फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut News Live: याकूब की संपत्ति होगी जब्त, धर्मांतरण मामले में तीन पर केस, हत्या मामले में युवक को उम्रकैद

Mon, 20 Mar 2023 09:17 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

खास बातें

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में छेड़छाड़ से आहत किशोरी ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। वहीं बागपत में निराश्रित गोवंश ने अधेड़ उम्र के किसान को पटककर मार डाला। एक क्लिक में पढ़ें ताजा खबरें।
विज्ञापन
हाजी याकूब कुरैशी व बेटा इमरान - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:05 PM, 20-Mar-2023

हत्या के मामले में युवक को उम्रकैद

सहारनपुर में अपर सत्र न्यायाधीश एससी-एसटी एक्ट कक्ष संख्या दो सरला दत्ता ने हत्या का दोष सिद्ध हो जाने पर जनपद मुजफ्फरनगर के छपार थाना क्षेत्र के ग्राम तेजलहेडा निवासी मिंटू उर्फ आशीष को आजीवन कारावास व एक लाख रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है।

सहायक शासकीय अधिवक्ता दीपक सैनी ने बताया 13 जुलाई 2013 को जय भगवानपुर निवासी बिल्लू उर्फ विजय अपनी रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए ग्राम साधारणपुर गया था। शादी से वापस लौटते हुए पंचायत घर के सामने ग्राम तेजलहेडा निवासी मिंटू उर्फ आशीष और राहुल ने बिल्लू को जाति सूचक शब्द कहते हुए गालियां दीं, जब बिल्लू ने विरोध किया तो मिंटू उर्फ आशीष ने उसके पेट में चाकू मार दिया, जिससे बिल्लू की मौत हो गई थी। 

इसके बाद मृतक बिल्लू के भाई मोनू ने देवबंद थाने पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने विवेचना उपरांत मिंटू उर्फ आशीष और राहुल के खिलाफ हत्या और एससी-एसटी एक्ट में आरोप पत्र दाखिल किया था, जिसकी सुनवाई के उपरांत साक्ष्यों और गवाहो के आधार पर दोषी पाते हुए मिंटू उर्फ आशीष को आजीवन कारावास और एक लाख रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। राहुल के किशोर होने के कारण अलग से पत्रावली चल रही है। मिंटू जमानत पर चल रहा था, जिसे सजा सुनाए जाने के बाद जेल भेज दिया गया है।

06:46 PM, 20-Mar-2023

हत्या मामले में पांच दोषियों को उम्रकैद और 25-25 हजार जुर्माना

मुजफ्फरनगर में नाबालिग के अपहरण के बाद हत्या के मामले में पांच दोषियों को अदालत ने उम्रकैद और 25-25 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई। शव छिपाने के मामले में एक दोषी पर पांच हजार का अतिरिक्त अर्थदंड अधिरोपित किया गया है। अपर सत्र न्यायालय कोर्ट नंबर तीन के पीठासीन अधिकारी गोपाल उपाध्याय ने सुनवाई की।

जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी राजीव शर्मा और सहायक शासकीय अधिवक्ता अरुण शर्मा ने बताया कि बाबरी थाना क्षेत्र के अय्यूब ने 24 जुलाई 2007 को अपने नाबालिग पुत्र हैदर कुरैशी के गुम होने की सूचना पुलिस को दी थी। इसके बाद वादी ने नाबालिग पुत्र का शव मिलने के बाद बुटराड़ा निवासी अनुज, इमरान, इकबाल, राजीव, सलीम और कासमपुर निवासी रवि के खिलाफ अपहरण और हत्या का  मुकदमा कायम करा दिया था।

तत्कालीन थाना प्रभारी फूल चंद भारती ने विवेचना के बाद न्यायालय में आरोप पत्र प्रेषित किया। अदालत में मामले का विचारण किया। दोनों पक्षों की तर्कों को सुनने के बाद अदालत ने पांच दोषी अनुज, इकबाल, राजीव, सलीम और रवि को हत्या में दोषी पाए जाने पर आजीवन कारावास, 15-15 हजार जुर्माना और अपहरण के अपराध में 10 वर्ष का कारावास और 10-10 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। दोषी रवि को शव छिपाने के मामले में भी दोषी मानते हुए पांच वर्ष के कारावास और पांच हजार रुपये के अर्थदंड सजा सुनाईं। तीनों धाराओं में सुनाई गई कारावास की सजा एक साथ चलेंगी।

06:37 PM, 20-Mar-2023

खिलेंद्र अपहरण कांड में कामिल को आजीवन कारावास

बिजनौर में जिला एवं सत्र न्यायाधीश एमपी सिंह ने खिलेंद्र अपहरण कांड में दोषी पाते हुए कामिल को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। उस पर 50 हजार रुपये अर्थदंड भी लगाया गया है। अर्थदंड की धनराशि में से आधी धनराशि पीड़ित खिलेंद्र को दिए जाने के आदेश दिए हैं।

डीजीसी वरुण राजपूत के अनुसार धर्मवीर सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका छोटा भाई खिलेंद्र उर्फ सुरेंद्र 26 अक्तूबर 2010 की रात करीब साढ़े 10 बजे अपनी मोटरसाइकिल से पड़ोसी पीतम के साथ ट्यूबवेल चलाने गया था। एक घंटे बाद उसके पड़ोसी पीतम ने बताया कि तीन अज्ञात लोगों ने उसके भाई का अपहरण कर लिया है। 13 नवंबर 2010 को खिलेंद्र ने पुलिस को प्रार्थनापत्र दिया कि बदमाशों ने उसे नौ नवंबर को आंखों पर पट्टी बांधकर गांव गोपालपुर के पास छोड़ा था। उसने अपहरण के दौरान बदमाशों को पहचान लिया था।

जो दिलशाद, सहजाद निवासी मोहद्दीनपुर व कामिल गांव भोकरहेड़ी थाना भोपा, जिला मुजफ्फरनगर थे। कामिल के पिता ने उसके गांव में चार-पांच साल पहले कोल्हू चलाया था। इस मामले में दिलशाद, सहजाद को पहले ही अदालत सजा सुना चुकी है। कामिल फरार हो गया था। उसका विचारण होने के बाद सोमवार को उसे सजा सुनाई गई है।

विज्ञापन
06:11 PM, 20-Mar-2023

मेरठ में थाना कंकरखेड़ा पुलिस ने धर्मांतरण के मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया गया कि एक आरोपी हिरासत में है, जबकि दो आरोपी अभी फरार चल रहे हैं।

वहीं पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है, लेकिन अभी आरोपियों का सुराग नहीं लग रहा है।

06:10 PM, 20-Mar-2023

बिजनौर में हाईवे पर कार और बाइक की टक्कर, एक व्यक्ति की मौत

बिजनौर के शेरकोट में हाईवे-74 पर घोसियावाला मोड़ पर वैगनआर कार और बाइक की टक्कर हो गई। जिसमें बाइक सवार 38 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि हादसे में कार सहित पांच लोग घायल हो गए। घायलों में बाइक सवार दो युवक भी शामिल हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है। 

मृतक सुनील कुमार दरगाहपुर नंगली कोतवाली शहर बिजनौर निवासी था। घटना की किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई थी। मृतक व्यक्ति के परिजनों में कोहराम मचा है।

विज्ञापन
04:19 PM, 20-Mar-2023

बिजनौर में महिला की जान लेने वाला गुलदार पिंजरे में हुआ कैद

बिजनौर में 55 घंटे बाद आखिरकार हमलावर गुलदार पिंजरे में कैद हुआ। शनिवार को गुलदार ने महिला पर हमला बोलकर उसकी जान ले ली थी। तभी से गुलदार को पकड़ना वन विभाग के लिए एक चुनौती बन गया था।

यह भी पढ़ें:  Bijnor News: 55 घंटे बाद वन विभाग के पिंजरे में कैद हुआ महिला को मौत के घाट उतारने वाला गुलदार

04:18 PM, 20-Mar-2023

हाजी याकूब कुरैशी की संपत्ति जल्द होगी जब्त

पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी की 31 करोड़ 70 लाख रुपये की संपत्ति जब्त करने की तैयारी पुलिस ने कर ली है। संपत्ति का आंकलन पीडब्लूडी की रिपोर्ट पर हुआ है। जिले में 26 जगह याकूब की संपत्ति मिली है।

यह भी पढ़ें: Meerut News: हाजी याकूब की 31 करोड़ 70 लाख की संपत्ति जल्द होगी जब्त, 32 वाहन भी हैं शामिल

04:16 PM, 20-Mar-2023

आलू खरीद आज से, किसानों को मिलेगी राहत

सहारनपुर में आलू के कम भाव से परेशान किसानों के लिए राहत भरी खबर है। आज सहारनपुर एवं शामली मंडी में बाजार हस्तक्षेप योजना के तहत आलू की खरीद शुरू होगी। इसमें किसानों से प्रदेश सरकार द्वारा घोषित 650 रुपये प्रति क्विंटल की दर से आलू खरीदा जाएगा। 

बढ़िया उत्पादन के बावजूद किसानों के लिए इस बार आलू की फसल लाभकारी साबित नहीं हो रही है। इसकी बड़ी वजह आलू के भाव में आई गिरावट है। मंडी में किसानों को 450 से 550 रुपये क्विंटल की दर से आलू बेचना पड़ रहा है। जनपद में आलू का क्षेत्रफल करीब 400 हेक्टेयर है। जिले में आलू की औसत उत्पादकता 350 क्विंटल प्रति हेक्टेयर है।  किसानों का कहना है कि कम भाव के चलते आलू की खेती में मुनाफा नहीं रहा है। जो भाव इस समय चल रहा है इससे तो आलू की लागत भी नहीं निकल पा रही है। किसानों की परेशानी को देखते हुए प्रदेश सरकार ने 650 रुपये प्रति क्विंटल की दर से आलू खरीद कराने घोषणा की है। जिससे किसानों को इससे कम दर पर आलू को ना बेचना पड़े। 

यह खरीद सिर्फ किसानों से ही होगी। मंडल में सहारनपुर और शामली मंडी में बाजार हस्तक्षेप योजना के तहत आलू की खरीद सोमवार से शुरू हो जाएगी। इसमें किसानों को आधार कार्ड और खतौनी की नकल को साथ लेकर आना होगा। आलू का भुगतान आरटीजीएस या निफ्ट के माध्यम से किसान के बैंक खाते में भेजा जाएगा।  

बाजार हस्तक्षेप योजना के तहत आलू खरीद की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। सोमवार से संभाग की सहारनपुर और शामली मंडी में आलू की खरीद शुरू हो जाएगी। किसानों से प्रदेश सरकार द्वारा घोषित 650 रुपये प्रति क्विंटल की दर से आलू खरीदा जाएगा।  - रिंकी जायसवाल  उप निदेशक मंडी

आलू खरीद के मानक
-आलू का आकार 45 से 85 एमएम व्यास का हो।
-आलू छंटाई कराकर लिया जाएगा।
-आलू बिना मिट्टी लगा, साफ, पका हुआ एवं रोगमुक्त हो।
-आलू कटा-फटा और हरा नहीं होना चाहिए। 

01:21 PM, 20-Mar-2023

बिजनौर में गुलदार की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत, ले चुका है महिला की जान

बिजनौर जनपद के नगीना में गुलदार का आतंक अभी कम होने का नाम तो ले नहीं रहा लेकिन आसपास के अन्य गांव में भी गुलदार की दस्तक ने वन विभाग के कर्मचारियों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं। बीती रात नगर नगीना से सटे ग्राम कोटरा की घनी आबादी के बीच एक खाली पड़े मकान में गुलदार की दस्तक ने गांव वालों की नींद उड़ा दी।

रात के समय अधिकतर घरों के दरवाजे बंद होने के चलते हादसा होने से बच गया। ग्राम कस्बा कोटरा नगीना में स्थित मां देवी मां दुर्गा के मंदिर के ठीक सामने स्थित है। कस्बा कोटरा में गुलदार की दस्तक की सूचना से  नगीना  नगर के लोग भी सहम गए हैं। 

12:45 PM, 20-Mar-2023
बिजली कर्मी व अधिकारी काम पर लौटे - फोटो : अमर उजाला

हड़ताल खत्म होने के बाद बिजली दफ्तरों में पहुंचे कर्मी और अधिकारी

विद्युत कर्मियों की हड़ताल समाप्त होने के बाद बागपत में सोमवार को एक बार फिर से बिजली दफ्तरों में रौनक लौट आई। सभी अधिकारी व कर्मचारी काम पर लौट आए। जिसके चलते उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान होना शुरू हो गया।

गुरुवार रात 10 बजे से 13 सूत्रीय मांगों को ऊर्जा मंत्री के साथ हुए समझौता के बाद भी मांग पूरी न होने के विरोध में विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले 8 संगठनों ने 72 घन्टे की हड़ताल शुरू कर दी थी। इस हड़ताल के कारण व्यवस्था चरमरा गई थी। जगह-जगह फाल्ट आने से 10-12 घन्टे तक बत्ती तक गुल रहने लगी थी। बिजली बिल जमा न होने से राजस्व पर भी ब्रेक लग गया था। सभी विद्युतकर्मी बड़ौत स्थित 132/33केवीए पर धरनारत थे।

रविवार को दोपहर लखनऊ में समझौते के तहत 65 घंटे हड़ताल समाप्त हो गई थी। हड़ताल समाप्त होने के बाद सभी कर्मचारी काम पर वापस लौट गए थे। सोमवार को सभी बिजली दफ्तरों पर रौनक लौट आई। जिले में स्थित 4 विद्युत वितरण खंड, शिकायत केंद्र पर सभी अधिकारी व कर्मचारी कार्य में व्यस्त नजर आए। बिजली बिल भी जमा होने शुरू हो गए। इसके अलावा जिले में जिस भी फीडर व लाइन में फाल्ट आया हुआ था, उसे ठीक करा दिया गया।

12:41 PM, 20-Mar-2023
रोजगार मेले में उमड़े अभ्यर्थी - फोटो : अमर उजाला

बागपत में रोजगार मेले में उमड़े अभ्यर्थी, कंपनियों ने लिए साक्षात्कार

उत्तर प्रदेश के बड़ौत में दिगम्बर जैन महाविद्यालय में वृहद रोजगार मेले का आयोजन सोमवार को किया गया। इस रोजगार मेले में विभिन्न सेक्टर की 34 कंपनियां शामिल हो रही हैं। सुबह से ही मेले में रोजगार पाने के लिए युवक-युवतियों की काफी भीड़ उमड़ी रही। बनाए गए काउंटर पर सभी ने अपना पंजीकरण कराया और उसके बाद कंपनियों द्वारा पंजिकृत अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए।
 
 
कार्यक्रम में बागपत सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह भी रोजगार मेले में पहुंचकर युवाओं को संबोधित किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को प्रोफेशनल शिक्षा ग्रहण कर आगे बढ़ने को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एकेडमिक शिक्षा के साथ इस समय प्रोफेशनल कोर्स की महत्ता भी बेहद आवश्यक हो गई है। यह आयोजन जिला सेवायोजन, आईटीआई, कौशल विकास किशन के द्वारा किया गया था। साक्षात्कार के बाद अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर भी दिए गए।

11:40 AM, 20-Mar-2023

गाजियाबाद के नंदग्राम थाना पुलिस ने ई-ब्लाक में 17 दिन पहले हुई पिकअप चालक कपिल चौधरी (43) की हत्या का खुलासा किया है। पत्नी शिवानी ने ही मोबाइल रिपेयर की दुकान करने वाले 20 वर्षीय प्रेमी अंकुश से पति कपिल की हत्या कराई। 

महिला प्रेमी के साथ रहना चाहती थी। इसमें कपिल बाधक बन रहा था। हत्या कराने के लिए शिवानी ने खुद प्रेमी को तमंचा चलाना भी सिखाया था। आरोपी शिवानी मेरठ के फलावदा की रहने वाली है। वारदात से उसने पति को नींद की गोलियां खिला दी थीं। वारदात में पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है।

एसीपी नंदग्राम आलोक दुबे ने बताया कि तीन मार्च को शिवानी ने सूचना दी थी कि कपिल चौधरी ने गोली मारकर आत्महत्या का प्रयास किया है। बाद में उसकी दिल्ली के अस्पताल में मौत हो गई थी। शिवानी ने बताया था कि आर्थिक तंगी में पति ने खुदकुशी की है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने राज खोल दिया। कपिल के सिर में बांयीं ओर गोली लगी थी, जबकि वह दाएं हाथ से काम करता था। शक होने पर तमंचे को फिंगर प्रिंट की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया।

11:32 AM, 20-Mar-2023

बागपत के बिनौली में निराश्रित पशु फसल को फसल को तो नुकसान पहुंचा ही रहे हैं, ग्रामीणों की पर हमला कर उनकी जान भी ले रहे हैं। शनिवार को गांव तितरौदा में निराश्रित सांड़ ने एक ग्रामीण को उठाकर पटक दिया और उसके बाद भी उन्हें कई टक्कर मारीं। उपचार के दौरान ग्रामीण की मौत हो गई।

तितरौदा गांव निवासी इशब खान (57) शनिवार की शाम घर से गांव में ही किसी कार्य से बाहर निकले थे, इस दौरान गांव में घूम रहे एक निराश्रित सांड़ ने उन्हें उठाकर जमीन पर पटक दिया और कई टक्कर भी मारीं। ग्रामीणों ने काफी प्रयास कर सांड़ को खदेड़ा और इशब खान को निजी चिकित्सक के यहां ले जाकर उपचार कराया। शनिवार रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना से परिवार में गमगीन माहौल हो गया। ग्रामीण मनोज कुमार, जितेंद्र, जरीफ, अशरफ, अनिल, रफीक आदि ने प्रशासन से परिवार की आर्थिक मदद करने की मांग की है।

11:11 AM, 20-Mar-2023

Meerut News Live: याकूब की संपत्ति होगी जब्त, धर्मांतरण मामले में तीन पर केस, हत्या मामले में युवक को उम्रकैद

सहारनपुर जनपद के मोहल्ला खान आलमपुरा में छेड़छाड़ से आहत होकर एक किशोरी ने जहर खाकर जान दे दी। किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

किशोरी (14) थाना जनकपुरी के मोहल्ला खान आलमपुरा की रहने वाली थी। किशोरी के पिता का आरोप है कि मोहल्ले का ही एक युवक सुहैल उनकी बेटी के साथ छेड़खानी करता था और घर आते जाते समय उसे परेशान करता था। इसी वजह से उनकी बेटी ने जहर खाकर जान दी है। पुलिस ने युवक के खिलाफ छेड़छाड़ और किशोरी को आत्महत्या करने के लिए उकसाने, पोक्सो एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने रिपोर्ट दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी युवक की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें