फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP Election 2022 Live: नड्डा बोले- चार राज्यों में फिर से सरकार बनाएगी भाजपा, पंजाब में उम्मीद से अच्छे नतीजे आएंगे

Sat, 05 Mar 2022 06:33 PM IST
हिमांशु मिश्रा इलेक्शन डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Uttar Pradesh Vidhan Sabha Chunav 2022 7th Phase News Live: उत्तर प्रदेश में सातवें यानी आखिरी चरण के चुनाव के लिए आज शाम प्रचार थम जाएगा। सात मार्च को नौ जिलों की 54 सीट पर इस चरण में मतदान होना है। इसके लिए राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। पढ़िए सूबे की राजनीति से जुड़े पल-पल के अपडेट्स...
विज्ञापन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:09 PM, 05-Mar-2022

यूपी में भाजपा फिर से सरकार बनाने जा रही है: अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था में बहुत बड़ा परिवर्तन योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आया है। प्रदेश में सभी प्रकार के आपराधिक घटनाओं में 30% से 70% तक की कमी आई है। सभी माफिया जेल में बंद हैं। महिलाएं और बच्चियां अब खुद को सुरक्षित महसूस करतीं हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बहुत मजबूती के साथ भाजपा फिर से सरकार बनाने जा रही है।  

06:02 PM, 05-Mar-2022

चार राज्यों में हम फिर से सत्ता में आ रहे हैं: जेपी नड्डा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं। उनके साथ गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद हैं। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में जेपी नड्डा ने कहा कि हमें चुनाव प्रचार से लगता है कि चार राज्यों (गोवा, उत्तराखंड, मणिपुर, उत्तर प्रदेश) में जहां हम सरकार में थे, वहां की जनता ने हमें फिर से चुनने का निर्णय लिया है। वहीं, पंजाब में उम्मीद से अच्छे नतीजे आएंगे। 

05:48 PM, 05-Mar-2022

UP Chunav: आजमगढ़ में अखिलेश का पीएम मोदी पर तंज 
पूर्व मुख्यमंत्री व सपा मुखिया अखिलेश यादव ने शनिवार को आजमगढ़ में ताबड़तोड़ कई जनसभाओं को संबोधित किया। अतरौलिया से उन्होंने अपने जनसभा की शुरुआत की। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री पर हमला बोला। गोपालपुर में कहा कि हमारी टोपी पर अंगुली उठाने वाले अब खुद टोपी पहन लिए हैं लेकिन उनकी टोपी का रंग अलग है। जिनसे सतर्क रहने की जरूरत है। 
 

विज्ञापन
05:00 PM, 05-Mar-2022

UP Chunav: योगी बोले- आतंकवादियों और माफियाओं के संरक्षण से उन्हें नहीं मिली फुर्सत
आजमगढ़ के मेंहनगर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान वह समाजवादी पार्टी और बसपा पर हमलावर रहे। सीएम योगी ने कहा कि महाराजा सुहेलदेव को सम्मान देने का काम भाजपा ने किया। 1000 वर्ष बाद भी कांग्रेस, सपा और बसपा महाराजा सुहेलदेव को सम्मान नहीं दे सकी लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके नाम पर डाक टिकट जारी कर दिया। इसके बाद अब आजमगढ़ में बनने वाले राज्य विश्वविद्यालय का नाम उनके नाम पर करके हमने उन्हें सम्मान देने का काम किया। सपा के लोग भी यह सम्मान दे सकते थे लेकिन उनके पास आतंकवादियों और माफियाओं को सरंक्षण देने से फुर्सत नहीं थी।

04:45 PM, 05-Mar-2022

UP Election: योगी बोले- 10 मार्च के बाद विदेश भागने के लिए टिकट बुक करा रहे विपक्ष के नेता
भदोही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि छह चरण के चुनाव के बाद आ रहे रूझान से स्पष्ट हो गया है कि प्रदेश में भाजपा की प्रचंड बहुमत से फिर सरकार बन रही है। विपक्ष के नेताओं ने इसे देखते हुए दस मार्च के बाद विदेश भागने के लिए टिकट की बुकिंग कराना शुरू कर दिया है। सातवें चरण में आप अच्छी सीटें दिलाएंगे तो दमदार सरकार बनेगी। विकास और बुलडोजर के लिए दमदार सरकार की जरूरत होगी। वह शनिवार को औराई के नरथुआं में भाजपा प्रत्याशी दीनानाथ भास्कर और भदोही के सेवासदन इंटर कॉलेज के मैदान में भाजपा के प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी जनसभा संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने पांच साल के कार्यकाल की उपलब्धियों पर बात की। सपा और बसपा पर तीखा हमला किया।

विज्ञापन
04:30 PM, 05-Mar-2022

UP Chunav: पहली बार जौनपुर पहुंचीं प्रियंका, रोड शो में उमड़ी भारी भीड़
सातवें चरण के चुनाव प्रचार के अंतिम दिन कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पहली बार जौनपुर पहुंचीं। जिले की नौ विधानसभा को साधने के लिए प्रियंका गांधी ने रोड शो किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और दीपेंद्र हुड्डा भी उनके साथ रहे। घरों की छतों से लोग प्रियंका गांधी की झलक देखने के लिए लोग उत्सुक नजर आए। जौनपुर जंक्शन से प्रियंका गांधी ने रोड शो निकाला। उन्होंने जौनपुर सदर प्रत्याशी नदीम जावेद के लिए वोट मांगे। रोड शो के दौरान भारी भीड़ देखी गई। लोगों ने घरों के ऊपर से पुष्प वर्षा भी किया।  शहर के चहारसू चौराहे पर रोड शो के कार्यक्रम को प्रियंका ने खत्म कर दिया।
 

04:07 PM, 05-Mar-2022

UP Election: अखिलेश ने भाजपा पर साधा निशाना
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने आजमगढ़ में चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान अखिलेश ने जमकर भाजपा पर निशाना साधा। बोले, जब आजमगढ़ के बूथों पर वोट पड़ेगा तो भाजपा के बूथों पर भूत नाचेंगे।' अखिलेश ने कहा- 'जो लोग गर्मी निकालने की बात करते थे, आजमगढ़ की जनता इनका भांप निकाल देगी।'

03:15 PM, 05-Mar-2022

प्रयागराज से भारतीय जनता पार्टी की सांसद रीता बहुगुणा जोशी के बेटे मयंक जोशी ने आखिरकार समाजवादी पार्टी जॉइन कर ही ली। आजमगढ़ में आयोजित चुनावी जनसभा में सपा मुखिया अखिलेश यादव ने मयंक का स्वागत किया। इस दौरान पूर्व आईएएस अफसर फतेहबहादुर सिंह ने भी समाजवादी पार्टी की सदस्यता ले ली। अखिलेश यादव ने कहा कि इन दोनों नेताओं के आने से सपा और मजबूत होगी।

03:07 PM, 05-Mar-2022

सपा की संवेदना आतंकवादियों को छुड़ाने की थी: योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आजमगढ़ में चुनावी रैली की। यहां उन्होंने कहा कि इनकी संवेदना विकास, गरीब, रोजगार के लिए नहीं थी, इनकी संवेदना तो संजरपुर के आतंकवादियों को छुड़ाने की थी। जितनी भी आतंकवादी घटनाएं घटी वह समाजवादी पार्टी की सरकार के कार्यकाल में घटी। आज उत्तर प्रदेश दंगामुक्त प्रदेश है।

02:45 PM, 05-Mar-2022

गर्मी निकालने वाले छह चरणों में ही ठंडे पड़ गए: अखिलेश
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने आजमगढ़ में कहा कि जो लोग गर्मी निकाल रहे थे वे छह चरणों में ही ठंडे पड़ गए हैं, उनके घरों से झंडे उतार लिए गए। छठे चरण में ही समाजवादी पार्टी ने छक्के छुड़ा दिए हैं। ये बाबा मुख्यमंत्री को छह चरणों के मतदान के बाद नींद नहीं आ रही है।

02:30 PM, 05-Mar-2022

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस बार 10 मार्च को जब चुनाव के नतीजे आएंगे तो रंगों वाली होली उसी दिन शुरू हो जाने वाली है।

02:19 PM, 05-Mar-2022

मोदी ने वोकल फॉर लोकल पर विपक्ष को घेरा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारे ये जो विरोधी लोग हैं उनसे कभी आपने एक बार भी सुना कि अपने देश में बनी हुई चीजें खरीदो, अपने देश में बनी हुई चीजों का उपयोग करो, देश में बनी चीजों को बढ़ावा दो? अगर ये आपके मित्र होते तो ये आपकी बनी चीजों को बेचने के लिए बोलते की नहीं? लेकिन इनके मुंह पर ताला लग गया है।

02:15 PM, 05-Mar-2022

वोकल फॉर लोकल से चिढ़ते हैं घोर परिवारवादी: मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि घोर परिवारवादी वोकल फॉर लोकल से भी चिढ़ते हैं। पूरी दुनिया में आज योग की, आयुर्वेद की धूम मची है, लेकिन ये घोर परिवारवादी योग का नाम लेने से भी बचते हैं। कांग्रेस तो इससे भी आगे है, जो खादी एक जमाने में कांग्रेस की पहचान होती थी, वो उस खादी को भूल गए।

02:12 PM, 05-Mar-2022

हमने 10 करोड़ से ज्यादा शौचालय बनाए: मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि हमने स्वच्छ भारत मिशन शुरू किया, 10 करोड़ से ज्यादा शौचालय बनाए। इससे गांव के गरीब, दलित, पिछड़े परिवार की बहनों को सबसे अधिक फायदा हुआ। ये महलों में रहने वालों को पता नहीं है, अगर घर में शौचालय नहीं है तो एक गरीब मां कितनी तकलीफ उठाती है उनको पता नहीं है।

02:10 PM, 05-Mar-2022

संकट में भी घोर परिवारवादी राजनीतिक हित ढूंढते हैं: मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे गांवों की एक शक्ति ये भी है कि जब संकट आता है तब हर कोई गिले शिकवे भुलाकर एकजुट हो जाता है। लेकिन देश के सामने कोई चुनौती आती है तो ये घोर परिवारवादी इसमें भी राजनीतिक हित ढूंढते रहते हैं। 

02:08 PM, 05-Mar-2022

 डबल इंजन का डबल बेनिफिट है: मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज एक तरफ डबल इंजन का डबल बेनिफिट है, जिसका लाभ यूपी का हर नागरिक उठा रहा है। दूसरी तरफ घोर परिवारवादियों की कोरी घोषणाएं हैं, जो कभी पूरी हो ही नहीं सकती हैं। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी का ये तीसरा दशक पूरी दुनिया के लिए नई चुनौतियां, अभूतपूर्व संकट लेकर आया है। लेकिन भारत ने तय किया है कि इस अभूतपूर्व संकट और चुनौतियों को हम अवसर में बदलेंगे। ये संकल्प सिर्फ मेरा नहीं है, ये हिंदुस्तान के 130 करोड़ नागरिकों का है, आप सभी का है। 

02:08 PM, 05-Mar-2022

परिवारवादी जो नहीं बोलते वहीं करते हैं: मोदी
वाराणसी में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पूरा यूपी बिना बटे एकजुट होकर कह रहा है कि आएगी तो भाजपा ही और आएंगे तो योगी ही। यूपी के लोग यूपी में गुंडागर्दी, माफिया, भ्रष्टाचार, घोर परिवारवादियों को पूरी तरह नकार चुके हैं। उन्होंने कहा कि घोर परिवारवादियों की एक खास आदत है कि वो जो बोलते हैं वो करते नहीं हैं और जो नहीं बोलते हैं वही करते हैं। 
 

02:02 PM, 05-Mar-2022

जब तक सच्ची राजनीति उभर कर नहीं आएगी मैं आपके लिए लड़ती रहूंगी: प्रियंका
गाजीपुर में प्रियंका गांधी ने कहा कि जब तक इस उत्तर प्रदेश में एक सही, एक नई और एक सच्ची राजनीति उभर कर नहीं आएगी, तब तक मैं आपके लिए लड़ती रहूंगी, आपके प्रदेश के लिए लड़ती रहूंगी, कोई मुझे रोक नहीं पाएगा। दो दिन बाद आप निर्णय लीजिए कि आपको क्या चाहिए। 

01:59 PM, 05-Mar-2022

दो साल से अस्सी करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन दे रहे हैं, दुनिया ये देखकर हैरान है: मोदी
वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत दो साल से अस्सी करोड़ से अधिक गरीब, दलित, पिछड़े और आदिवासियों को मुफ्त राशन उपलब्ध करा रहा है। पूरी दुनिया इससे हैरान है। लेकिन, मुझे खुशी है कि मेरा गरीब खुश है, मेरी गरीब मां खुश है। 

01:56 PM, 05-Mar-2022

जिन्हें आपने उधार में सत्ता दी उनसे ब्याज के साथ वापस ले लीजिए: प्रियंका
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी गाजीपुर में चुनावी रैली कर रही हैं। यहां उन्होंने कहा कि अगर इंसान को बेलगाम सत्ता दे दो। अगर इंसान को ये बता दो कि तुम्हारी कोई जवाबदेही नहीं है तो उसकी मानसिकता एकदम खराब हो जाती है। वो समझने लगता है कि सत्ता उसकी है। वो भूल जाता है कि जनता ने दी है। उधार में आई है। आपने उधार में दी है, उसे ब्याज के साथ वापस ले लीजिए। जो परेशानियां आपको दी हैं। जिस तरह से आपको त्रस्त किया है। परेशान किया है, उसे बदल डालिए। सबक सिखाइये। 

01:49 PM, 05-Mar-2022

मोदी सरकार आने के बाद यूपी में 59 मेडिकल कॉलेज खोले गए: नड्डा
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भदोही में चुनावी रैली कर रहे हैं। यहां उन्होंने कहा कि 2014 में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री थे तब उत्तर प्रदेश में 15 मेडिकल कॉलेज थे और उत्तर प्रदेश में 2014 से अभी तक 59 मेडिकल कॉलेज खोले गए हैं।

01:44 PM, 05-Mar-2022

ये चुनाव प्रो इनकम्बेंसी चुनाव है: मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी में चुनावी रैली को संबोधित कर रहे हैं। यहां उन्होंने कहा कि इस चुनाव में मेरी ये आखिरी सभा है। उत्तर प्रदेश ने दशकों से शायद ऐसा चुनाव नहीं देखा होगा। ऐसा चुनाव जब कोई सरकार अपने काम पर, अपनी ईमानदार क्षवि पर, भेदभाव और पक्षपात रहित विकास पर और सुधरी हुई कानून व्यवस्था के दम पर जनता का आशीर्वाद मांग रही हो।  ये चुनाव प्रो इनकम्बेंसी चुनाव है। 

12:47 PM, 05-Mar-2022

भाजपा पर बरसे अखिलेश
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने आजमगढ़ में चुनावी रैली की। इस दौरान वह भाजपा पर जमकर बरसे। अमित शाह का बिना नाम लिए अखिलेश ने बोला, 'भाजपा के नेता का लैपटॉप वाला वीडियो देख कर लोग लोटपोट हो रहे हैं। 12 वीं पास के बाद इंटरमीडिएट में एडमिशन लेने वालों को लैपटॉप देने जा रहे हैं भाजपा नेता। शुक्र है इन्होंने ऐसा नहीं कहा कि इंटर के बाद 10 वीं पास करने वालों को लैपटॉप देंगे।'

12:44 PM, 05-Mar-2022

काशी में प्रबुद्ध वर्ग को पीएम मोदी ने किया संबोधित
वाराणसी के महमूरगंज स्थित रमना निवास में शनिवार सुबह पीएम मोदी ने कला एवं संस्कृति क्षेत्र के विशिष्ट व्यक्तियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विकास के प्रति अपनी वचन बद्धता दोहराई। बैठक में मौजूद लोगों से मेगा परियोजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। काशी विश्वनाथ धाम के बार में बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इसे पहले ही बना जाना जाहिए था। वहीं गुजरात में सरदार पटेल की सबसे ऊंची प्रतिमा को बनवाने और इससे लोगों के जुड़ाव और देश के बारे में संस्कृति सभ्यता और संघर्ष से युवा पीढ़ी को अवगत कराने की मंशा भी स्पष्ट की। यूपी के हर जिले में मेडिकल कॉलेज का फायदों पर बात की। इशारों-इशारों में पूर्व की सरकारों पर सवाल भी उठाए। प्रबुद्धजनों से कहा कि यूपी को स्टेबिलिटी और कंटीन्यूटी चाहिए।

12:27 PM, 05-Mar-2022

आजमगढ़ को मैंने अपना घर माना है: अखिलेश
सपा प्रमुख अखिलेश यादव आजमगढ़ में चुनावी रैली कर रहे हैं। यहां उन्होंने कहा कि आजमगढ़ को मैंने अपना घर माना है। पूर्वांचल को अभूतपूर्व विकास करने के लिए हमने पूर्वांचल एक्सप्रेस वे दिया। 

12:00 PM, 05-Mar-2022

पांच साल में पांच लाख युवाओं को दी सरकारी नौकरी: योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोनभद्र में चुनावी रैली को संबोधित किया। यहां उन्होंने कहा कि हमने पिछले पांच साल में 5,00,000 नौजवान को सरकारी नौकरी दी और 2 करोड़ नौजवानों को स्वत: रोजगार देने का काम किया है। भाजपा ने हर घर नल योजना के माध्यम से हर घर में पेयजल की व्यवस्था कराई है।

11:00 AM, 05-Mar-2022

UP Election: वाराणसी में मुलायम की बहू ने भाजपा के लिए किया प्रचार
वाराणसी में समाजवादी पार्टी की संरक्षक मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव ने वाराणसी में भारतीय जनता पार्टी के लिए प्रचार किया। अपर्णा ने कहा, 'भारत में जैसे कहा जाता है कि हर कंकड़ में शंकर हैं। वैसे ही बनारस में अगर कोई है तो मोदी हैं और मोदी हैं तो मुमकिन है और योगी हैं तो सबको यकीन है। कल जिस प्रकार जनसैलाब था वो दिखाता है कि पीएम ने यहां बहुत मेहनत की है और 10 मार्च के बाद भाजपा बहुमत से सरकार बनाएगी।'

10:40 AM, 05-Mar-2022

UP Election: पीएम मोदी के वाराणसी दौरे का आखिरी दिन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी के महमूरगंज में रमन निवास पहुंचे। यहां वह प्रबुद्ध सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री के वाराणसी दौरे का ये आखिरी दिन है।

09:56 AM, 05-Mar-2022

UP Election: देर रात रेलवे स्टेशन पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी के दौरे पर हैं। देर रात वह वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने बीच पाकर रेल यात्रियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। देर रात अपने संसदीय क्षेत्र के भ्रमण पर निकले पीएम मोदी कैंट स्टेशन का जायजा लेने पहुंचे थे। उन्होंने एग्जीक्यूटिव लाउंज की व्यवस्था देखी और यात्रियों की सुविधाओं और उनके सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाली चीजों के बारे में जानकारी ली।

09:33 AM, 05-Mar-2022

UP Election: काशी में राहुल की जनसभा
वाराणसी में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधा। कहा, 'मैंने किसी भी धर्म में ये नहीं सुना की झूठ बोला। तो मैं अपनी बहन को कहना चाहता हूं। यहां धर्म पर वोट नहीं लिया जा रहा है। यहां झूठ पर वोट लिया जा रहा है। मैं मर जाऊंगा, मगर इस स्टेज से आपको कभी ये नहीं कहूंगा कि 15 लाख रुपये आपके अकाउंट में डाल दूंगा। आपको अच्छा लगे या बुरा। मैं आपकी इतनी इज्जत करता हूं कि मैं आपके मुंह पर झूठ नहीं बोलूंगा। मोदी जी आते हैं और झूठ बोलते हैं कि मैंने हिंदू धर्म की रक्षा की... नहीं मोदी जी, आपने हिंदू धर्म की नहीं बल्कि झूठ की रक्षा की।'  

09:19 AM, 05-Mar-2022

यूपी चुनाव: नड्डा बोले- चार राज्यों में फिर से सरकार बनाएगी भाजपा, पंजाब में उम्मीद से अच्छे नतीजे आएंगे

UP Election 2022 : प्रधानमंत्री के रोड शो में शामिल हुए सीएम पुष्कर सिंह धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव के प्रचार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो में शामिल हुए। इस दौरान वह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात की। बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री धामी भाजपा प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार करने के लिए नई दिल्ली से लखनऊ पहुंचे।
शुक्रवार को वह लखनऊ से वाराणासी के लिए रवाना होंगे। वाराणासी में भाजपा प्रत्याशी के चुनाव प्रचार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक रोड शो होना था। इस रोड शो में राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के साथ मुख्यमंत्री धामी भी मौजूद रहे। बता दें कि मुख्यमंत्री पिछले दो दिनों से नई दिल्ली में थे। उनके दिल्ली में डेरा जमाने को लेकर सियासी हलकों में चर्चाओं का बाजार गरमा रहा था।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें