फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

West UP News Live: खोई से भरा ट्रक पलटा, स्कूटी सवार गार्ड की मौत, बिजनौर में ताबड़तोड़ फायरिंग, युवक की हत्या

Wed, 13 Dec 2023 04:34 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

खास बातें

मेरठ में एक तेज रफ्तार कार ने चिकित्सक की जान ले ली। वहीं सीबीएसई परीक्षाओं की डेटशीट जारी हो गई है। मेरठ में करीब 28 हजार से ज्यादा छात्र छात्राएं परीक्षा में हिस्सा लेंगे। वहीं दौराला में खोई से भरा ट्रक पलटने से स्कूटी सवार गार्ड की दर्दनाक मौत हो गई।
विज्ञापन
बिजनौर में युवक की हत्या के बाद मौके पर मौजूद पुलिस - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:18 PM, 13-Dec-2023

बिजनौर में निर्माणधीन पुल पर चढ़ा ट्रक, चालक ने कूदकर बचाई जान

पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर संकेतक न लगे होने के कारण एक ट्रक निर्माणधीन पुल पर चढ़ गया।गनीमत रही कि ट्रक मिट्टी में धंस गया और नहीं पलटा। चालक और परिचालक ने ट्रक में से कूद कर जान बचाई। बुधवार रात्रि एक ट्रक पानीपत खटीमा राजमार्ग पर कोतवाली देहात से बिजनौर की ओर जा रहा था।

जैसे ही वह मोहित पेपर मिल के पास बने बान के पुल पर पहुंचा वैसे ही संकेतक न लगे होने के कारण ट्रक निर्माणधीन पुल पर चढ़ गया। आगे जाकर ट्रक मिट्टी में धंस गया। ट्रक निर्माणधीन पुल पर लटक गया। आगे गहरी सड़क थी।

गनीमत रही कि ट्रक नहीं पलटा।चालक परिचालक ने ट्रक पर से कूद कर जान बचाई। इस दौरान कई लोग आए। रात्रि 11:00 बजे तक ट्रक को पुल पर से हटाने के प्रयास जारी थे।ट्रक में माल भरा हुआ था।

08:45 PM, 13-Dec-2023

बिजनौर में शुगर मिल के पास ताबड़तोड़ फायरिंग, युवक की हत्या

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में बुधवार शाम ताबड़तोड़ फायरिंग से दहशत फैल गई। यहां हमलावर युवकों ने गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी। मृतक आशु अहलावत(22) पुत्र नीरज निवासी निकट सेंट मैरी स्कूल बताया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आईटीआई गेट के सामने एक छोटे रेस्टॉरेंट पर 10 से ज्यादा लोगों ने तीन युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई। वहीं आरोपी हमलावर नगीना रोड की तरफ फरार हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची है। 

04:34 PM, 13-Dec-2023

अब कैंट में भारी वाहन प्रतिबंधित 

मेरठ केंट बोर्ड की बैठक अध्यक्ष राजीव कुमार की अध्यक्षता में हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि सरधना रोड, माल रोड सहित कैंट में हैवी वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित रहेगी। इसके साथ ही मुख्य बाजारों के नाम शहीदों के नाम पर किए जाएंगे।

 कैंट के तीन वार्डों में जहां सीवर कनेक्शन रह गए हैं उन्हें अनिवार्य रूप से कनेक्शन लेने होंगे। जो कनेक्शन नहीं लेंगे उनकी सीवर लाइन बंद की जाएगी।

विज्ञापन
04:27 PM, 13-Dec-2023

डेरा प्रमुख को पुलिस सुरक्षा में ले जाया गया सुनरिया जेल

बागपत के बरनावा के डेरा सच्चा सौदा आश्रम में 21 दिन की फरलो पर आया डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह राम रहीम का फरलो का समय पूरा हो गया। बुधवार को डेरा प्रमुख को कड़ी पुलिस सुरक्षा में रोहतक की सुनारिया जेल ले जाया गया। जेल में राम रहीम दुष्कर्म व हत्या के मामले में उम्र कैद की सजा काट रहा है। 

04:26 PM, 13-Dec-2023

नई तहसील परिसर में स्थित एक चाय की दुकान के पास सांप के निकलने से हड़कंप मच गया। सांप चाय की दुकान से होता हुआ तहसील द्वार के रास्ते में सड़क पर जा पहुंचा जिससे तहसील में आने वाले लोगों में अफरा तफरी मच गई।

नगर में नहर किनारे नई तहसील परिसर स्थित है। तहसील परिसर में एसडीएम कोर्ट व सी ओ कार्यालय भी मौजूद है। बुधवार की दोपहर करीब 12:30 बजे एक सांप तहसील परिसर में मौजूद एक चाय की दुकान से होता हुआ तहसील के मुख्य द्वार की सड़क पर जा पहुंचा जिससे तहसील में आने वाले लोगों में हड़कंप मच गया। बाद में कुछ लोगों ने सांप को पकड़ कर जंगल में छुड़वाया। यह घटना तहसील परिसर में चर्चा का विषय बनी हुई है।

विज्ञापन
01:35 PM, 13-Dec-2023

नगर पालिका खतौली में प्रशासक एसडीएम ने संभाला चार्ज

मुजफ्फरनगर के खतौली नगर पालिका परिषद में एसडीएम अपूर्वा यादव ने चार्ज संभाल लिया हैं। पालिका अध्यक्ष शाहनवाज अली के शासन ने जाति प्रमाण गलत पाने के आरोप के चलते वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार सीज कर दिए थे। एसडीम को नगर पालिका परिषद का प्रशासक बनाया गया है।

पालिका में कार्यालय पर लगी पालिका अध्यक्ष शाहनवाज की नेम प्लेट को भी उतार दिया गया है। खतौली एसडीएम अपूर्वा यादव ने पालिका कार्यालय में पहुंचकर प्रशासक के रूप में चार्ज संभाल लिया है । उन्होंने पालिका कर्मचारियों से विभिन्न मामलों में जानकारी भी ली।

12:34 PM, 13-Dec-2023

हाइवे सर्विस रोड पर खोई से भरा ट्रक पलटा, स्कूटी सवार गार्ड की दबकर मौत 

दौराला हाइवे पर दौराला फ्लाईओवर के पास टूटी पडी सर्विस रोड से हाइवे पर चढने के दौरान मिल की गन्ने की खोई की भूसी से भरा ओवरलोड ट्रक बुधवार को सर्विस रोड में बने गड्ढे के चलते पलट गया। इस दौरान सर्विस रोड के किनारे सुपर स्टीकर की दुकान के पास स्कूटी खडी कर बात कर रहा दौराला मिल का सिक्योरिटी गार्ड गंगानगर निवासी 55 वर्षीय सुभाषचंद यादव की ट्रक की खोई में नीचे दबने से मौत हो गई।

आसपास के दुकानदारो ने लगभग आधा घंटे मेहनत कर खोई की भूसी को हटाकर गार्ड को निकाला, जबकि चालक ट्रक छोडकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गार्ड दौराला सीएचसी पर भर्ती कराया। जहां पर चिकित्सक ने गार्ड को मृतक घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों को जानकारी दी। सूचना पर पहुंचे मृतक के परिजनों ने थाने पर तहरीर दी। ट्रक पलटने के कारण जाम लग गया। पुलिस ने जेसीबी की मदद से भूसी को हटाकर मृतक गार्ड की स्कूटी को निकालते हुए ट्रक को हटाकर यातायात सुचारू कराया।

08:42 AM, 13-Dec-2023

जिले में 28 हजार से अधिक छात्र देंगे सीबीएसई की परीक्षा

यूपी बोर्ड और सीआईएससीई के बाद मंगलवार को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ओर से दसवीं और बारहवीं का परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। जारी किए गए कार्यक्रम के मुताबिक परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू होंगी। 2 अप्रैल तक चलेंगी। परीक्षा के लिए मेरठ जिले में 28 हजार 300 छात्र-छात्राएं पंजीकृत है। दसवीं में 15300 और बारहवीं में 13000 हजार छात्र पंजीकृत है।

दोनों ही कक्षाओं की परीक्षा 15 फरवरी से शुरु होंगी। दसवीं की परीक्षा 13 मार्च और बारहवीं की बोर्ड परीक्षा दो अप्रैल को खत्म होगी। वहीं प्रयोगात्मक परीक्षाएं एक जनवरी को शुरू होकर 14 फरवरी तक चलेंगी। इस वर्ष सीबीएसई की बोर्ड परीक्षा पिछले दो वर्षों की तुलना में सात-आठ दिन पहले समाप्त होंगी। सीबीएसई के सिटी कोआर्डिनेटर सुधांशु शेखर के अनुसार बोर्ड ने प्रयोगात्मक परीक्षा की सामग्री भेज दी है जिसे स्कूलों को मुहैया करा दिया गया है। दिसंबर में ही प्री-बोर्ड संपन्न करा रहे स्कूल स्कूलों में बोर्ड परीक्षार्थियों की अच्छी तैयारी के लिए प्री-बोर्ड परीक्षाएं दिसंबर में ही संपन्न कराने की तैयारी है। कुछ स्कूलों में पहला प्री-बोर्ड 80 प्रतिशत पाठ्यक्रम के साथ संपन्न हो भी चुका है। वहीं अन्य स्कूलों में प्री-बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं।
 

08:19 AM, 13-Dec-2023

West UP News Live: खोई से भरा ट्रक पलटा, स्कूटी सवार गार्ड की मौत, बिजनौर में ताबड़तोड़ फायरिंग, युवक की हत्या

मेरठ में हापुड़ रोड पर मंगलवार रात शादी मंडप के बाहर बाइक सवार डॉक्टर नावेद को थार सवार टक्कर मारकर कुचलते हुए निकल गए। अस्पताल में उनकी मौत हो गई। नावेद आनंद हॉस्पिटल में प्रैक्टिस करते थे।

नावेद किला परीक्षितगढ़ के गांव खजुरी के रहने वाले थे। वह मंगलवार रात हापुड रोड स्थित रॉयल गार्डन में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। रात करीब 1 बजे बाइक से घर लौट रहे थे। मंडप के बाहर ही थार सवार युवकों ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। बाद में उन्हें कुचलते हुए निकल गए। लोग उन्हें अस्पताल ले गए। जहां उनकी मौत हो गई।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें