान किया। 
अखिलेश ने ट्वीट किया, 'हम हर चैलेंज के लिए अभी तैयार हैं… सच को तैयारी की ज़रूरत नहीं पड़ती… वो जगह बताएं, समय बताएं!' 

शाह ने क्या कहा था?
शनिवार को मुजफ्फरनगर में प्रभावी मतदाता संवाद कार्यक्रम में अमित शाह ने अखिलेश पर निशाना साधा था। कहा था, अखिलेश यादव को लाज नहीं आती। हिम्मत हो तो अपने समय के आंकड़े लेकर प्रेस वार्ता करें। योगी सरकार में लूट हत्या बलात्कार के मामलों में कमी आई है। शाह ने कहा था कि सपा पार्टी आती थी तो गुंडा, माफिया और तुष्टिकरण की बात करते थे। आज भाजपा के पांच साल हो गए, न जाति की बात है, न परिवार वाद की बात है, न गुंडे, माफिया, तुष्टिकरण की बात है। भाजपा के शासन में सिर्फ और सिर्फ सुरक्षा और विकास की बात है।

03:34 PM, 30-Jan-2022

कांग्रेस प्रत्याशियों की दूसरी सूची

02:54 PM, 30-Jan-2022

UP Election : कांग्रेस ने 61 प्रत्याशियों की सूची जारी की
कांग्रेस ने रविवार को यूपी चुनाव के लिए 61 उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी कर दी है। इसमें 24 महिलाएं शामिल हैं। कांग्रेस ने पहली सूची में 125, दूसरी सूची में 41, तीसरी सूची में 89 उम्मीदवारों की घोषणा की है। इस तरह कांग्रेस ने अब तक कुल 316 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है जिनमें से 127 टिकट महिलाओं को दिया गया है। 

02:20 PM, 30-Jan-2022

UP Chunav : शिवसेना के 6-7 प्रत्याशियों का नामांकन खारिज
शिवसेना सांसद संजय राउत ने आरोप लगाया है कि यूपी में उनके 6-7 प्रत्याशियों का नामांकन खारिज हो गया है। राउत ने आरोप लगाया कि गलत तरीके से चुनाव आयोग ने नामांकन खारिज किया है। वह चुनाव आयोग से मुलाकात करेंगे और जरूरी दस्तावेज जमा करेंगे। 

02:14 PM, 30-Jan-2022

UP Election : चंद्रशेखर आजाद ने सीएम योगी को बताया क्रूर शासक
आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमला किया है। उन्होंने सीएम योगी को क्रूर शासक बताया। चंद्रशेखर ने ट्वीट किया,' गोरखपुर की धरती को सामंतवादी क्रूर शासक से मुक्त कराने आ रहा हूं। यहीं से बहुजन मुक्ति का इंकलाब होगा। गुलामी की बेड़ियां काटकर नई बहुजन क्रांति का आगाज होगा। ये लड़ाई अब शासक बनाम जनता की है। आज और कल 2 दिन गोरखपुर में रहूंगा'

01:29 PM, 30-Jan-2022

UP Chunav News : सपा-बसपा और कांग्रेस को बड़ा झटका
विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले मौलाना तौकीर रजा की बहू निदा खान ने भाजपा की सदस्यता ले ली। इसके बाद उन्होंने कहा कि वो भाजपा के काम से काफी प्रभावित थी इसलिए उन्होंने बीजेपी जॉइन किया है। तीन तलाक के मामले जैसा काम किया वो सराहनीय है। मेरे ससुर चाहे जो कहे ये मेरा व्यक्तिगत फैसला था। मुस्लिम महिलाएं निश्चित तौर पर बीजेपी का समर्थन करेंगी। निदा के अलावा सपा, बसपा और कांग्रेस छोड़कर आए 21 नेताओं ने भी भाजपा की सदस्यता ली। ज्वाइनिंग कमेटी के चेयरमैन लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने कई लोगों को सदस्यता ग्रहण कराई।

01:25 PM, 30-Jan-2022

UP Election 2022: बसपा ने आठ प्रत्याशियों की सूची जारी की
बहुजन समाज पार्टी ने रविवार को यूपी चुनाव के लिए आठ और उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। पार्टी की तरफ से जारी सूचना के मुताबिक, पीलीभीत विधानसभा से मुश्ताक अहमद, पीलीभीत के बरखेड़ा से मोहन स्वरूप वर्मा, पीलीभीत के पूरनपुर से अशोक कुमार राजा, सीतापुर के सेवता से आशीष प्रताप सिंह, सीतापुर के सिधौली से पुष्पेंद्र कुमार, हरदोई सदर से शोभित पाठक, उन्नाव की मोहान सीट से सेवक लाल रावत और भगवंत नगर से बृज किशोर वर्मा को टिकट मिला है। 
 

12:47 PM, 30-Jan-2022

UP Chunav : अखिलेश यादव कल करेंगे नामांकन
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव कल यानी सोमवार को मैनपुरी के करहल विधानसभा सीट से नामांकन करेंगे। पहली बार है जब अखिलेश यादव विधानसभा चुनाव लड़ने जा रहे हैं।

11:43 AM, 30-Jan-2022

UP chunav News : अखिलेश और जयंत पर केशव मौर्य का निशाना
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सपा मुखिया अखिलेश यादव और रालोद प्रमुख जयंत चौधरी पर निशाना साधा है। अखिलेश के टोपी और पोटली वाले ट्वीट पर पलटवार करते हुए केशव ने लिखा, 'टोपी और पोटली 10 मार्च को होगी जेब में, अखिलेश यादव जाएंगे घूमने विदेश में। अखिलेश यादव जी बताइए 2017 से 2022 में कितने दिन रहे विदेश में? कितने दिन देश में? कोरोना पीड़ितों की सेवा में लगाये कितने दिन? जनता सब रही है गिन।'

अखिलेश ने एक दिन पहले ही ट्वीट किया था। कहा था, 'ठोको नीति वालों के खिलाफ : लाल टोपी- लाल पोटली। दोनों ने मिल ताल ठोक ली'

11:00 AM, 30-Jan-2022

UP Chunav : जयंत ने शाह पर साधा निशाना
राष्ट्रीय लोक दल के मुखिया जयंत चौधरी ने गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधा। उन्होंने शाह का बगैर नाम लिए कहा, 'देश के बड़े नेता मेरी इतनी चिंता कर रहे हैं। अच्छा लगता है….इसका मतलब है, मैं ठीक ही कर रहा हूं।'

10:57 AM, 30-Jan-2022

UP Election : अखिलेश यादव ने सीएम योगी पर किया पलटवार
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा है। अखिलेश ने ट्वीट किया, 'बाबा जी की ब्रेकिंग न्यूज़: भाजपा के आपराधिक छवि के प्रत्याशियों का शतक पूरा होने में बस एक की कमी… अब तक आपराधिक छवि के 99 उम्मीदवारों को टिकट दे चुकी है!'
 

10:15 AM, 30-Jan-2022

UP Chunav 2022 : अपर्णा बोलीं- टिकट मिले तो करहल से अखिलेश के खिलाफ चुनाव लड़ लूं
कुछ दिन पहले ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुईं मुलायम सिंह की छोटी बहू अपर्णा यादव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने एक न्यूज चैनल से बातचीत में कहा, 'अगर कहेगी तो मैं मैनपुरी की करहल सीट से भी चुनाव लड़ लूंगी। लखनऊ कैंट में लोगों की सेवा कर रही हूं। अगर पार्टी कहेगी तो अखिलेश भैया के खिलाफ भी चुनाव लड़ूंगी। पार्टी तय करेगी कि मुझे क्या करना है।'

09:54 AM, 30-Jan-2022

UP Chunav News : सपा-आरएलडी प्रत्याशी को नोटिस
नोएडा पुलिस ने जेवर से सपा-आरएलडी गठबंधन प्रत्याशी अवतार सिंह भड़ाना को नोटिस जारी किया है। अवतार सिंह भड़ाना पर चुनाव आचार संहिता और कोविड नियमों को तोड़ने का आरोप लगा है। भड़ाना ने बड़ी संख्या में भीड़ जुटाकर रैली की थी। 

09:51 AM, 30-Jan-2022

UP Election News: जेपी नड्डा आज फिरोजाबाद में करेंगे जनसंपर्क
फिरोजाबाद जिले में विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने प्रचार तेज कर दिया है। रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शिकोहाबाद स्थित नेहा गेस्ट हाउस में आएंगे। वह यहां पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक व प्रबुद्ध नागरिकों के साथ चुनावी मंथन करेंगे। भाजपा प्रत्याशी के लिए घर-घर जाकर वोट भी मांगेंगे। उनके आगमन को लेकर जिले भर के भाजपाई तैयारी में जुटे हुए हैं। 

09:44 AM, 30-Jan-2022

UP Chunav news : मैनपुरी के भोगांव से बसपा प्रत्याशी अशोक कुमार से अमीर हैं उनकी पत्नी
मैनपुरी में शनिवार को भोगांव विधानसभा सीट से नामांकन दाखिल करने वाले बसपा प्रत्याशी अशोक कुमार ने अचल संपत्ति के मामले में अब तक सभी प्रत्याशियों को पीछे छोड़ दिया है। भाजपा के आबकारी मंत्री से लेकर पूर्व मंत्री जयवीर सिंह तक सब उनसे पीछे हैं। उन्होंने नामांकन पत्र में अपनी संपत्ति की जानकारी सार्वजनिक की है। बसपा ने भोगांव सीट से अशोक कुमार को प्रत्याशी बनाया है। शनिवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर उन्होंने नामांकन दाखिल किया। नामांकन में दाखिल शपथ पत्र में उन्होंने अपनी चल और अचल संपत्ति का ब्यौरा सार्वजनिक किया है। अशोक कुमार स्वयं 5.78 करोड़ की अचल संपत्ति के मालिक हैं, उनकी पत्नी माधवी चौहान उनसे कहीं आगे हैं। पढ़िए पूरी खबर...

09:08 AM, 30-Jan-2022

UP Election 2022 Live : घर-घर जाकर नड्डा और राजनाथ सिंह ने भाजपा के लिए मांगा वोट, आजम के बेटे ने फिर जान का खतरा बताया

UP Election : सीएम योगी ने सपा और बसपा पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी पर निशाना साधते हुए एक के बाद एक पांच ट्वीट किए। योगी ने लिखा- 

1. 'आज मैं मां गंगा-यमुना की अविरल-अविचल बहती धाराओं के मध्य स्थित बुलंदशहर की महाभारतकालीन ऐतिहासिक धरा पर आप सबके बीच रहूंगा। जिस प्रकार मां गंगा बिना भेदभाव के सबका कल्याण करती हैं, उसी प्रकार भाजपा ने भी जाति-मजहब की दीवारों को तोड़कर बुलंदशहर का समग्र विकास किया है।'

2. 'पहले की सरकारों में बुलंदशहर का किसान सम्मान और सुविधा से वंचित था। लेकिन भाजपा सरकार ने किसानों का मान बढ़ाया है। 'पीएम किसान सम्मान निधि योजना' के अंतर्गत 3,86,680 कृषकों को ₹558.86 करोड़ की धनराशि प्रदान कर आर्थिक संबल प्रदान किया गया है। खुशहाल किसान हमारी प्रतिबद्धता है।'

3. 'अब बुलंदशहर के युवाओं को मेडिकल शिक्षा हेतु पलायन नहीं करना पड़ेगा। यहां ₹254 करोड़ की लागत से बन रहे राजकीय मेडिकल कॉलेज का नामकरण श्रद्धेय कल्याण सिंह जी 'बाबूजी' की स्मृति में हुआ है। यह जनपद विश्वस्तरीय 'गंगा एक्सप्रेस-वे' से जुड़कर बहुआयामी विकास की नई गाथा लिखेगा।'

4. 'पहले की सरकारों में हाशिए पर जा चुके बुलंदशहर की नायाब शिल्पकारी के प्रतीक 'सिरेमिक उत्पादों' को भाजपा सरकार ने ओडीओपी के माध्यम से बढ़ावा दिया। शिल्पकारों को ₹51 करोड़ से अधिक ऋण प्रदान किया व कांच, लकड़ी, कपड़ा सहित अनेक उद्योगों को बढ़ावा देकर उन्हें वैश्विक पहचान दिलाई।'

5. 'बुलंदशहर में भाजपा सरकार अनाथ, निराश्रित एवं श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा हेतु ₹71.16 करोड़ की लागत से अटल आवासीय विद्यालय का निर्माण करवा रही है। वहीं, न्यायिक कार्य की सुगमता के लिए ₹41 करोड़ से अधिक की लागत से यहाँ 19 कोर्टरूम का निर्माण भी हो रहा है।'

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें