मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झांसी में रोड शो किया।
कन्नौज में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा भाजपा हमें बदनाम करना चाहती है क्योंकि हम लोग काम करने वाले हैं और समाज में खुशहाली लाने वाले हैं।
एबीजी शिपयार्ड बैंक धोखाधड़ी मामले पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि जितने भी बैंकों से पैसा लेकर भागे हैं वो उद्योगपति गुजरात के क्यों हैं? जब से बीजेपी की सरकार आई है तब से ऐसी घटनाएं बढ़ी हैं।
कन्नौज में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि पहले और दूसरे चरण के मतदान में ही सपा और सपा के गठबंधन ने शतक लगा लिया है और अगर कन्नौज और तीसरे चरण में अपने लोगों का समर्थन मिला तो बीजेपी इतना पीछे छूट जाएगी कि तीसरे चरण से लेकर सातवें चरण तक इनके बूथों में कोई दिखेगा नहीं। भाजपा के लोग धोखेबाज और झूठे हैं।
अपना दल सोनेलाल ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए दो और उम्मीदवारों का एलान किया है। वाराणसी की रोहनिया सीट से सुशील पटेल को और जौनपुर जिले की मड़ियाहूं सीट से आरके पटेल को टिकट दिया गया है।
UP Election: सीतापुर में पीएम मोदी की रैली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सीतापुर में रैली को संबोधित कर रहे हैं। यहां उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार संत रविदास की जन्मस्थली पर काफी काम कर रही है। वहां भव्य निर्माण चल रहा है। पीएम मोदी ने इस दौरान समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। कहा कि 2017 से पहले जिन्होंने पांच साल सरकार चलाई थी, उन्हें तो संत रविदास जी के नाम से भी चिढ़ थी। ये मुझसे ज्यादा यूपी की जनता जानती है।
पीएम मोदी बोले- मैं वहां का सांसद, जहां संत रविदास ने जन्म लिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीतापुर में संत रविदास को नमन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं उस वाराणसी का सांसद हूं, जहां संत रविदास का जन्म हुआ था। मोदी ने कहा, आप का यह उत्साह बता रहा है कि यूपी में अगले 5 चरणों में भी भाजपा का परचम लहराएगा। अब आप सभी को मिलकर के भाजपा को रिकॉर्ड सीटों से जिताना है। 2017 में जो रिकॉर्ड यूपी के लोगों ने बनाया अब आपको अपना ही रिकॉर्ड तोड़ना है। यूपी में भाजपा का राज होने का मतलब है कि गुंडाराज, माफियावाद पर बराबर कंट्रोल। यूपी में भाजपा सरकार का मतलब है पूजा के दिन हों तो पर्वों को मनाने की खुली स्वतंत्रता। यूपी में भाजपा सरकार का मतलब है बहनों बेटियों की मनचलों से सुरक्षा।
UP Chunav: गोंडा में भाजपा विधायक के सामने अखिलेश के नारे लगे
यूपी विधानसभा चुनाव में प्रचार के दौरान कई तरह के मामले भी सामने आ रहे हैं। गोंडा के कटरा बाजार विधानसभा के भदैंय्या कटहारिया गांव में एक घटना का एक वीडियो मंगलवार को वायरल होने के बाद खलबली मच गई है। गांव में बीते दिनों भाजपा प्रत्याशी व विधायक बावन सिंह जनसंपर्क कर रहे थे।
भदैंय्या कटहरिया गांव के लोगों ने पहले विधायक से कई सवाल किए। इसके बाद गांव के लोग सपा मुखिया अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। यही नहीं सपा के प्रत्याशी बैजनाथ दुबे के जिंदाबाद के भी नारे लगे।
UP Election 2022: मायावती ने साधा भाजपा पर निशाना
यूपी विधानसभा चुनाव में लखनऊ मंडल के सभी जिलों के प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि जनता को भाजपा और सपा के झांसे में नहीं आना है। केवल बसपा को वोट करना है क्योंकि पहले दो चरणों का परिणाम भी चौंकाने वाला आ रहा है और बसपा की सरकार बन रही है।
उन्होंने कहा कि अखिलेश की सपा सरकार ने पदोन्नति में आरक्षण के बिल को फाड़ दिया था। सपा और आरएसएस के संकीर्ण एजेंडे पर काम करने वाली भाजपा को सत्ता में आने से हर सूरत में रोकना है। बुधवार को कांशीराम स्मृति उपवन लखनऊ में जनसभा को संबोधित करते हुए मायावती ने भाजपा और सपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दोनों की ही सरकारों में दलित पिछड़ों एवं किसानों के विरोध में कार्य हुए। इनकी समस्याओं का कोई समाधान नहीं किया गया। सपा की सरकार में तो गुंडागर्दी चरम पर रही।
औरैया में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि जिस मंत्री पुत्र ने गाड़ी से किसानों को कुचला था उसे जमानत मिल गई, जो पैरवी सरकार को करनी चाहिए थी वो नहीं हुई। सरकार बनने वाली है ऐसी पैरवी होगी कि जिसने किसानों की जान ली वो तो जेल जाएंगे ही उनके पालने-पोसने वालों को भी जेल भेजने का काम होगा।
कानपुर में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी केवल कहने को समाजवादी है, समाजवाद इन्हें छू तक नहीं गया। समाजवादी वो होता है जो आम जनता के भय और भूख का समाधान कर सके।
करहल में केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल के काफिले पर हुए हमले को लेकर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर लखनऊ में चुनाव आयोग के कार्यालय पर शिकायत दर्ज़ कराई।
औरैया में अखिलेश यादव ने कहा कि मैं कह के जा रहा हूं कि जिन्हें कानून व्यवस्था हाथ में लेनी है वो समाजवादी पार्टी को वोट नहीं दें। जिन्हें गरीब पर अन्याय करना है वो समाजवादी पार्टी को वोट नहीं दें।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हमीरपुर में कहा कि कोरोना काल में विपक्षी नेता नजर नहीं आ रहे थे। कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन लगाई गई। जिस तरह आपने सपा, बसपा और कांग्रेस के जिन्न को बोतल में भरकर हमेशा के लिए राजनीति से खारिज कर दिया है वैसे ही हमने कोरोना के जिन्न को बोतल में भरकर बंद कर दिया है।
पंजाब में प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के उत्तर प्रदेश और बिहार को लेकर दिए बयान पर सियासत शुरू हो गई है। चन्नी ने कहा था कि यूपी दे, बिहार दे, दिल्ली दे भईए आके इते राज नई करदे। मतलब ये यूपी, बिहार और दिल्ली के भाई लोग यहां आकर राज नहीं कर सकते। इस दौरान चन्नी के साथ कांग्रेस महासचिव और यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी भी थीं। जब चन्नी ने ये कहा तब प्रियंका ताली बजा रहीं थीं। अब इसको लेकर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, चन्नी जब यूपी, बिहार को गाली दे रहे थे, तब प्रियंका ताली बजा रहीं थी। क्या ये यूपी और यहां के लोगों का अपमान नहीं है? राहुल भी यूपी का अपमान कर चुके हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी संत रविदास की जयंती पर उनकी जन्म स्थली में शीश नवाने रविदास मंदिर पहुंचे। दोनों ने संत रविदास मंदिर में दर्शन भी किया। दर्शन के बाद राहुल गांधी ने यहां श्रद्धालुओं को लंगर भी कराया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संत रविदास जी महाराज की जयंती पर रविदास मंदिर के दर्शन के बाद लंगर खाया। मीडिया से बात करते हुए योगी ने कहा कि ये हमारा सौभाग्य है कि संत रविदास जी महाराज का जन्म वाराणसी में काशी की पवित्र धरती पर हुआ।
भाजपा ने यूपी चुनाव 2022 के लिए तीन और उम्मीदवारों की घोषणा की है। सेवापुरी से नीलरतन सिंह पटेल, रार्बट्सगंज से भूपेश चौबे और दुद्धी से रामदुलार गौड़ को उम्मीदवार बनाया गया है।
UP Chunav: केशव मौर्य का बड़ा बयान
मैनपुरी के करहल विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल पर हमले के बाद डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सपा पर निशाना साधा है। केशव मौर्य ने सपा मुखिया अखिलेश यादव को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। कहा, 'अखिलेश यादव जी चुनाव में हार के डर से आपने अपने पालतू गुंडों के द्वारा भाजपा प्रत्याशी केन्द्रीय मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल और भाजपा नेताओं पर हमला करवाते हो। आपने हमला नहीं अपनी पराजय सुनिश्चित की है। क्या यही नई सपा है जो आपके ख़िलाफ़ चुनाव लड़े उस पर हमला कराओगे।'
गोरखपुर में आज तय होगा चुनावी मैदान में किन प्रत्याशियों के बीच होगा मुकाबला
गोरखपुर जिले के सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में किन-किन प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा, बुधवार को इसकी तस्वीर साफ हो जाएगी। निर्वाचन आयोग से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक उम्मीदवारों के नाम वापसी का समय तय है।
इसके बाद विधानसभा क्षेत्रवार, उम्मीदवारों की अंतिम सूची तैयार हो जाएगी। फिलहाल, सोमवार को हुई नामांकन पत्रों की जांच में 116 प्रत्याशियों के पर्चे वैध पाए गए हैं, जबकि 32 पर्चे खारिज हो गए। गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र से सर्वाधिक 10 प्रत्याशियों के पर्चे अवैध पाए गए। पिपराइच, गोरखपुर ग्रामीण व चौरीचौरा में पांच-पांच पर्चे निरस्त हुए। कैंपियरगंज में दो, सहजनवां में चार व चिल्लूपार में एक प्रत्याशी का पर्चा खारिज हुआ। खजनी और बांसगांव विधानसभा सीट के लिए सभी प्रत्याशियों के पर्चे वैध पाए गए।
UP Election 2022: सपा प्रत्याशी रामभुआल की पत्नी के असलहों के लाइसेंस होंगे निरस्त
देवरिया जिले के रूद्रपुर से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी और पूर्व मंत्री रामभुआल निषाद के साथ प्रचार में असलहा लेकर चलने पर एसपी व डीआईजी डॉ. श्रीपति मिश्र ने सख्त रूख अख्तियार किया है। उन्होंने कहा कि लाइसेंस को निरस्त करने की कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, मदनपुर थाना क्षेत्र में प्रचार के दौरान असलहे के साथ सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर पुलिस नेरविवार को मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस को जानकारी मिली है कि दोनों असलहा पूर्व मंत्री की पत्नी मीरा देवी के नाम से जारी हुए है, जिसमें प्रत्याशी की ससुराल तरकुलवा थाना क्षेत्र के जमुनी गांव का पता दर्शाया गया है।
UP Elections 2022: अब आलू बेल्ट में घमासान, किसान लेंगे इम्तिहान
विधानसभा चुनाव में तीसरे चरण में शामिल 16 जिलों की 59 विधानसभा क्षेत्रों में 36 विधानसभा क्षेत्र आलू उत्पादक हैं। यादव, कुर्मी बहुलता वाले इन इलाकों में किसान आलू को खरा सोना मानते हैं। अगर आलू के उत्पादन क्षेत्रों के हिसाब से देखें तो देश का सबसे बड़ा आलू उत्पादक राज्य उत्तर प्रदेश है। पढ़िए पूरी रिपोर्ट
UP Elections 2022: योगी के मंत्री पर एफआईआर दर्ज
उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद में सेक्टर मजिस्ट्रेट डॉ. वैभव शर्मा ने भाजपा प्रत्याशी और योगी सरकार में मंत्री दिनेश खटीक पर एफआईआर दर्ज कराई है। आरोप है कि वह गले में भारतीय जनता पार्टी के प्रतीक चिह्न वाला पट्टा डालकर एवं हाथ में मोबाइल फोन लेकर मतदान केंद्र संख्या 220 पर पहुंचे थे। मतदान केंद्र पर तैनात पुलिस अधिकारी व मतदान कर्मियों को धमकाने का भी आरोप लगा है।
UP Elections 2022: मेरठ की इस सीट पर गुर्जरों ने बिगाड़ा प्रत्याशियों का गणित
मेरठ में गुर्जर मतों के बंटवारे ने किठौर सीट पर हार-जीत का गणित बिगाड़ दिया है। विधानसभा क्षेत्र की हर चौपाल और चाय की दुकान पर यही चर्चा है। गुर्जर मतों के सहारे जहां भाजपा अपनी जीत मानकर चल रही है, वहीं सपा भी गुर्जर बिरादरी को अपने साथ बताकर जीत का दावा कर रही है। कौन जीतेगा और कौन हारेगा, इस पर असली मोहर दस मार्च को ही लग पाएगी। लेकिन इससे पहले प्रत्याशी और समर्थक जीत के दावे करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। पढ़िए पूरी रिपोर्ट...
UP Chunav : वाराणसी में कांग्रेस नेताओं का लगा जमघट
संत रविदास जयंती पर आज वाराणसी में कांग्रेस नेताओं का जमघट लग गया है। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने वाराणसी के गोवर्धनपुर में बने संत रविदास के मंदिर में माथा टेका। इसके बाद चन्नी ने कहा, आज गुरु रविदासजी का जन्मदिन है। मैं गुरु का आशीर्वादन लेने आया हूं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी वाराणसी पहुंचेंगे।
तिर्वा, महाराजपुर, महोली और सीतापुर से ग्राउंड रिपोर्ट
यूपी के रण में मुद्दों का भी इम्तिहान है। हो भी रहा है। कई चले। चलते ही जा रहे हैं। कुछ का शोर था। शुरुआत में बड़ा जोर था। पर, असल परीक्षा आते ही वे फुस्स हो गए। क्या वे सिर्फ दिखावटी थे? क्या वे सिर्फ बनावटी थे? यकीनन यह तो नहीं कह सकते। पर, सवालों के घेरे में मुद्दे भी हैं। पढ़िए पूरी रिपोर्ट...
तीसरे चरण में 22 फीसदी दागी, 39 फीसदी करोड़पति प्रत्याशी
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में पहले दो चरणों के मुकाबले दागी उम्मीदवारों की संख्या घटी है। इस चरण में 22 फीसदी प्रत्याशियों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, सबसे ज्यादा आपराधिक मामले कांग्रेस की फर्रुखाबाद सीट की प्रत्याशी लुइस खुर्शीद पर दर्ज हैं। करोड़पतियों प्रत्याशियों की सूची में बबीना से यशपाल सिंह यादव शीर्ष पर हैं।
समाजवादी पार्टी ने सबसे अधिक 52 फीसदी दागी उम्मीदवारों को टिकट दी है। वह करोड़पति उम्मीदवारों की सूची में भी शीर्ष पर है। सपा ने 58 में से 30 बाहुबलियों को टिकट दिए हैं। जबकि भाजपा ने 55 में से 25 यानी 46 फीसदी बाहुबलियों पर भरोसा जताया है। उत्तर प्रदेश इलेक्शन वॉच एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म (एडीआर) ने मंगलवार को तीसरे चरण की रिपोर्ट जारी की।