UP Election: बसपा सुप्रीमो मायावती ने आगरा में रैली की
बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने 147 दिन बाद किसी जनसभा को संबोधित किया है। इसके पहले उन्होंने आखिरी बार सात सितंबर को प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित किया था। इस बीच, मायावती ट्वीट के जरिए जरूर अपनी बातों को रखती रहीं।
आगरा में रैली को संबोधित करते हुए मायावती ने भाजपा, सपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में दलितों का सिर्फ उत्पीड़न हो रहा है। दलितों की स्थिति बहुत खराब हो चुकी है। सपा और कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया। बोलीं- समाजवादी पार्टी में गुंडा राज था। बदमाशों ने आम लोगों की जिंदगी मुश्किल कर दी थी। सपा ने एक विशेष समुदाय के लोगों के लिए काम किया। बसपा सुप्रीमो ने कहा कि आज अपनी नीतियों की वजह से कांग्रेस का बुरा हाल हो गया है।
सपा ने 12 प्रत्याशियों की सूची जारी की
समाजवादी पार्टी ने 12 प्रत्याशियों की नई सूची जारी की है। प्रयागराज, रायबरेली, चित्रकूट, बाराबंकी, बहराइच, श्रावस्ती की 12 सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम तय हुए हैं।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने स्वामी प्रसाद मौर्य के सीट बदले पर तंज किया है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति हो गई है कि स्वामी प्रसाद मौर्य अपनी सीट पर भी चुनाव लड़ने के लिए तैयार नहीं है। आखिर क्या मजबूरी है कि उन्हें पडरौना छोड़कर भागना पड़ा। क्या उन्हें हार का डर सता रहा था? जहां एक ओर समाजवादी पार्टी का सुपड़ा साफ हो रहा है, तो दूसरी तरफ उन्हें (स्वामी प्रसाद मौर्य) हारने का का डर सता रहा है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आठ फरवरी को उत्तर प्रदेश आएंगी। उन्होंने कहा कि मैं उत्तर प्रदेश का चुनाव नहीं लड़ रही लेकिन आठ फरवरी को मैं अखिलेश यादव के समर्थन के लिए उत्तर प्रदेश जाऊंगी। उन्होंने कहा कि हम कई राज्यों से चुनाव लड़ेंगे, गोवा से शुरुआत हो गई है। हमारे पास 2 साल है जिसमें हमें खुद को मजबूत करना है ताकि हम 2024 के लोकसभा चुनाव में बंगाल की 42 में से 42 सीटें लेकर आए। ममता ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में भी चुनाव लड़ेगी।
अलीगढ़ के अतरौली में गृह मंत्री अमित शाह ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश बाबू टीके का विरोध करते थे कि ये भाजपा का टीका है हम नहीं लगवाएंगे, उन्होंने देश और उत्तर प्रदेश की जनता को गुमराह करने का प्रयास किया। लेकिन बाद में खुद भी टीका लगवा लिया। अगर लोग उनकी बात मानकर टीका नहीं लगवाते तो क्या कोरोना की तीसरी लहर में बच पाते? शाह ने कहा कि अलीगढ़ के ताले की फैक्ट्री में बुआ-भतीजा की सरकार ने ताला लगा दिया था। भाजपा सरकार के एक जिला-एक उत्पाद के तहत यहां के ताला उद्योग को बढ़ावा दिया गया। अब ताला बनाने की सैकड़ों फैक्ट्री यहां फिर से शुरू हो गई हैं।
योगी आदित्यनाथ के गर्मी निकाल लेने के बयान पर अखिलेश ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की भाषा ऐसी नहीं हो सकती है। चुनाव आयोग को इस पर संज्ञान लेना चाहिए। जहां तक गर्मी का सवाल है जिस दिन गर्मी खत्म हो जाएगी हम सब मर जाएंगे। जितने भी लोग हैं अगर उनका खून गर्म नहीं रहेगा तो कोई जिंदा नहीं रहेगा। वहीं जयंत चौधरी ने कहा कि सभी किसान, व्यापारी, मजदूर, गरीब और युवा एकजुट होकर आने वाली 10 तारीख को योगी बाबा को कंबल देकर गोरखपुर मठ में भेजने का काम करें।
UP Chunav: पति-पत्नी का टिकट क्यों काट दिया?
अखिलेश यादव ने मंत्री स्वाति सिंह और दयाशंकर सिंह का टिकट कटने पर भी चुटकी ली। कहा कि पति और पत्नी का उन लोगों ने क्यों टिकट काट दिया? कम से कम दोनों के बीच सुलह तो करवा दें।
UP Election: अखिलेश बोले- हमारी सरकार बनी तो योगी पर करेंगे कार्रवाई
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने आम बजट पर भी चुटकी ली। कहा कि बजट को भाजपा वाले लोग अमृतकाल का बजट बता रहे हैं। मैं पूछना चाहता हूं कि जो पिछले बजट थे क्या वो जहर थे? अखिलेश ने सीएम योगी पर भी निशाना साधा। कहा कि बाबा (योगी आदित्यनाथ) पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। इतनी धाराएं लगी थीं, जितनी आईपीसी में नहीं होती। हमारी सरकार आने के बाद अगर कोई उनके खिलाफ शिकायत करता है तो हम उनपर कार्रवाई करेंगे।
UP Chunav: अखिलेश का भाजपा पर निशाना
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव, रालोद के मुखिया जयंत चौधरी ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा, ' जब से हमारी और जयंत की केमिस्ट्री बेहतर हुई है। तब से ये लोग घबराए हुए हैं। ये भाई-चारे का चुनाव होने जा रहा है। ये एकता का चुनाव है। लोग एकता पंसद कर रहे हैं। पलायन का मुद्दा उठाने वालों का राजनीति से पलायन होने वाला है।'
UP Election: टिकट कटने के बाद पहली बार स्वाति सिंह का आया बयान
लखनऊ के सरोजनी नगर से टिकट कटने के बाद पहली बार योगी सरकार में राज्य मंत्री स्वाति सिंह का बयान सामने आया है। स्वाति ने कहा कि वह भाजपा छोड़कर कहीं नहीं जा रहीं हैं। आजीवन भाजपा में ही रहेंगी। स्वाति ने पति के साथ विवादों की खबर का भी खंडन किया। कहा कि उनका पति दयाशंकर सिंह के साथ कोई विवाद नहीं है। प्रेस कॉन्फ्रेंस करके स्वाति सिंह ने कहा मेरे रोम-रोम में भाजपा है। मैं यहीं यूं और यहीं रहूंगी, यहीं मरूंगी।
UP Election: सपा ने तीन प्रत्याशियों का एलान किया
समाजवादी पार्टी ने बुधवार को तीन और प्रत्याशी घोषित किए हैं। सरोजनीनगर से पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्रा को टिकट दिया गया है। भाजपा के बागी मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य इस बार फाजिलनगर से चुनाव लड़ेंगे। इसी तरह डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के खिलाफ सिराथू से अपना दल (कमेरा) की अध्यक्ष कृष्णा पटेल की बेटी और मोदी की मंत्री अनुप्रिया पटेन की बहन पल्लवी पटेल को मैदान में उतारा गया है।
पीएम मोदी ने बजट की तारीफ की
पीएम मोदी ने कहा कि कल निर्मला सीतरमण ने बहुत ही खूबसूरती से, बहुत ही अच्छे ढंग से बजट के कुछ पहलुओं को हमारे सामने रखा है। बजट स्पीच में पूरा बजट संभव नहीं होता है क्योंकि बजट में बहुत बड़ा दस्तावेज होता है, बारीकियां होती हैं और सदन में ये सब बोलना संभव भी नहीं होता है।
पीएम मोदी बोले- पूरी दुनिया हमें मजबूत देखना चाहती है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था पर वर्चुअल रैली को संबोधित कर रहे हैं। बजट 2022 पर उन्होंने अपनी राय रखी। कहा कि आज कोरोना के चलते पूरी दुनिया एक चौराहे पर खड़ी हो गई है। आगे की दुनिया वैसी नहीं रहेगी, जैसा कोरोना से पहले थी। भारत आज मजबूत स्थिति में है। भारत को लेकर पूरी दुनिया का नजरिया बदला है। अब पूरी दुनिया हमें मजबूत देखना चाहती है।
UP Election: खुशी दुबे की बहन ने किया नामांकन
कानपुर के बिकरू कांड के आरोपी अमर दुबे की पत्नी खुशी दुबे की बहन नेहा तिवारी ने बुधवार को कानपुर के कल्याणपुर विधानसभा सीट से नामांकन किया। बिकरू कांड से कुछ दिन पहले ही खुशी की शादी अमर से हुई थी। पुलिस ने खुशी को भी इस मामले में आरोपी बनाया और जेल भेज दिया। बिकरू कांड के दौरान खुशी नाबालिक थी। खुशी के परिवार वालों ने आरोप लगाया कि ब्राह्मण होने के चलते उन्हें सरकार ने परेशान किया है। कांग्रेस ने खुशी की मां गायत्री तिवारी को टिकट दिया था, लेकिन वोटर लिस्ट में उनका नाम ही नहीं था। बाद में गायत्री की जगह उनकी बेटी नेहा तिवारी को टिकट मिल गया।
UP Chunav: रीता बहुगुणा जोशी के बेटे को सपा दे सकती है टिकट
लखनऊ कैंट से भाजपा का टिकट न मिलने के बाद अब भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी के बेटे मयंक जोशी समाजवादी पार्टी का दामन थाम सकते हैं। सूत्रों के अनुसार सपा की तरफ से उन्हें लखनऊ कैंट का टिकट दिया जा सकता है। इसके लिए पहले से तय प्रत्याशियों के नामों में बदलाव हो सकता है।
UP Election : जयंत चौधरी बोले- मुझे हेमा मालिनी नहीं बनना
योगेश अभी आ जा, तेरा हेमा मालिनी बना दूंगा और ना जाने कैसी-कैसी बातें मेरे लिए भी कह रहे हैं। कोई प्यार नहीं, कोई लगाव नहीं है हमारे लिए। मैं कह रहा हूं मुझे खुश करके क्या मिल जाएगा? मुझे तो नहीं बनना है हेमा मालिनी। जनता के लिए क्या किया? वो सातों किसानों के परिवार के लिए क्या किया आपने? टेनी जी मंत्री क्यों बने बैठे हैं?
UP Election News : सपा विधायक के बिगड़े बोल, भाजपा का पलटवार
समाजवादी पार्टी के विधायक रफीक अंसारी का एक विवादित वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वह सभा को संबोधित करते हुए बोल रहे हैं, 'पांच साल से हिंदूगर्दी मचाई हुई है। हर थाने में हिंदूगर्दी मचाई है। मैं पूछना चाहता हूं कि अगर फिर से इनकी सरकार बन गई... ये तो गुंडा बन जाएगा। ये तो बदमाश हो जाएगा। यकीन मानिए दोस्तों... मेरठ का मुसलमान, मेरठ का युवा इनसे कभी दबा नहीं।'
विधायक के इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पलटवार किया है। शहजाद ने कहा, 'ये जिन्ना प्रेमी और हिंदुओं से नफरत करने वाली समाजवादी पार्टी का असली चेहरा है।'
UP Election 2022 : पश्चिमी यूपी में वर्चुअल रैलियों से माहौल बनाएंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल रैलियों के जरिये पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा का चुनावी माहौल बनाएंगे। पहली वर्चुअल रैली की सफलता के बाद पार्टी ने 4, 6, 7 और 10 फरवरी को प्रधानमंत्री की वर्चुअल रैलियां प्रस्तावित है। वहीं, बरेली में पीएम की वर्चुअल रैली आज है। सुबह 11 बजे ब्रज क्षेत्र के सभी विधानसभा क्षेत्रों में वर्चुअल रैली करेंगे। हर विधानसभा क्षेत्र में बड़ी स्क्रीन के जरिये वह मतदाताओं से रूबरू होंगे। रैली में बरेली, शाहजहांपुर और बदायूं के मतदाता जुड़ेंगे। सोशल मीडिया के सभी माध्यमों पर भी इसका सीधा प्रसारण होगा।
UP Chunav: बसपा सुप्रीमो मायावती आज आगरा में
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती आज आगरा के कोठी मीना बाजार मैदान में मंडल स्तरीय चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगी। बसपा जिलाध्यक्ष धीरज बघेल ने बताया कि बसपा सुप्रीमो सुबह 11 बजे सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय जनसभा में पार्टी अध्यक्ष मायावती प्रत्याशियों के लिए वोट मांगने आ रही हैं। कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने के साथ चुनावी जनसभा की जाएगी।
UP Election 2022: मुख्यमंत्री योगी आज मथुरा में
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को मथुरा, छाता, गोवर्धन विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाएं कर वोट मांगेंगे। भाजपा के महानगर संयोजक राजू यादव और जिला मीडिया प्रभारी सचिन चतुर्वेदी ने बताया कि सेठ बीएन पोद्दार स्कूल में दो फरवरी को मुख्यमंत्री भाजपा प्रत्याशी श्रीकांत शर्मा के पक्ष में जनसभा को संबोधित करेंगे। इससे पहले स्वामी बाबा का मैदान तरौली गांव में 11 बजे और दोपहर एक बजे गोवर्धन के बाचे लाला का मैदान में मतदाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे।